राजस्थान के झालावाड़ में गैंगस्टर और नशा तस्करों के खिलाफ बुलडोजर एक्शन शुरू हो गया है. सोमवार (6 जून) को कुख्यात गैंगस्टर संजय मीणा के अवैध कब्जे को ध्वस्त कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि गैंगस्टर ने करोड़ों की सरकारी जमीन पर निर्माण कर रखा था. यह सबकुछ हुआ है पुलिस एसपी आईपीएस अमित कुमार की सख्ती के बाद, जिन्होंने जिलेभर में हिस्ट्रीशीटर और सक्रिय अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस प्रशासन ने क्राइम पर नकेल कसने के लिए बदमाशों और तस्करों की पूरी लिस्ट तैयार की जा रही है.
हिस्ट्रीशीटर संजय मीणा 27 साल से पुलिस की रडार पर
जिले के गंगधार में प्रशासन ने सरकारी चरागाह भूमि पर कब्जों को ध्वस्त कर बेशकीमती जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया. इनमें एक पक्की दुकान और अन्य निर्माण शामिल थे. संजय मीणा गंगधार थाने का हिस्ट्रीशीटर है, उसके खिलाफ वर्ष 1999 में मादक पदार्थ तस्करी का पहला मामला दर्ज हुआ था. तब 1260 किलो अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया था. गैंगस्टर के खिलाफ जानलेवा हमला, अवैध वसूली, छेड़छाड़, मारपीट जैसे गंभीर मामले भी दर्ज है.
साल 2018 बैच के पुलिस ऑफिसर, 'स्पेशल ड्यूटी मेडल' भी मिला

आईपीएस अमित कुमार सख्त रूख के लिए जाने जाते हैं.
आईपीएस अमित कुमार साल 2018 बैच के अधिकारी हैं. पिछले 8 साल के दौरान उन्हें कई सम्मान मिल चुके हैं. उन्हें 'यूनियन होम मिनिस्टर मेडल फॉर एक्सीलेंस इन इन्वेस्टिगेशन-2023' और 'स्पेशल ड्यूटी मेडल 2022' से नवाजा जा चुका है. साथ ही 2 बार डीजीपी डिस्क भी मिला है. इस बार उन्होंने झालावाड़ में माफियाओं पर नकेल कसने के लिए एक्शन प्लान शुरू किया है. उन्होंने साफ किया है कि अपराधियों द्वारा सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा.
हाईवे पर बने नशा तस्करों के ढाबे भी ध्वस्त

राजस्थान की झालावाड़ पुलिस का एक्शन.
दूसरी ओर, नशा तस्करों के खिलाफ भी कार्रवाई जा रही है. एनएच-52 पर अवैध कब्जा कर बनाए गए ढाबे पर भी भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पीला पंजा चला. दरअसल, यह ढाबा नशे का अड्डा बना हुआ था. भारी पुलिस बल की मौजूदगी में सार्वजनिक निर्माण विभाग ने कार्रवाई को अंजाम दिया. आरोपी करण सिंह और शुभकरण मीणा लंबे समय से ढाबे की आड़ में मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे थे. इन आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं और पुलिस उनकी अवैध संपत्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई कर रही है.
यह भी पढ़ेंः लिव-इन रिलेशनशिप और उत्तराधिकार कानून में बदलाव की तैयारी? राजस्थान में UCC के ड्राफ्ट पर लोग भी दे सकेंगे राय
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं