अदाणी ग्रुप की कंपनी APSEZ यानी अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड ने गुरुवार को यूरोप की दूसरी सबसे बड़ी स्वतंत्र लिक्विड स्टोरेज ऑपरेटर इवोस BV का अधिग्रहण किया. कंपनी ने ऑल-कैश डील में 2.56 बिलियन यूरो की एंटरप्राइस वैल्यू पर ये अधिग्रहण किया. इस समझौते के तहत, APSEZ, इग्निओ इंफ्रास्ट्रक्चर पार्टनर्स से इवोस में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगी.
इस सौदे में इवोस का इक्विटी मूल्य 1.18 बिलियन यूरो आंका गया है और इस आधार पर अधिग्रहण मल्टीपल सीवाई25 के ईवी/EBITDA का 11.7 गुना है. इस सौदे के लिए फंड कर्ज के जरिए जुटाया जाएगा. साथ ही, इसके लिए रेगुलेटरी मंजूरियों और वर्क्स काउंसिल कंसल्टेशन की प्रक्रिया पूरी होनी बाकी है.
पूरी तरह से कैश में डील
कंपनी ने बयान में कहा, "भारत के सबसे बड़े और दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों में से एक, APSEZ ने नीदरलैंड स्थित 'इवोस बी.वी.' में 'इग्नियो इंफ्रास्ट्रक्चर पार्टनर्स' की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने का समझौता किया है. यह एक पूरी तरह से कैश डील है, जिसमें कंपनी की एंटरप्राइज वैल्यू 2.56 बिलियन यूरो आंकी गई है."
इवोस ने कैलेंडर वर्ष 2025 में 392 मिलियन यूरो की आय और 219 मिलियन यूरो का EBITDA दर्ज किया है, जो 56 प्रतिशत का मजबूत EBITDA मार्जिन दर्शाता है.
इस अधिग्रहण के बाद, संयुक्त इकाई का प्रो-फॉर्मा नेट डेट-टू-EBITDA अनुपात 2.76 गुना रहने की उम्मीद है, जो वित्त वर्ष 2027 तक घटकर लगभग 2.5 गुना हो जाएगा.
डील पर क्या बोले MD करण अदाणी
इस डील पर APSEZ के प्रबंध निदेशक करण अदाणी ने कहा कि यह अधिग्रहण कंपनी के उस सफर में एक अहम पड़ाव है, जिसका लक्ष्य एक बिलियन टन कार्गो को संभालना और एक वास्तविक ग्लोबल इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट प्लेटफॉर्म तैयार करना है.
करण अदाणी ने कहा, "APSEZ के लिए 'इवोस' एक महत्वपूर्ण अधिग्रहण है, जो हमें एक बिलियन टन कार्गो संभालने और एक वास्तविक वैश्विक, एकीकृत परिवहन प्लेटफॉर्म बनाने के हमारे लक्ष्य के करीब ले जाता है. हम अपने पोर्टफोलियो में 'इवोस' का स्वागत करते हुए बेहद खुश हैं. इससे हमें दुनिया के प्रमुख लिक्विड स्टोरेज और एनर्जी हब में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करने में मदद मिलेगी."
उन्होंने आगे कहा, "हम यूरोप के साथ साझेदारी करने, वहां सस्टेनेबल एनर्जी ट्रांजिशन में सहयोग देने और दीर्घकालिक मूल्य बनाने के लिए उत्सुक हैं. साथ ही, हम अपनी वित्तीय समझदारी को भी बनाए रखेंगे, जो हमारी विकास यात्रा का आधार है."
नीदरलैंड में मुख्यालय वाली 'इवोस' नीदरलैंड, जर्मनी, स्पेन, बेल्जियम और माल्टा में रणनीतिक रूप से स्थित आठ बंदरगाह-आधारित टर्मिनलों के जरिए 6.3 मिलियन क्यूबिक मीटर की स्टोरेज क्षमता का संचालन करती है. कंपनी की उपस्थिति प्रमुख ऊर्जा और औद्योगिक केंद्रों में है, जिनमें एम्स्टर्डम-रॉटरडैम-एंटवर्प क्षेत्र, हैम्बर्ग और भूमध्यसागरीय क्षेत्र शामिल हैं.
यह भी पढ़ें | अदाणी पोर्ट्स की आय 24 फीसदी बढ़ी, मुनाफा 3622 करोड़ हुआ, Q2 में लॉजिस्टिक और मरीन बिजनेस ग्रोथ से मिला सपोर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं