विज्ञापन

अदाणी एनर्जी का मुनाफा 145% उछला, ₹1,364 करोड़ हुआ नेट प्रॉफिट, आय में 51% की तगड़ी बढ़त

Adani Energy Q2 Results: अदाणी ग्रुप की कंपनी AESL ने Q2 के शानदार नतीजे जारी किए . कंपनी का मुनाफा दो गुना से ज्यादा उछला.जानिए कंपनी की आय, रिकॉर्ड EBITDA और ₹87,000 करोड़ के ऑर्डर बुक की हर डीटेल...

अदाणी एनर्जी का मुनाफा 145% उछला, ₹1,364 करोड़ हुआ नेट प्रॉफिट, आय में 51% की तगड़ी बढ़त
Adani Energy Solutions Q2 FY27 results: अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस ने सितंबर तिमाही में दर्ज की रिकॉर्ड ग्रोथ.
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स

Adani Energy Q2 Results: अदाणी ग्रुप की कंपनी अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस ने सितंबर तिमाही में दमदार प्रदर्शन किया है. कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 145% बढ़कर ₹1,364 करोड़ पहुंच गया. वहीं, कंपनी की कुल आय में 51% की बढ़त दर्ज की गई. EBITDA भी 67% उछलकर रिकॉर्ड ₹3,548 करोड़ पर पहुंच गया. कंपनी ने पहली छमाही में भी मजबूत प्रदर्शन किया है.

नेट प्रॉफिट और आय में बड़ी बढ़त

अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (AESL) ने गुरुवार को वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए. जुलाई से सितंबर 2026 के दौरान कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट ₹1,364 करोड़ रहा. पिछले साल की इसी तिमाही में यह ₹557 करोड़ था. कंपनी की कुल आय भी 51% बढ़कर ₹10,239 करोड़ हो गई, जो पिछले साल इसी तिमाही में ₹6,767 करोड़ थी. वहीं, ऑपरेशनल रेवेन्यू भी 51% बढ़कर ₹7,167 करोड़ रहा.

EBITDA रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा

सितंबर तिमाही में कंपनी का EBITDA 67% बढ़कर ₹3,548 करोड़ हो गया. यह कंपनी का अब तक का सबसे ऊंचा तिमाही EBITDA है. वहीं, ऑपरेशनल EBITDA 68% बढ़कर ₹3,070 करोड़ रहा. वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही यानी अप्रैल से सितंबर के दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट 137% बढ़कर ₹2,600 करोड़ पहुंच गया. इस दौरान कुल आय 46% बढ़कर ₹20,092 करोड़ रही. छमाही EBITDA 62% बढ़कर रिकॉर्ड ₹6,726 करोड़ और ऑपरेशनल EBITDA 70% बढ़कर ₹5,878 करोड़ हो गया.

कंपनी के मुताबिक, ट्रांसमिशन, स्मार्ट मीटरिंग और एनर्जी सॉल्यूशंस कारोबार की ग्रोथ से नतीजों को सपोर्ट मिला. सर्विस कंसेशन अरेंजमेंट (SCA) से बढ़ी आय का भी कुल आय में योगदान रहा.

₹87,000 करोड़ का ऑर्डर बुक

कंपनी के CEO कंदरप पटेल ने कहा कि वित्त वर्ष की पहली छमाही में कंपनी ने मजबूत वित्तीय और कारोबारी प्रदर्शन किया है. विजाग और सतारा ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट मिलने से कंपनी का एक्टिव ऑर्डर बुक करीब ₹87,000 करोड़ हो गया है.

कंपनी के पास 15 ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट निर्माण के अलग-अलग चरणों में हैं. वहीं, आने वाले समय में ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट्स के टेंडर का मौका करीब ₹1.4 लाख करोड़ का है. पहली छमाही में ट्रांसमिशन पर कैपेक्स 1.7 गुना बढ़कर ₹5,542 करोड़ रहा, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह ₹3,343 करोड़ था. तिमाही में ट्रांसमिशन सिस्टम की औसत उपलब्धता 99.8% से ज्यादा रही.

स्मार्ट मीटरिंग और बिजली कारोबार 

कंपनी ने पहली छमाही के अंत तक कुल 1.482 करोड़ स्मार्ट मीटर लगाने का काम पूरा कर लिया था. वहीं, 10 प्रोजेक्ट्स में 2.46 करोड़ मीटर लगाने का काम जारी था. इनसे कंपनी को ₹29,519 करोड़ के रेवेन्यू की संभावना है.

AESL ने महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (MSEDCL) के साथ 2,500 मेगावाट यानी 2.5 GW बिजली की सप्लाई के लिए 25 साल का पावर परचेज एग्रीमेंट भी किया है. यह बिजली दिन-रात यानी राउंड-द-क्लॉक सप्लाई की जाएगी. मुंबई में अदाणी इलेक्ट्रिसिटी मुंबई लिमिटेड की बिजली बिक्री 11% बढ़कर 2,930 मिलियन यूनिट रही. पिछले साल इसी तिमाही में यह 2,650 मिलियन यूनिट थी. वहीं, मुंद्रा यूटिलिटी कारोबार में बिजली बिक्री 26% बढ़कर 460 मिलियन यूनिट हो गई, जो एक साल पहले 364 मिलियन यूनिट थी.

अलग-अलग कारोबार से कितनी कमाई हुई?

ट्रांसमिशन कारोबार का ऑपरेटिंग रेवेन्यू 17% बढ़कर ₹1,521 करोड़ रहा. डिस्ट्रीब्यूशन कारोबार (AEML और MUL) का रेवेन्यू 2% बढ़कर ₹3,181 करोड़ पहुंच गया. स्मार्ट मीटरिंग का ऑपरेटिंग रेवेन्यू 129% बढ़कर ₹267 करोड़ रहा, जबकि एनर्जी सॉल्यूशंस कारोबार का रेवेन्यू ₹2,197 करोड़ रहा.

कंपनी ने क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) के जरिए ₹3,500 करोड़ जुटाए. इसके अलावा, निवेशकों से प्राइमरी और सेकेंडरी इक्विटी निवेश भी मिला. S&P Global के ताजा आकलन में कंपनी का ESG स्कोर 81 से बढ़कर 90/100 हो गया. वहीं, इंडस्ट्री का औसत स्कोर 41 रहा.

अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस के शेयरों का हाल

अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस का शेयर ₹1,234.70 पर करोबार कर रहा है. एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, शेयर का 52 हफ्ते का हाई ₹1,789 और 52 वीक लो ₹804.70 रहा.

यह भी पढ़ें | NDTV World Summit 2026: Zerodha बंद हो जाए तो क्या करेंगे? निखिल कामत ने बताया ₹10 लाख वाला बिजनेस प्लान

(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Adani Energy Solutions Q2 Results, Adani Energy Solutions Net Profit, Adani Energy Solutions News, Adani Energy Solutions Profit, Adani Energy Solutions Share Price
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com