Gautam Adani AGM 2026: अदाणी ग्रुप की एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) में चेयरमैन गौतम अदाणी ने निवेशकों और शेयरधारकों को ग्रुप की उपलब्धियों, बड़े निवेश और फ्यूचर प्लान के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि चुनौतियों के बावजूद अदाणी ग्रुप ने अपनी रफ्तार नहीं रोकी और भारत के विकास में योगदान देने के लिए लगातार निवेश करता रहा. गौतम अदाणी ने साफ शब्दों में कहा, "जब दूसरे लोग बहस कर रहे थे, तब आपका ग्रुप तेजी से आगे बढ़ रहा था... हम न तो झुके और न ही कहीं रुके".अदाणी ग्रुप की AGM में गौतम अदाणी ने पावर, पोर्ट्स, एयरपोर्ट, डेटा सेंटर, हेल्थकेयर, डिफेंस, सीमेंट और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कई बड़े ऐलान किए. जानिए अदाणी ग्रुप AGM के 10 बड़े अपडेट्स...
1. भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर पर 1.5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश
गौतम अदाणी ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में अदाणी ग्रुप ने इंफ्रास्ट्रक्चर पर 1.5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश किया. यह देश के कुल नए निजी निवेश का 30 फीसदी से ज्यादा हिस्सा रहा. उन्होंने कहा कि ग्रुप आने वाले वर्षों में भी भारत के विकास को गति देने वाले प्रोजेक्ट्स में निवेश जारी रखेगा.
2. अदाणी पावर का बड़ा लक्ष्य, 5 साल में 45 GW क्षमता
अदाणी पावर इस समय देश के सबसे बड़े प्राइवेट पावर एक्सपेंशन प्रोगाम पर काम कर रही है. इसके लिए 2 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश किया जा रहा है. कंपनी अगले पांच वर्षों में 45 गीगावाट बिजली उत्पादन क्षमता हासिल करने का लक्ष्य लेकर चल रही है.
3. भूटान में 5,000 मेगावाट हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट
अदाणी ग्रुप ने भूटान की कंपनी ड्रुक ग्रीन पावर कॉरपोरेशन (DGPC) के साथ साझेदारी का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि दोनों कंपनी मिलकर 5,000 मेगावाट हाइड्रोपावर क्षमता विकसित करेंगे. यह साझेदारी क्षेत्रीय ऊर्जा सहयोग को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है.
4. 2035 तक 10 GW न्यूक्लियर पावर क्षमता का लक्ष्य
गौतम अदाणी ने कहा कि अदाणी एटॉमिक एनर्जी के जरिए ग्रुप न्यूक्लियर पावर सेक्टर में भी कदम बढ़ा रहा है. इसके लिए जमीन की पहचान की जा चुकी है और 2035 तक 10 गीगावाट न्यूक्लियर पावर क्षमता विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है.
5. अदाणी पोर्ट्स ने बनाया रिकॉर्ड, 2030 तक 1 अरब टन कार्गो का लक्ष्य
अदाणी पोर्ट्स ने वित्त वर्ष 2025-26 में 50 करोड़ टन से ज्यादा कार्गो हैंडलिंग का रिकॉर्ड बनाया है. इसके साथ ही कंपनी ने 2030 तक 1 अरब टन कार्गो हैंडलिंग का लक्ष्य तय किया है. वहीं केरल का विझिंजम पोर्ट पहले ही साल में 10 लाख TEU का आंकड़ा पार करने में सफल रहा.
6. नवी मुंबई और गुवाहाटी दुनिया के सात सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट्स में शामिल
गौतम अदाणी ने कहा कि नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का ऑपरेशन शुरू होना भारतीय एविएशन सेक्टर के लिए बड़ा कदम है. यह एयरपोर्ट हर साल 9 करोड़ यात्रियों को संभालने की क्षमता रखता है. इसके साथ ही नवी मुंबई और गुवाहाटी एयरपोर्ट को दुनिया के सात सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट्स की लिस्ट में शामिल किया गया है.
7. डेटा सेंटर कारोबार में बड़ा विस्तार
अदाणी ग्रुप 2030 तक 3 गीगावाट डेटा सेंटर क्षमता विकसित करने की दिशा में काम कर रहा है. इस दौरान विशाखापत्तनम में गीगावाट स्तर के डेटा सेंटर प्रोजेक्ट के लिए गूगल के साथ समझौता भी किया गया है. गौतम अदाणी ने कहा कि यह भारत की बढ़ती डिजिटल जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगा.
8. सीमेंट और माइनिंग कारोबार में तेज बढ़ोतरी
अदाणी ग्रुप की माइनिंग क्षमता बढ़कर 145 मिलियन टन प्रति वर्ष के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है. वहीं सीमेंट कारोबार की कुल क्षमता बढ़कर 110 मिलियन मेट्रिक टन प्रति वर्ष हो गई है. अदाणी ग्रुप देश के कई बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को सीमेंट की आपूर्ति भी कर रहा है.
9. डिफेंस और एयरोस्पेस सेक्टर में बढ़ाया फोकस
अदाणी ग्रुप ने डिफेंस और एयरोस्पेस कारोबार को मजबूत करने के लिए लियोनार्डो और एम्ब्रेयर जैसी ग्लोबल कंपनियों के साथ साझेदारी की है. इसके तहत भारत में हेलीकॉप्टर और रीजनल एयरक्राफ्ट मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ा इकोसिस्टम विकसित किया जाएगा. ग्रुप के ड्रोन, एंटी-ड्रोन सिस्टम, मिसाइल और गोला-बारूद का इस्तेमाल ऑपरेशन सिंदूर में भी किया गया.
10. हेल्थकेयर और स्किल डेवलपमेंट पर बड़ा जोर
गौतम अदाणी ने बताया कि अहमदाबाद और मुंबई में अदाणी हेल्थ सिटी विकसित की जाएगी, जहां 1,000 बेड वाले मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और रिसर्च सेंटर बनाए जाएंगे. इसके अलावा ग्रुप देश के ग्रामीण इलाकों में 1.25 लाख से ज्यादा युवाओं को स्किल ट्रेनिंग देकर रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी काम कर रहा है.
बता दें कि अदाणी ग्रुप ने वित्त वर्ष 2026 में शानदार प्रदर्शन किया है, जिससे ग्रुप की कुल सालाना कमाई (रेवेन्यू) 7.4% की बढ़त के साथ करीब 2.92 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गई है. यह तेजी ग्रुप के इंफ्रास्ट्रक्चर, एनर्जी, लॉजिस्टिक्स और इंडस्ट्रियल बिजनेस में लगातार हो रहे विस्तार की वजह से आई है. वहीं, ग्रुप के शुद्ध मुनाफे (Profit After Tax) में पिछले साल के मुकाबले 13.9% का जोरदार उछाल आया है और यह बढ़कर 46,376 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि इस दौरान कंपनी का ऑपरेटिंग कैश फ्लो भी 67,995 करोड़ रुपये हो गया.
ये भी पढ़ें- Adani AGM: मजबूत हुई वित्तीय सेहत... AI और डेटा सेंटर्स से पोर्ट्स-एयरपोर्टस तक गौतम अदाणी ने बताया भविष्य का रोडमैप
(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं