मुजफ्फरपुर के राजेपुर थाना क्षेत्र के नवादा गांव में एक महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान रिंकू देवी के रूप में हुई है. परिजनों ने महिला के पति पर हत्या का आरोप लगाया है. सूचना मिलने पर राजेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले की जांच की जा रही है.
विदेश में नौकरी करता था आरोपी
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका का पति विदेश में नौकरी करता था. रिंकू देवी पिछले करीब एक महीने से अपने मायके नवादा गांव में रह रही थी. परिजनों का आरोप है कि पति विदेश से लौटने के बाद शुक्रवार शाम अपने ससुराल पहुंचा. रात में खाना खाने के बाद जब सभी लोग सो गए, तो उसने धारदार हथियार से पत्नी का गला रेतकर उसकी हत्या कर दी, और पीछे के रास्ते से फरार हो गया.
घरेलू विवाद में हत्या की आशंका
राजेपुर थाना प्रभारी ने बताया कि नवादा गांव में महिला की हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची. शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. एफएसएल सहित अन्य पहलुओं पर जांच की जा रही है. हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार की भी तलाश की जा रही है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
ससुराल वालों को पसंद नहीं थी रिंकू देवी
मृतका की बहन ने बताया कि पति-पत्नी के बीच पिछले कई वर्षों से विवाद चल रहा था. उनके अनुसार, ससुराल पक्ष को रिंकू देवी पसंद नहीं थी, और इस बात को लेकर कई बार विवाद एवं पंचायत भी हो चुकी थी. उनका आरोप है कि आरोपी अपने साथ बैग में चाकू लेकर आया था और उसी से वारदात को अंजाम दिया.
मृतका की दूसरी बहन ममता देवी ने बताया कि घटना की सूचना उन्हें फोन पर मिली. उन्होंने भी कहा कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था.
ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने का आरोप
मृतका की मां ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जाता था. उसके साथ मारपीट की जाती थी, और कई बार खाना भी नहीं दिया जाता था.उन्होंने दावा किया कि ससुराल पक्ष अपने बेटे की दूसरी शादी करना चाहता था. इस संबंध में उन्होंने पहले भी पुलिस से शिकायत की थी. उनके अनुसार, उस समय पुलिस ने पति के विदेश से लौटने के बाद दोनों पक्षों को बैठाकर समझौता कराने की बात कही थी. फिलहाल पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: उद्योगों से जुड़े लंबित मामलों का होगा समाधान, बिहार में लग रहा SIPB समाधान शिविर, जानें किन मामलों में मिलेगी मदद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं