देश की राजधानी नई दिल्ली से सटे नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कारोबार और इंडस्ट्रियल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 2 बड़ी प्रोजेक्ट्स पर काम आगे बढ़ रहा है. नोएडा के सेक्टर-25ए और सेक्टर-32 में बिजनेस पार्क और टेक्नोलॉजी हब विकसित करने की तैयारी है. वहीं, ग्रेटर नोएडा के सेक्टर कप्पा-2 में दुबई की कंपनी डीपी वर्ल्ड मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क बनाएगी. दोनों प्रोजेक्ट पूरी होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कमर्शियल और लॉजिस्टिक्स गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. इन दोनों प्रोजेक्ट्स से क्षेत्र में निवेश बढ़ने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है.
नोएडा के दो सेक्टरों में विकसित होगा बिजनेस पार्क
नोएडा अथॉरिटी सेक्टर-25ए और सेक्टर-32 की खाली जमीन का इस्तेमाल व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ाने के लिए करने जा रहा है. यहां बिजनेस पार्क के साथ आधुनिक टेक्नोलॉजी हब डेवलप किए जाएंगे. इस योजना के तहत आईटी कंपनियों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) और दूसरी कमर्शियल कंपनियों को निवेश के लिए जमीन उपलब्ध कराई जाएगी. अथॉरिटी के अधिकारियों के अनुसार, इन दोनों सेक्टरों में लगभग पांच लाख वर्गमीटर जमीन खाली है. इसे अलग-अलग चरणों में डेवलप करने की योजना बनाई गई है. इस प्रोजेक्ट का मकसद नोएडा में नई टेक्नोलॉजी कंपनियों को आकर्षित करना है. इससे आईटी और दूसरे मॉडर्न इंडस्ट्री के विस्तार का रास्ता खुलेगा. साथ ही, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी तैयार हो सकते हैं.
ग्रेटर नोएडा में बनेगा मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क
दूसरी तरफ, ग्रेटर नोएडा में भी एक बड़ी इंडस्ट्रियल प्रोजेक्ट आगे बढ़ रही है. यहां बोड़ाकी-दादरी के पास सेक्टर कप्पा-2 में मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क डेवलपर किया जाएगा. इस प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी दुबई की लॉजिस्टिक्स कंपनी डीपी वर्ल्ड को मिली है. ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के तत्कालीन सीईओ एनजी रवि ने प्रोजेक्ट से जुड़े प्रपोजल उत्तर प्रदेश सरकार को भेजा था. प्रदेश सरकार से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद कंपनी को जमीन आवंटन का पत्र जारी किया जाएगा. इस लॉजिस्टिक्स पार्क के लिए करीब 174.12 एकड़ जमीन निर्धारित की गई है. सितंबर 2026 में आयोजित ई-नीलामी में डीपी वर्ल्ड ने सबसे ऊंची बोली लगाई थी. कंपनी ने 15,180 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से बोली लगाकर प्रोजेक्ट हासिल की.
7 साल में पूरा करना होगा प्रोजेक्ट
लॉजिस्टिक्स पार्क में माल के स्टोरेज और परिवहन के लिए कई आधुनिक सुविधाएं तैयार की जाएंगी. इनमें बड़े वेयरहाउस, कोल्ड स्टोरेज, कंटेनर टर्मिनल और कार्गो हैंडलिंग सिस्टम शामिल होंगे. इसके अलावा कस्टम क्लीयरेंस की सुविधा भी डेवलप की जाएगी. डीपी वर्ल्ड को इस प्रोजेक्ट का निर्माण और विकास 7 साल के भीतर पूरा करना होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं