अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड की इकाई कच्छ कॉपर लिमिटेड (केसीएल) ने प्रतिष्ठित वेरामार्क एश्योरेंस (पहले कॉपर मार्क) प्रमाणन हासिल कर लिया है. इसके साथ ही कच्छ कॉपर लिमिटेड यह मान्यता पाने वाली भारत की पहली कंपनी बन गई है. कच्छ कॉपर एक ही स्थान पर बने तांबा गलाने वाले दुनिया के सबसे बड़े संयंत्रों में से एक का संचालन करती है.
किसे मिलता है 'कॉपर मार्क'
वेरामार्क एश्योरेंस, जिसे पहले कॉपर मार्क के नाम से जाना जाता था, तांबा, निकल और जिंक के उत्पादन और आपूर्ति से जुड़ी कंपनियों के लिए एक प्रमुख स्वतंत्र मूल्यांकन व्यवस्था है. यह प्रमाण पत्र उन कारखानों को दिया जाता है, जो पर्यावरण, सामाजिक जिम्मेदारी और कॉरपोरेट प्रशासन (ईएसजी) से जुड़े कड़े मानकों पर स्वतंत्र विशेषज्ञों की जांच में खरे पाए जाते हैं.
अडानी नेचुरल रिसोर्सेज के सीईओ और कच्छ कॉपर के प्रबंध निदेशक डॉ. विनय प्रकाश ने कहा,''कॉपर मार्क हासिल करना किसी भी भारतीय उत्पादक के लिए पहली उपलब्धि है. यह टिकाऊ और जिम्मेदारी के साथ उत्पादन करने की हमारी प्रतिबद्धता को दिखाता है. इस उपलब्धि के साथ कच्छ कॉपर दुनिया की उन चुनिंदा प्रमुख कंपनियों में शामिल हो गई है, जो अंतरराष्ट्रीय मानकों का पालन करती हैं.''
प्रकाश ने कहा कि दुनिया में बिजली के बढ़ते इस्तेमाल, नवीकरणीय ऊर्जा, आधुनिक परिवहन और बुनियादी ढांचे के विकास में तांबे की भूमिका लगातार बढ़ रही है. ऐसे में कच्छ कॉपर पर्यावरण और सामाजिक जिम्मेदारियों के उच्चतम वैश्विक मानकों का पालन करते हुए भारत की जरूरत के मुताबिक अच्छी गुणवत्ता वाला तांबा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है.
कच्छ कॉपर ने कॉपर मार्क के जिम्मेदार उत्पादन से जुड़े मानकों और संयुक्त उचित जांच मानक (Joint Due Diligence Standard) के तहत स्वतंत्र मूल्यांकन सफलतापूर्वक पूरा किया है. इसके साथ ही वह कॉपर मार्क की मान्यता पाने वाली भारत की पहली तांबा उत्पादक कंपनी बन गई है. यह प्रमाण पत्र कंपनियों को यह साबित करने में मदद करता है कि उनका उत्पादन अंतरराष्ट्रीय मानकों के मुताबिक है. इससे संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में भी मदद मिलती है. इनमें खास तौर पर लक्ष्य-12 शामिल है, जो जिम्मेदारी के साथ उत्पादन और खपत पर जोर देता है.
दुनिया में तेजी से बढ़ती कॉपर की मांग
दुनिया की कई बड़ी खनन और धातु कंपनियां इस वेरामार्क एश्योरेंस या कॉपर मार्क व्यवस्था से जुड़ी हैं. इनमें बीएचपी, रियो टिंटो, फ्रीपोर्ट-मैकमोरन, एंटोफागास्टा और ऑरुबिस जैसी कंपनियां शामिल हैं. यह व्यवस्था पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देती है. इसके तहत समय-समय पर कंपनियों के कामकाज का दोबारा मूल्यांकन किया जाता है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे जिम्मेदार उत्पादन से जुड़े बदलते वैश्विक मानकों का लगातार पालन कर रही हैं.
नवीकरणीय ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहनों, बिजली वितरण, डिजिटल बुनियादी ढांचे और आधुनिक उद्योगों के तेजी से विस्तार के कारण दुनिया में तांबे की मांग बढ़ रही है. ग्राहक, निवेशक और आपूर्ति से जुड़ी कंपनियां अब ऐसे उत्पादकों को प्राथमिकता दे रही हैं, जो जिम्मेदारी के साथ कच्चे माल की खरीद और टिकाऊ उत्पादन के कड़े मानकों का पालन करते हैं.
ये भी पढ़ें: रूस और यूक्रेन के बीच युद्धबंदियों की रिहाई को लेकर बनी सहमति, अबू धाबी में फैसला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं