उत्तर प्रदेश के बस्ती जिला मुख्यालय से करीब 16 किलोमीटर दूर मनोरमा नदी के किनारे आज कुछ खेत हैं, कुछ पेड़ हैं और मिट्टी के नीचे दबी हुई एक ऐसी कहानी है, जिसे सुनकर इतिहास की किताबों के पन्ने भी जैसे खामोश हो जाते हैं. नाम है, महुआ डाबर.
आज यहां कोई शहर नहीं है. न बाजार की चहल-पहल, न करघों की आवाज, न व्यापारियों की आवाजाही. लेकिन करीब 169 साल पहले यही जगह पूर्वी उत्तर प्रदेश के एक समृद्ध कस्बे के रूप में जानी जाती थी. यहां घर थे, कारोबार था, बाजार था, दस्तकार थे, किसान थे और सबसे बढ़कर एक जीवंत समाज था.
फिर आया 1857. और 3 जुलाई का वह दिन, जब महुआ डाबर सिर्फ एक गांव नहीं रहा. वह ब्रिटिश दमन का ऐसा निशान बन गया, जिसकी राख आज भी इस मिट्टी में महसूस की जा सकती है. स्थानीय स्मृतियों और उपलब्ध ऐतिहासिक दस्तावेजों में महुआ डाबर के विनाश की जो तस्वीर उभरती है, वह भयावह है. एक ऐसा गांव, जिसे सिर्फ इसलिए मिटा दिया गया क्योंकि यहां अंग्रेजी शासन के खिलाफ विद्रोह की चिंगारी भड़क उठी थी.
इस कार्रवाई के बाद महुआ डाबर को ब्रिटिश रिकॉर्ड में 'गैरचिरागी', यानी अस्तित्वहीन घोषित कर दिया गया. गांव के घर गिरा दिए गए, बस्तियां जला दी गईं और एक पूरी सभ्यता को इतिहास के नक्शे से मिटाने की कोशिश हुई.लेकिन इतिहास को मिटाना इतना आसान नहीं होता.
कैसा था महुआ डाबर
1857 से पहले महुआ डाबर एक विकसित और समृद्ध कस्बा था. मनोरमा नदी के किनारे बसे इस इलाके में खेती के साथ दस्तकारी और व्यापार फल-फूल रहा था. ब्रिटिश काल के शुरुआती सर्वेक्षणों में महुआ डाबर का उल्लेख मिलता है. डॉ. फ्रांसिस बुकानन के सर्वेक्षण में यहां करीब 200 घरों का जिक्र मिलता है. कुछ मकान खपरैल वाले थे तो कुछ दो मंजिला.
यह सिर्फ गांव नहीं था. यहां कपड़े का कारोबार होता था. सूती कपड़ा, झींट, रेशम और मलमल तैयार किए जाते थे. रंगाई का काम होता था. पीतल के बर्तनों का कारोबार था और अनाज की मंडी भी थी.
मनोरमा नदी सिर्फ पानी की धारा नहीं थी. वह इस बस्ती की जिंदगी थी. नदी के किनारे बाजार सजते थे. कारीगर काम करते थे. किसान अपनी उपज लेकर आते थे. व्यापारी दूर-दूर तक माल भेजते थे. एक ऐसी दुनिया, जो धीरे-धीरे अपने पैरों पर खड़ी हो रही थी. लेकिन फिर इस दुनिया के सामने बंदूकें आ गईं.
1857 का विद्रोह और महुआ डाबर
1857 का विद्रोह जब अलग-अलग इलाकों में फैल रहा था, तब अंग्रेजी शासन के खिलाफ असंतोष महुआ डाबर तक भी पहुंचा. इसी दौरान फैजाबाद की ओर से पीछे हट रहे कुछ ब्रिटिश अधिकारी महुआ डाबर के आसपास पहुंचे. उपलब्ध ब्रिटिश विवरणों के अनुसार, यहां स्थानीय लोगों के साथ उनका संघर्ष हुआ.

महुआ डाबर गांव में खुदाई के दौरान में मिले अवशेष.
ब्रिटिश अधिकारियों के दस्तावेजों में लेफ्टिनेंट टीई लिंडसे, लेफ्टिनेंट डब्ल्यूएच थॉमस, लेफ्टिनेंट जीएल कॉटली, सार्जेंट एडवर्ड्स, एएफ इंग्लिश और टीजे रिची समेत कई अधिकारियों की हत्या का उल्लेख मिलता है. यह घटना अंग्रेजी शासन के लिए सिर्फ एक सैन्य नुकसान नहीं थी. यह बदले की शुरुआत थी.
और उस बदले का निशाना सिर्फ वे लोग नहीं बने जिन्होंने अंग्रेज अधिकारियों से संघर्ष किया था. बल्कि पूरा महुआ डाबर निशाने पर आ गया.
कैसे आया महुआ डाबर को जलाने का आदेश
महुआ डाबर की त्रासदी को समझने के लिए ब्रिटिश अधिकारियों के बीच हुआ पत्राचार बेहद महत्वपूर्ण है. 15 जून 1857 को गोरखपुर के कार्यवाहक कमिश्नर डब्ल्यू विनयार्ड ने विलियम पेप्पे को बस्ती जाने का निर्देश दिया. पत्र में महुआ डाबर के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई.
आदेश का आशय स्पष्ट था, महुआ डाबर को पूरी तरह जला दिया जाए और वहां कुछ भी न बचने दिया जाए. यह किसी युद्ध के मैदान में दुश्मन की सैन्य चौकी पर हमला करने का आदेश नहीं था. यह एक पूरी बस्ती को मिटा देने का आदेश था.
इसके बाद ब्रिटिश अधिकारियों के बीच लगातार पत्राचार होता रहा. सैनिक सहायता भेजी गई. घुड़सवारों की टुकड़ियां भेजी गईं. स्थानीय सहयोगियों को जुटाया गया. 21 जून के पत्र में विनयार्ड ने पेप्पे को सावधानी बरतने को कहा गया. 23 जून को उन्होंने महुआ डाबर को तत्काल न जलाने के फैसले को सही बताया.
लेकिन कुछ दिनों बाद तस्वीर बदल गई. 3 जुलाई 1857 को महुआ डाबर पर वह कार्रवाई हुई, जिसके निशान आज तक मिटे नहीं हैं.
4 जुलाई को विनयार्ड ने पेप्पे के पत्र का जवाब देते हुए महुआ डाबर को नष्ट किए जाने की कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया और शेष घरों को भी गिराने की बात कही.
इतिहास की विडंबना देखिए, एक तरफ गांव के लोग अपनी जिंदगी बचाने की कोशिश कर रहे थे, वहीं दूसरी तरफ दूर बैठे अधिकारी इस बात पर पत्र लिख रहे थे कि गांव को पूरी तरह खत्म करने का काम कितनी तेजी से चल रहा है.
आग केवल महुआ डाबर के घरों में नहीं लगी थी
महुआ डाबर में सिर्फ मकान नहीं जले होंगे. उन घरों में रखे सपने जले होंगे. किसी मां ने अपने बच्चे को बचाने की कोशिश की होगी. किसी बूढ़े ने अपनी जिंदगी भर की कमाई को जलते देखा होगा. किसी कारीगर ने अपने हाथों से बनाए कपड़ों को राख होते देखा होगा. किसी किसान ने अपनी फसल और अनाज को आग में जाते देखा होगा. किसी बच्चे ने पहली बार आग को इतना करीब से देखा होगा कि शायद वह चीख भी न पाया हो.
स्थानीय लोक स्मृतियों में यह बात आज भी सुनाई जाती है कि आग कई दिनों तक जलती रही. मनोरमा नदी का पानी काला पड़ गया था और आसमान पर धुएं की परत छा गई थी. इन स्मृतियों की हर बात को दस्तावेजी आंकड़े से साबित करना संभव नहीं है, लेकिन एक बात निर्विवाद है, महुआ डाबर को योजनाबद्ध तरीके से नष्ट किया गया था. और उसके साथ सिर्फ इमारतें नहीं, एक समृद्ध सामाजिक-आर्थिक जीवन भी खत्म हो गया.
विलियम पेप्पे: महुआ डाबर को जलाने वाला अधिकारी
महुआ डाबर के विनाश की कहानी में विलियम पेप्पे का नाम बार-बार सामने आता है. वे उस समय ब्रिटिश प्रशासन के अधिकारी थे. महुआ डाबर को नष्ट करने की कार्रवाई में उनकी भूमिका ब्रिटिश पत्राचार में दर्ज है. विडंबना यह है कि बाद में ब्रिटिश शासन ने उनकी सेवाओं के बदले उन्हें बस्ती क्षेत्र में विशाल भूमि का अनुदान दिया.
1911 में प्रकाशित एक सरकारी पुस्तक में पेप्पे की कब्र पर लगे शिलालेख का विवरण दर्ज है. उसमें 1857 के अशांत समय में उनकी सेवाओं का उल्लेख किया गया है और महुआ डाबर को जलाने की कार्रवाई भी उनके जीवन की उपलब्धियों में दर्ज है. एक आदमी के लिए यह 'सरकारी सेवा' थी. लेकिन महुआ डाबर के लिए? वह विनाश था. एक सभ्यता का अंत था.
सार्जेंट बुशर ने बयान की महुआ डाबर की कहानी
महुआ डाबर की घटना का एक और पक्ष ब्रिटिश अधिकारी सार्जेंट बुशर के बयान से सामने आता है. चार्ल्स बॉल की 1860 में प्रकाशित पुस्तक में दर्ज उनके बयान के अनुसार, वे अपने साथियों के साथ आगे बढ़ रहे थे. महुआ डाबर के पास उन्हें स्थानीय लोगों ने रुकने और शरबत पीने का निमंत्रण दिया. बुशर के अनुसार, गांव में प्रवेश करने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि वहां बड़ी संख्या में लोग हथियारों से लैस थे.
फिर संघर्ष हुआ.ब्रिटिश अधिकारियों पर हमला हुआ और कई लोग मारे गए. बुशर किसी तरह वहां से भाग निकले. इसके बाद वे अलग-अलग गांवों में छिपते रहे. अंततः उन्हें पकड़ लिया गया और कई दिनों तक एक स्थानीय जमींदार के संरक्षण में रखा गया.
यह बयान अंग्रेज पक्ष की कहानी है. इसमें महुआ डाबर के लोगों को विद्रोही और हमलावर बताया गया. लेकिन इतिहास का दूसरा सवाल भी उतना ही जरूरी है, क्या कुछ अंग्रेज अधिकारियों की हत्या का जवाब एक पूरी बस्ती को मिटा देना था? क्या बच्चों, महिलाओं, बूढ़ों और उन लोगों का भी कोई अपराध था, जिनके हाथ में कोई हथियार नहीं था? यही सवाल महुआ डाबर की मिट्टी आज भी पूछती है.
3 जुलाई: जब महुआ डाबर का नामोनिशान मिट गया
3 जुलाई 1857. महुआ डाबर के लिए यह तारीख किसी कैलेंडर की तारीख नहीं थी. यह उसके अस्तित्व के खत्म होने का दिन था. ब्रिटिश कार्रवाई के बाद घरों को नष्ट किया गया. बस्ती उजाड़ दी गई. लोग मारे गए या विस्थापित हुए. स्थानीय परंपरा में हजारों लोगों की सामूहिक शहादत की बात कही जाती है. कुछ स्थानीय दावों में मृतकों की संख्या 5,000 से अधिक बताई जाती है. हालांकि इतनी बड़ी संख्या के लिए स्वतंत्र और निर्णायक अभिलेखीय प्रमाण सीमित हैं.
लेकिन संख्या चाहे जितनी रही हो, त्रासदी छोटी नहीं हो जाती. एक इंसान की मौत भी मौत है. एक घर का उजड़ना भी इतिहास है. और एक पूरी बस्ती का मिटा दिया जाना, एक सभ्यता की हत्या है.

विलियम पेप्पे की मौत के बाद लंदन के एक अखबार में छपी श्रद्धांजलि.
फिर महुआ डाबर नक्शे से गायब हो गया. सबसे भयावह बात यह नहीं थी कि महुआ डाबर को जला दिया गया.
भयावह यह भी था कि उसे भुला दिया गया. जिस जगह पर कभी व्यापार होता था, वहां खेत बन गए. जहां कभी घर थे, वहां मिट्टी की परतें चढ़ती गईं. जहां कभी बच्चों की आवाजें आती थीं, वहां सन्नाटा उतर आया. और धीरे-धीरे महुआ डाबर एक ऐसी जगह बन गया, जिसका नाम इतिहास की मुख्यधारा में बहुत कम सुनाई दिया.
लेकिन मिट्टी याद रखती है. पेड़ याद रखते हैं. नदियां याद रखती हैं और लोक स्मृति याद रखती है.
मनोरमा नदी बहती रही. शायद उसने बहुत कुछ देखा.आग भी, खून भी, लाशें भी और उन लोगों की चीखें भी, जिन्हें किसी अदालत में अपना पक्ष रखने का मौका नहीं मिला.
यह कहानी सिर्फ 1857 की नहीं है. महुआ डाबर को सिर्फ 1857 के विद्रोह की एक घटना मान लेना इसके साथ अन्याय होगा. यह उस सवाल की कहानी है कि सत्ता जब अपने विरोध को अपराध मान लेती है तो इंसान की जिंदगी की कीमत कितनी कम कर देती है. यह सामूहिक दंड की कहानी है. यह इतिहास में दर्ज और इतिहास से गायब कर दी गई आवाजों की कहानी है. यह उन अनगिनत परिवारों की कहानी है जिनका कोई नाम इतिहास की किताब में नहीं आया.
किसी का बेटा मारा गया होगा.किसी की मां जली होगी.किसी का घर उजड़ा होगा. किसी का कारोबार खत्म हुआ होगा.
और शायद किसी बच्चे ने उस दिन पहली बार यह जाना होगा कि सत्ता की आग कितनी भयानक होती है.
आज भी मिट्टी के नीचे दफन है महुआ डाबर
आज जब हम आजादी का जश्न मनाते हैं, तिरंगा फहराते हैं और स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हैं, तब महुआ डाबर जैसे स्थान हमें एक असुविधाजनक लेकिन जरूरी सवाल के सामने खड़ा करते हैं, क्या हमारी आजादी की कहानी में उन गांवों के लिए भी जगह है जिन्हें आजादी की लड़ाई के दौरान मिटा दिया गया?
महुआ डाबर के पास आज कोई भव्य स्मारक नहीं है. कोई विशाल संग्रहालय नहीं. कोई ऐसा पर्यटन केंद्र नहीं जहां रोज हजारों लोग पहुंचते हों. लेकिन यहां की मिट्टी में एक पूरा इतिहास दफन है. यहां खेतों के नीचे शायद उन घरों की नींव है, जिनमें कभी चूल्हे जलते थे. कहीं उन कारीगरों की दुनिया दबी है, जिनके हाथ कपड़े और सपने दोनों बुनते थे. कहीं उन बच्चों की स्मृतियां दबी हैं, जिन्हें यह पता भी नहीं था कि इतिहास उनके दरवाजे पर बारूद लेकर खड़ा है. और शायद कहीं वह आखिरी चीख भी दबी है, जिसे किसी इतिहासकार ने कभी दर्ज नहीं किया.
महुआ डाबर को क्यों याद रखना होगा
किसी देश का इतिहास सिर्फ राजाओं, युद्धों और बड़े नेताओं से नहीं बनता. इतिहास उन साधारण लोगों से भी बनता है, जो अपने घरों, खेतों, दुकानों और कारखानों में जिंदगी जीते हैं. महुआ डाबर उन्हीं साधारण लोगों की असाधारण कहानी है.
वे लोग जिनके पास शायद कोई बड़ा पद नहीं था. कोई सेना नहीं थी. कोई इतिहास लिखने वाला दरबारी नहीं था. लेकिन जब उनकी धरती पर विदेशी सत्ता का सवाल आया, तो उन्होंने प्रतिरोध किया.
उस प्रतिरोध की कीमत उन्होंने अपने जीवन से चुकाई. और अंग्रेजी सत्ता ने बदले में उनकी पूरी बस्ती की कीमत वसूल की.
आज 169 साल बाद सवाल यह नहीं है कि महुआ डाबर में कितने लोग मारे गए. सवाल यह है कि क्या हम उन्हें याद रखते हैं? क्योंकि शहादत की सबसे बड़ी त्रासदी मौत नहीं है. सबसे बड़ी त्रासदी है, मौत के बाद भुला दिया जाना. महुआ डाबर की मिट्टी आज भी शायद यही कहती है-
हमें स्मारक नहीं चाहिए, हमें स्मृति चाहिए.
हमें सिर्फ श्रद्धांजलि नहीं चाहिए, हमें इतिहास में अपना स्थान चाहिए.
हमें यह याद रखा जाना चाहिए कि आजादी सिर्फ दिल्ली, लखनऊ या बड़े शहरों की कहानी नहीं थी.
आजादी की कीमत छोटे-छोटे गांवों ने भी चुकाई थी.
उनमें एक नाम महुआ डाबर है.
एक ऐसा गांव जिसे अंग्रेजों ने जला दिया.
उसकी इमारतें मिटा दीं.
उसकी पहचान मिटाने की कोशिश की.
लेकिन उसकी कहानी नहीं मिटा सके.
क्योंकि कुछ गांव नक्शे से गायब होकर भी इतिहास में अमर हो जाते हैं.
महुआ डाबर उन्हीं में से एक है.
और जब भी स्वतंत्र भारत में तिरंगा आसमान में लहराए, तो शायद हमें उस मिट्टी की ओर भी देखना चाहिए, जहां कभी हजारों अनाम लोगों के सपने आग में जलाए गए थे. उनकी राख से ही तो हमारी आजादी की कहानी पूरी होती है.
(डॉ शाह आलम राना भारतीय क्रांतिकारी आंदोलन पर लगभग तीन दशक से काम कर रहे हैं. उन्होंने इस विषय पर कई महत्वपूर्ण पुस्तक लिखी हैं और दस्तावेजी फिल्में बनाई हैं. इसके अलावा उन्होंने बस्ती और चंबल घाटी में दो संग्रहालयों की स्थापना की है. वे महुआ डाबर के महानायक क्रांतिकारी-शहीद जमीदार जफर अली के वंशज हैं. इस लेख में व्यक्त विचार लेखक के निजी हैं, उनसे एनडीटीवी का सहमत या असहमत होना जरूरी नहीं है. )