विज्ञापन

25 दिन में 52 लाख शादियों पर खर्च करेंगे 7.5 लाख करोड़ रुपये! होटल, कैटरिंग से ज्‍वैलरी और इलेक्‍ट्रॉनिक्‍स तक कहां कितने पैसे बरसेंगे

CAIT के अनुमान के मुताबिक, 21 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 तक भारत में 52 लाख शादियां होंगी यानी 1 करोड़ 4 लाख से ज्यादा लोग शादी के बंधन में बंधेंगे. इनसे 7.5 लाख करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है. साथ ही 1.25 करोड़ रोजगार के अस्‍थाई अवसर पैदा हो सकते हैं.

25 दिन में 52 लाख शादियों पर खर्च करेंगे 7.5 लाख करोड़ रुपये! होटल, कैटरिंग से ज्‍वैलरी और इलेक्‍ट्रॉनिक्‍स तक कहां कितने पैसे बरसेंगे
25 दिन में 52 लाख शादियां, 1.25 करोड़ लोगों को अस्‍थाई रोजगार
Source: NDTV Graphics/Canva

देश में शादियों का सीजन इस बार बाजार के लिए बड़ी खुशखबरी लेकर आ रहा है. 21 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 के बीच देशभर में करीब 52 लाख शादियां होने का अनुमान है. देश के सबसे बड़े कारोबारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के मुताबिक, इन शादियों से करीब 7.50 लाख करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है.

इसका फायदा सिर्फ ज्वेलरी और कपड़ों की दुकानों को ही नहीं मिलेगा, बल्कि होटल, कैटरिंग, ट्रांसपोर्ट, फोटोग्राफी, सजावट और इवेंट मैनेजमेंट जैसे कारोबार भी इस सीजन में खूब कमाई कर सकते हैं. CAIT का अनुमान है कि इस दौरान करीब 1.25 करोड़ अस्थायी, मौसमी और अंशकालिक रोजगार के अवसर पैदा होंगे.

यानी अगले 25 दिनों में शादियों की रौनक के साथ बाजार में भी बड़ी हलचल देखने को मिल सकती है.

7.5 लाख करोड़ रुपये में कहां कितने कारोबार का अनुमान?

CAIT की रिपोर्ट के मुताबिक, शादी से जुड़े कुल कारोबार में सामान की खरीदारी और सेवाओं का हिस्सा लगभग बराबर है. हालांकि, वस्तुओं और खुदरा व्यापार पर खर्च थोड़ा ज्यादा रहने का अनुमान है.

सामान और खुदरा व्यापार पर 4.05 लाख करोड़ रुपये खर्च का अनुमान है, जबकि सेवाओं पर 3.45 लाख करोड़ खर्च का अनुमान है. इस तरह कुल खर्च  7.50 लाख करोड़ रुपये के पार जा सकता है. 

यानी कुल कारोबार का 54% हिस्सा सामान की खरीदारी से और 46% हिस्सा अलग-अलग सेवाओं से आने की संभावना है.

गहने और कपड़ों पर सबसे ज्यादा खर्च

शादी में खरीदारी की बात हो तो सबसे पहले गहने और कपड़ों का नंबर आता है. CAIT के अनुमान के मुताबिक, इस सीजन में सिर्फ आभूषणों और बहुमूल्य धातुओं पर ही 1.20 लाख करोड़ रुपये खर्च हो सकते हैं. इसके बाद परिधान, साड़ियों और कपड़ों पर करीब 90 हजार करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है.

  • आभूषण और बहुमूल्य मेटल्‍स- 1.20 लाख करोड़ रुपये
  • परिधान, साड़ियां और वस्त्र- 90,000 करोड़ रुपये
  • उपहार और शादी से जुड़ी सामग्री- 37,500 करोड़ रुपये
  • किराना, सब्जियां और खाद्य सामग्री- 37,500 करोड़ रुपये
  • इलेक्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिकल सामान- 30,000 करोड़ रुपये
  • सूखे मेवे, मिठाइयां और कन्फेक्शनरी- 30,000 करोड़ रुपये
  • फर्नीचर, बर्तन और घरेलू सामान- 30,000 करोड़ रुपये
  • अन्य शादी संबंधी सामान- 30,000 करोड़ रुपये

---------------- 
कुल: 4.05 लाख करोड़ रुपये

कैटरिंग, होटल और सजावट के कारोबार को भी बड़ा फायदा

शादियों में अब सिर्फ खरीदारी ही नहीं, बल्कि आयोजन और उससे जुड़ी सेवाओं पर भी बड़ा खर्च होता है. शादी के लिए बैंक्वेट हॉल, होटल, कैटरिंग, डेकोरेशन, फोटोग्राफी और इवेंट मैनेजमेंट जैसी सेवाओं की मांग बढ़ जाती है.

CAIT के मुताबिक, इस सीजन में सेवाओं से करीब 3.45 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है.

  • कैटरिंग और खानपान- 75,000 करोड़ रुपये
  • मैरिज हॉल, बैंक्वेट हॉल और होटल- 60,000 करोड़ रुपये
  • इवेंट मैनेजमेंट और वेडिंग प्लानिंग- 37,500 करोड़ रुपये
  • फूलों की सजावट और वेडिंग डेकोर- 37,500 करोड़ रुपये
  • यात्रा, परिवहन और हॉस्पिटैलिटी- 30,000 करोड़ रुपये
  • संगीत, DJ, लाइट और साउंड- 30,000 करोड़ रुपये
  • फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और डिजिटल कंटेंट- 22,500 करोड़ रुपये
  • ब्यूटी, ग्रूमिंग और वेलनेस सेवाएं- 22,500 करोड़ रुपये
  • अन्य संबंधित सेवाएं- 30,000 करोड़ रुपये

---------------------- 
कुल- 3.45 लाख करोड़ रुपये

दिल्ली-NCR में ही 2.50 लाख करोड़ रुपये का कारोबार

शादी के कारोबार में दिल्ली-NCR की भी बड़ी हिस्सेदारी रहने का अनुमान है. CAIT के मुताबिक, इस क्षेत्र में करीब 5 लाख शादियां हो सकती हैं, जिनसे लगभग 2.50 लाख करोड़ रुपये का कारोबार होने की संभावना है.

दिल्ली के चांदनी चौक, खारी बावली, नया बाजार, सदर बाजार, करोल बाग, लाजपत नगर, कनॉट प्लेस, खान मार्केट, ग्रेटर कैलाश और गांधी नगर जैसे बाजारों में शादी की खरीदारी बढ़ने की उम्मीद है.

दिल्ली देश के बड़े थोक व्यापार केंद्रों में शामिल है. आसपास के राज्यों के कारोबारी और खुदरा विक्रेता भी शादी से जुड़ी खरीदारी के लिए यहां के बाजारों पर निर्भर रहते हैं.

पिछले 5 साल में कितना बढ़ा शादी का कारोबार?

CAIT के आंकड़ों के मुताबिक, भारत की शादी अर्थव्यवस्था में पिछले कुछ वर्षों में लगातार बढ़ोतरी हुई है. 2022 में 3.75 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था, जिसके 2026 में बढ़कर 7.50 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है.

  • 2022 - 32 लाख शादियां- 3.75 लाख करोड़ रुपये का कारोबार
  • 2023 - 38 लाख शादियां- 4.74 लाख करोड़ रुपये का कारोबार
  • 2024 - 48 लाख शादियां- 5.90 लाख करोड़ रुपये का कारोबार
  • 2025 - 46 लाख शादियां- 6.50 लाख करोड़ रुपये का कारोबार
  • 2026 - 52 लाख शादियां- 7.50 लाख करोड़ रुपये का कारोबार

इन आंकड़ों से पता चलता है कि शादी से जुड़े सामान और सेवाओं का बाजार लगातार बड़ा हो रहा है. हालांकि, साल-दर-साल कारोबार में बढ़ोतरी के साथ शादियों की संख्या में उतार-चढ़ाव भी देखने को मिला है.

1.25 करोड़ लोगों को मिलेगा अस्‍थाई रोजगार

शादी के सीजन का फायदा कारोबार के साथ रोजगार के मोर्चे पर भी मिलने की उम्मीद है. CAIT का अनुमान है कि इस दौरान करीब 1.25 करोड़ अस्थायी, मौसमी और अंशकालिक रोजगार के अवसर पैदा होंगे.

इसमें टेंट और डेकोरेशन का काम करने वाले, कैटरर्स, फूल विक्रेता, फोटोग्राफर, वीडियोग्राफर, ब्यूटीशियन, ड्राइवर, होटल कर्मचारी, इवेंट मैनेजर, तकनीशियन और गिफ्ट पैकेजिंग से जुड़े लोग शामिल हैं.

शादी का एक आयोजन कई छोटे कारोबारियों और सेवा प्रदाताओं को काम देता है. इसका फायदा बड़े शहरों के साथ छोटे शहरों और कस्बों के कारोबारियों तक भी पहुंचता है.

छोटे कारोबारियों और स्वदेशी उत्पादों को मिलेगा बढ़ावा

CAIT का कहना है कि शादी का सीजन स्थानीय कारोबार और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का भी बड़ा अवसर है. भारतीय कपड़े, साड़ियां, आभूषण, हस्तशिल्प, फर्नीचर, सजावटी सामान और पारंपरिक उपहार खरीदने से स्थानीय दुकानदारों, कारीगरों और छोटे निर्माताओं को फायदा मिल सकता है.

इसके साथ ही शादी के आयोजन में डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल भी बढ़ रहा है. ऑनलाइन निमंत्रण, डिजिटल पेमेंट, AI आधारित वेडिंग प्लानिंग, कस्टमाइज्ड गिफ्टिंग और सोशल मीडिया कंटेंट जैसी सेवाओं से नए कारोबार के अवसर बन रहे हैं.

CAIT के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल के मुताबिक, शादी का सीजन सिर्फ सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह देश के घरेलू बाजार को गति देने वाली बड़ी आर्थिक गतिविधि भी है. संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया और राष्ट्रीय चेयरमैन बृजमोहन अग्रवाल ने भी इसे व्यापार, रोजगार और स्थानीय उद्योगों के लिए बड़ा अवसर बताया है.

यह भी पढ़ें | बाजार को ₹650000000000 का कारोबार दे गईं छठी मइया, CAIT का दावा- बिहार में बिका ₹20,000 करोड़ का सामान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Wedding Season 2026, Wedding Season Trends, Wedding Market, Cait Delhi, Business News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com