विज्ञापन

'बात ही कर रहे थे कि तड़ातड़ भाला चला दिया ' जमीन के लिए पिता-पुत्र की खूनी जंग में हुई मौत

मौके से मिली जानकारी के अनुसार आज, शुक्रवार 20 मार्च की सुबह आरोपी पिता ने बड़े बेटे के साथ मिलकर घर के सामने के रास्ते को बंद कर दिया जिस बात पर झगड़ा भड़क गया. पढ़िए जितेंद्र कुमार की रिपोर्ट.

'बात ही कर रहे थे कि तड़ातड़ भाला चला दिया ' जमीन के लिए पिता-पुत्र की खूनी जंग में हुई मौत
मृतक की मां ने बताया कि झगड़ा कैसे खूनी संघर्ष में बदल गया
NDTV

बिहार में ज़मीन जायदाद को लेकर घर के सदस्यों में ही आपसी विवाद की ख़बरें सामान्य हो चुकी हैं. लेकिन पश्चिमी चंपारण के बेतिया जिले में एक पिता और पुत्र के बीच ज़मीन को लेकर झगड़ा इतना गंभीर हो गया कि पिता ने ही बेटे की जान ले ली. यह घटना बैरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत भितहा मठिया गांव की है. वहां के निवासी सुरेश पटेल की अपने छोटे बेटे के साथ जमीन को लेकर झगड़ा हुआ जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया.

इस घटना की खबर मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई. एसडीपीओ 2 रजनीश प्रियदर्शी ने बताया कि जमीनी विवाद में पिता और पुत्र के बीच मारपीट हुई थी. इस घटना में 40 वर्षीय बेटा विजय पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया. बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

जमीन को लेकर पिता और बेटे में पुराना विवाद

बताया जा रहा है कि पिता और बेटे के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था और पहले भी कई बार मारपीट हो चुकी है. इस मामले में आरोपी पक्ष पूर्व में जेल भी जा चुका है.

मौके से मिली जानकारी के अनुसार आज, शुक्रवार 20 मार्च की सुबह आरोपी पिता ने बड़े बेटे के साथ मिलकर घर के सामने के रास्ते को बंद कर दिया. इसी बात पर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते यह पूरी लड़ाई खूनी संघर्ष में बदल गई.

मां ने बताया क्या हुआ

बेटे की मौत के बाद विलाप करती मां ने बताया कि उनके चार बेटे हैं लेकिन उनके एक बेटे को पिता और दूसरे बेटे हिस्सा नहीं देना चाहते थे. मां ने कहा,"आज झगड़ा हुआ और सब बात ही कर रहे थे कि 'बुढ़वा' ने मेरे बेटे की छाती पर तड़ातड़ भाला चला दिया और वह वहीं गिर पड़ा." मां ने बताया कि उसके पति, बड़े बेटे और तीन पोतों ने मिलकर उनके छोटे बेटे पर हमला किया. 

हमले में मृतक के दो अन्य भाई अखिलेश (38 वर्ष) और कमलेश (35 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों घायलों को इलाज के लिए बेतिया जीएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है. हमला करने के बाद पिता, बड़े भाई और भतीजे मौके से फरार हो गए हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar News, Bettiah News, Bihar Crime, Bihar Murder
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com