विज्ञापन

अदाणी पावर की कमाई में शानदार उछाल, दूसरी तिमाही में मुनाफा 141 प्रतिशत बढ़कर 7,019 करोड़ रुपए हुआ

वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही (Q2 FY27) में, तेज आर्थिक विकास और कमजोर मॉनसून के कारण भारत में बिजली की मांग 11.5% बढ़कर 502 बिलियन यूनिट हो गई, जो वित्त वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही (Q2 FY26) के मुकाबले अधिक है.

अदाणी पावर की कमाई में शानदार उछाल, दूसरी तिमाही में मुनाफा 141 प्रतिशत बढ़कर 7,019 करोड़ रुपए हुआ
अदाणी पावर लिमिटेड 2032 तक 100 गीगावाट नई थर्मल पावर क्षमता जोड़ने की जरूरत को पूरा करने में सबसे आगे है. (फोटो-एनडीटीवी)
  • कंपनी के लाभ में 141.5 प्रतिशत की वृद्धि मुख्यतः मजबूत EBITDA और एकमुश्त आय के कारण हुई है
  • कोयला आधारित बिजली संयंत्रों का कुल प्लांट लोड फैक्टर वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में बढ़कर 68% हो गया
  • वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में पीक पावर डिमांड 270 गीगावाट हुई, जो पिछले वर्ष से 18 प्रतिशत अधिक है
अहमदाबाद:

देश की सबसे बड़ी निजी थर्मल पावर उत्पादक कंपनी अदाणी पावर ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार वित्तीय नतीजे दर्ज किए हैं. कंपनी का समेकित शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 141.5 प्रतिशत बढ़कर 7,019.32 करोड़ रुपए पहुंच गया, जबकि पिछले वर्ष की समान तिमाही में यह 2,906.46 करोड़ रुपए था. कंपनी की कुल आय में भी मजबूत वृद्धि दर्ज की गई. दूसरी तिमाही में कुल राजस्व 39.4 प्रतिशत बढ़कर 19,950.60 करोड़ रुपए हो गया, जो एक साल पहले 14,307.79 करोड़ रुपए था. इसी दौरान ईबीआईटीडीए 45.7 प्रतिशत बढ़कर 8,743.22 करोड़ रुपए पर पहुंच गया.

क्यों हुआ इतना लाभ

संचालन आधारित प्रदर्शन की बात करें तो परिचालन से राजस्व 29.8 प्रतिशत बढ़कर 17,014.06 करोड़ रुपए रहा, जबकि निरंतर परिचालन ईबीआईटीडीए 18.5 प्रतिशत बढ़कर 6,320.97 करोड़ रुपए हो गया. चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में कंपनी का प्रदर्शन और भी मजबूत रहा. अप्रैल-सितंबर अवधि में शुद्ध लाभ लगभग दोगुना होकर 11,885.92 करोड़ रुपए पहुंच गया, जबकि कुल राजस्व 36 प्रतिशत बढ़कर 39,272.90 करोड़ रुपए हो गया. नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) शेरसिंह बी. ख्यालिया ने कहा कि अदाणी पावर लगातार नए मुकाम हासिल कर रही है और लाभप्रदता तथा परियोजना क्रियान्वयन दोनों क्षेत्रों में मजबूत प्रदर्शन कर रही है. उन्होंने कहा कि भारत की दीर्घकालिक बिजली जरूरतों को पूरा करने में घरेलू कोयला-आधारित बिजली की भूमिका पहले से अधिक महत्वपूर्ण बनती जा रही है.

पावर मार्केट अपडेट

कंपनी के अनुसार, दूसरी तिमाही के दौरान भारत में बिजली की मांग 11.5 प्रतिशत बढ़कर 502 बिलियन यूनिट हो गई. कुल बिजली आपूर्ति में कोयला और लिग्नाइट आधारित उत्पादन की हिस्सेदारी 66 प्रतिशत रही. इसी अवधि में देश की पीक बिजली मांग 18 प्रतिशत बढ़कर 270 गीगावाट तक पहुंच गई. बढ़ती मांग का लाभ अदाणी पावर को भी मिला. कंपनी की बिजली बिक्री दूसरी तिमाही में बढ़कर 26.4 बिलियन यूनिट हो गई, जबकि पिछले वर्ष समान अवधि में यह 23.7 बिलियन यूनिट थी. कंपनी का प्लांट लोड फैक्टर (पीएलएफ) भी 62.8 प्रतिशत से बढ़कर 70.1 प्रतिशत हो गया, जबकि कुल परिचालन क्षमता 18,150 मेगावाट रही.

वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही के दौरान, इंडियन एनर्जी एक्सचेंज पर 'डे-अहेड मार्केट' की क्लियरिंग प्राइस सालाना आधार पर 46% बढ़कर 5.7 रुपये प्रति यूनिट हो गई. इसी तरह, 'रियल-टाइम मार्केट' की क्लियरिंग प्राइस भी सालाना आधार पर 49% बढ़कर 5.2 रुपये प्रति यूनिट हो गई.

यह भी पढ़ें-

अदाणी एनर्जी का मुनाफा 145% उछला, ₹1,364 करोड़ हुआ नेट प्रॉफिट, आय में 51% की तगड़ी बढ़त

(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Adani Power Limited, Adani Group
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com