विज्ञापन

अदाणी ग्रुप की ACC सीमेंट कंपनी का दूसरी तिमाही में शानदार प्रदर्शन, 5,689 करोड़ का राजस्व मिला

अदाणी ग्रुप के एसीसी लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए. दूसरी तिमाही में परिचालन से आय 5,689 करोड़ रुपए रही है. इस दौरान ऑपरेटिंग ईबीआईटीडीए 401 करोड़ रुपए रहा है.

अदाणी ग्रुप की ACC सीमेंट कंपनी का दूसरी तिमाही में शानदार प्रदर्शन, 5,689 करोड़ का राजस्व मिला
ACC सीमेंट कंपनी दूसरी तिमाही प्रदर्शन शानदार
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स

अदाणी ग्रुप के एसीसी लिमिटेड ने मंगलवार (27 अक्टूबर) को वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए. इस दौरान कंपनी का प्रदर्शन मजबूत रहा है और सीमेंट बिक्री 9.7 मिलियन टन रही. कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही में परिचालन से आय 5,689 करोड़ रुपए रही है. इस दौरान ऑपरेटिंग ईबीआईटीडीए 401 करोड़ रुपए रहा है. वहीं,ईबीआईटीडीए मार्जिन 7 प्रतिशत था. इस तिमाही में एसीसी की सीमेंट बिक्री 9.7 मिलियन टन रही. साथ ही, व्यापारिक बिक्री का हिस्सा सालाना आधार पर 7 प्रतिशत अंक बढ़कर 78 प्रतिशत हो गया.

व्यापारिक बिक्री में प्रीमियम उत्पादों की हिस्सेदारी 47 प्रतिशत रही, जो पिछली तिमाही के मुकाबले 3 प्रतिशत अधिक है. वहीं, ब्लेंडेड सीमेंट की हिस्सेदारी पिछले साल की इसी तिमाही के 78 प्रतिशत से बढ़कर 85 प्रतिशत हो गई.

दूसरी तिमाही और पहली छमाही में मजबूत प्रदर्शन

नतीजों पर एसीसी लिमिटेड के पूर्णकालिक निदेशक और सीईओ विनोद बहेती ने कहा, हमने वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही और पहली छमाही में मजबूत प्रदर्शन किया है. इसमें बेहतर सेल्स मिक्स और प्रीमियम उत्पादों की अधिक बिक्री का बड़ा योगदान रहा है. उन्होंने कहा, हालांकि मास्टर सप्लाई एग्रीमेंट के प्रभाव के कारण मौजूदा आंकड़ों की सीधे तौर पर तुलना नहीं की जा सकती, लेकिन हमारे ट्रेड पार्टनर्स के सहयोग से कारोबार की गति काफी उत्साहजनक बनी हुई है.

तिमाही वॉल्यूम सालाना आधार पर 19 प्रतिशत बढ़कर 1.07 मिलियन

कंपनी के 'रेडी-मिक्स कंक्रीट' कारोबार में भी अच्छी तेजी देखने को मिली है. इसका तिमाही वॉल्यूम सालाना आधार पर 19 प्रतिशत बढ़कर 1.07 मिलियन क्यूबिक मीटर तक पहुंच गया है. इस तिमाही के दौरान, ACC ने उत्तर प्रदेश के सलाई बनवां में 2.4 मिलियन टन प्रति वर्ष (MTPA) क्षमता वाली एक नई सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट और महाराष्ट्र के कलंबोली में 1.0 एमटीपीए की अतिरिक्त क्षमता शुरू करके अपने मैन्युफैक्चरिंग दायरे का विस्तार किया.

क्षमता में की गई यह बढ़ोतरी प्रमुख बाजारों में कंपनी की मौजूदगी को मजबूत करेगी और भविष्य की विकास योजनाओं में मददगार साबित होगी. सस्टेनेबिलिटी के मोर्चे पर, कंपनी की 'ग्रीन पावर' हिस्सेदारी एक साल पहले के 30.3 प्रतिशत से बढ़कर 34.4 प्रतिशत हो गई है.

एसीसी ने यह भी बताया कि 2025 के एसएंडपी ग्लोबल कॉर्पोरेट सस्टेनेबिलिटी असेसमेंट (सीएसए) में उसका नेट स्कोर 72 से बढ़कर 82 हो गया है, जबकि उसका ग्रॉस स्कोर 100 में से 89 रहा, जो कि पूरे उद्योग में सबसे बेहतर है.

यह भी पढ़ें | अदाणी पावर की कमाई में शानदार उछाल, दूसरी तिमाही में मुनाफा 141 प्रतिशत बढ़कर 7,019 करोड़ रुपए हुआ

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Adani Group, Adani Group ACC Limited, ACC Limited, ACC Results, Business News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com