विज्ञापन
OPINION

नाक भर सिंदूर की कीमत तुम क्या जानो यश बाबू

यश माहेश्वरी ने शायद इस पवित्रता को प्रश्नांकित करने की कोशिश की, लेकिन उसे इन दिनों प्रचलित यौन उन्मुक्तता के एक बिंब से इतने गंदे ढंग से जोड़ दिया कि मामला भद्दा हो गया. अब जब आप गलती करते हैं तो उसकी सजा भुगतनी पड़ती है जो शायद यश माहेश्वरी को भी भुगतनी पड़ेगी.

नाक भर सिंदूर की कीमत तुम क्या जानो यश बाबू
बिहार में नाक तक लगाए जाने वाले सिंदूर पर कॉमेडियन यश माहेश्वरी की भद्दी टिप्पणी.
NDTV

छठ के दौरान बिहार की महिलाओं द्वारा नाक तक लगाए जाने वाले सिंदूर को लेकर यश माहेश्वरी नाम के एक स्टैंड अप कॉमेडियन ने जो फूहड़ टिप्पणी की है, उसके बाद उसके खिलाफ लोगों का गुस्सा स्वाभाविक है. यह बात कुछ हैरत में डालती है कि हंसी-मजाक के सार्वजनिक कार्यक्रम में कोई शख्स यह उम्मीद कैसे कर सकता है कि एक सांस्कृतिक अनुष्ठान जैसे शृंगार पर उसका यह भद्दा कमेंट लोगों को हंसाएगा? और क्या वाकई इस टिप्पणी के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों में हंसी की लहर दौड़ी होगी? जब यश माहेश्वरी यह टिप्पणी कर रहा था तो किसी ने तत्काल उसका विरोध क्यों नहीं किया, कोई कार्यक्रम छोड़ कर निकल क्यों नहीं गया?

सिंदूर पर यश माहेश्वरी का भद्दा कमेंट

ये असुविधाजनक सवाल हैं जो बताते हैं कि कॉमेडी के नाम पर हमारा समाज क्या कुछ स्वीकार करता जा रहा है. इसके पहले समय रैना नाम के स्टैंड अप कॉमेडियन के कार्यक्रम में भी रणवीर इलाहाबदिया नाम के एक यूट्यूबर ने जो आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, उसको लेकर मामला अदालत तक पहुंच गया था. लेकिन थाना-कचहरी करके कुछ भद्दे बयानों के लिए आप कुछ लोगों को भले सजा दिलवा लें या माफी मांगने पर मजबूर कर दें (जो वे पकड़े जाने तत्काल बाद मांगना शुरू कर देते हैं), इससे हमारे समय और समाज की उस विडंबना का पता नहीं चलता जो धीरे-धीरे हमें भीतर कुछ बड़ी होती जा रही है, हमें एक त्रिशंकु हालत में छोड़ दे रही है.

 सच तो यह है कि जब कोई ऐसी घटना सामने आती है, तब हम अचानक नैतिक संकट पर चिंतित हो उठते हैं. जब जेन जी गालियों में खुद को अभिव्यक्त करने लगती है, तब परेशान हो जाते हैं कि ये खुल्लमखुल्ला गालियां देने वाले ऐसे संस्कारहीन बच्चे पहले तो नहीं थे.सच तो यह है कि हमने अपने समाज में कोई मूल्यबोध रहने नहीं दिया है।. जिन बच्चों को हम सिखाते हैं कि सच बोलना चाहिए, उन्हें साथ-साथ झूठ बोलने का प्रशिक्षण भी देते चलते हैं, हम भ्रष्टाचार को कोसते हें, लेकिन भ्रष्टाचारियों का बहुत सम्मान करते हैं, हम धार्मिक मर्यादा की बात करते हैं लेकिन अमर्यादित आचररण करते हैं, हम सर्व धर्म समभाव की बात करते हैं लेकिन सांप्रदायिक राजनीति करते हैं, हम वसुधैव कुटुंबकम की बात करते हैं, लेकिन जात-पांत की एक हजार श्रेणियों में बंटे हुए हैं.

खुद गलती कर दूसरों को सुधारने की कोशिश

 हम महिलाओं को देवी बताते हैं, लेकिन हर मिनट स्त्री-उत्पीड़न को संभव बनाते हैं, हम देश से प्रेम करते हैं, लेकिन देश को लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ते, हम पर्यावरण और प्रदूषण की फिक्र करते हैं लेकिन कचरा फैलाने में कोई कमी नहीं करते.ऐसे में हमारी मूल्य संहिता असल में पाखंड की किताब हो गई है जो बिल्कुल हंसे जाने लायक है. स्टैंड अप कॉमेडियन इसी समाज को अपना विषय बनाते हैं. समाज भी अपने इस रूप पर हंसता है. वह अपने पाखंड को उधेड़े जाते देख एक सुख भी महसूस करता है. लेकिन इसी में कभी-कभी वह सीमा पार हो जाती है जो समाज के लिए सहनीय है. तब समय रैना जेल पहुंच जाते हैं और यश माहेश्वरी जेल से भागते दिखाई पड़ते हैं.

सिंदूर भारतीय स्त्रियों के लिए एक बहुत पवित्र प्रतीक रहा है- सुहागन होने का वह चिह्न जिसे वे अब भी अपना सौभाग्य मानती हैं. हालांकि इस सिंदूर पर स्त्रीवादी और समाजशास्त्रीय नजरिए से बहस चलती रही है. यह सवाल उठता रहा है कि दांपत्य में सिर्फ स्त्री के हिस्से शादीशुदा होने की निशानी क्यों, पुरुष को इससे छूट क्यों है. फिर बहुत सारी स्त्रियां हैं जो सिंदूर को गुलामी का प्रतीक मानती हैं और अपने माथे पर नहीं लगातीं. शाहरुख खान जब फिल्म ‘ओम शांति ओम' में ‘एक चुटकी सिंदूर की कीमत तुम क्या जानो रमेश बाबू” जैसा संवाद बुलवाते हैं तो अचानक वह लोकप्रिय-संस्कृति का हिस्सा हो उठता है.

सौभाग्य के प्रतीक सिंदूर पर भद्दी टिप्पणी

भारत सरकार पाकिस्तान में आतंकी शिविरों को नष्ट करने के लिए चलाए जाने वाले अपने सैन्य अभियान का नाम ‘ऑपरेशन सिंदूर' रखती है तो उसके पीछे भारतीय समाज के इसी भावनात्मक उद्वेलन का दोहन करने की मंशा होती है. वरना एक ऐसी मुहिम का नाम ऑपरेशन सिंदूर क्यों हो जिसका वास्ता ख़ून बहाने से, अंततः किसी के भी सुहाग को नष्ट करने से है? सरकार का कहना था कि आतंकियों ने जो सिंदूर मिटाए हैं, यह उनका बदला है. इस दलील को मान लें तो भी यह सच है कि सिंदूर के जज्बाती प्रतीक का हर कोई अपने ढंग से इस्तेमाल कर रहा है.

यश माहेश्वरी ने शायद इस पवित्रता को प्रश्नांकित करने की कोशिश की, लेकिन उसे इन दिनों प्रचलित यौन उन्मुक्तता के एक बिंब से इतने गंदे ढंग से जोड़ दिया कि मामला भद्दा हो गया. अब जब आप गलती करते हैं तो उसकी सजा भुगतनी पड़ती है जो शायद यश माहेश्वरी को भी भुगतनी पड़ेगी. लेकिन ऐसे प्रसंगों में कुछ सवाल हमारे लिए भी है? ऐसा नहीं कि अब के बच्चे ही गालियां देते हैं, वे हमेशा से रही हैं. बच्चे तो बचपने में उनका इस्तेमाल करते रहे हैं, लेकिन बड़े लोगों के बीच इन गालियों का अपना सामाजिक पक्ष भी रहा है. कमजोर आदमी मजबूत लोगों को पीठ पीछे गाली देकर अपनी हताशा दूर करता है. मजबूत आदमी कमजोर लोगों को गाली देकर उनको उनकी हैसियत बताता है और अपनी दबंगई स्थापित करता है. इन सारी गालियों के केंद्र में स्त्रियां होती हैं, क्योंकि माना ये जाता है कि कमजोर हो या मजबूत, पुरुष को गालियों से घायल करना हो तो उसकी मां-बहनों पर चोट करो, क्योंकि यही वे संबंध हैं जो अब तक उसकी निगाह में पवित्र बचे हुए हैं.

जेन जी की गालियों पर बहस

जेन जी की गालियों पर बीते दिनों बहुत बहस हुई. खुद को संस्कारवान मानने वाले लोगों ने इस पीढ़ी की लानत-मलामत की, इस पर अफसोस किया. खुद को विद्रोही मानने वालों ने इन गालियों को बचाव किया. कहा कि जेन जी में पाखंडी गुपचुपपन नहीं है, फिर उसकी इन गालियों के संदर्भ भी अलग हैं, उनमें वह हिंसा नहीं है जो समाज में दिखती है.तो कुल मिलाकर एक गड़बड़झाला है जिसमें हमारा समाज फंसा हुआ है. वह नैतिक होना चाहता है, लेकिन जानता नहीं कि वास्तविक नैतिकता क्या है. वह संस्कारों की दुहाई देता है, लेकिन संस्कारों के बेमानीपन पर नजर नहीं डालता.

वह जो पीढ़ी बना रहा है, वह एक आस्थाहीन पीढ़ी है जिसके पास संबंधों की सिकुड़ती स्मृति है, करिअर का बड़ा होता सवाल है, भाषा की बहुत इकहरी तहें हैं- लेकिन इन सबके बीच वह अपने हिस्से की खुशी, अपने हिस्से का मनोरंजन खोजती है तो उसे ऐसे गालीबाज लोग अपने करीब लगते हैं. बेशक, बीच-बीच में कोई समय रैना या यश माहेश्वरी अपनी नादानी में वह नाजुक समीकरण गड़बड़ा देता है जो लड़कों द्वारा स्वीकार और समाज द्वारा नजरअंदाज की जाने वाली अभद्रताओं से बनता है. हम आधुनिक होने के नाम पर आधुनिकता का कचरा ही ढोते हैं और पारंपरिक होने के नाम पर परंपरा की सड़ांध से घिरे रहते हैं. इसी कचरे और सड़ांध की संततियां जब कुछ ज्यादा कीचड़ उछाल देती हैं तो हमें अपनी पवित्रता और नैतिकता का ख्याल आने लगता है.

प्रियदर्शन लेखक और पत्रकार हैं, वह NDTV इंडिया में सीनियर एक्ज़ीक्यूटिव एडिटर रह चुके हैं. 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chhath Puja Sindoor, Yash Maheshwari Comedy Event, Yash Maheshwari FIR, Bihar News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com