विज्ञापन

सड़क पर बहने लगी शराब, बिहार का वीडियो हो रहा वायरल

बिहार के सारण जिले में शराब से भरी एक पिक अप वैन की एक ट्रैक्टर से भिड़ंत हो गई जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

सड़क पर बहने लगी शराब, बिहार का वीडियो हो रहा वायरल
टक्कर के बाद रास्ते पर शराब के टेट्रापैक बिखर गए
NDTV

बिहार में शराबबंदी के बीच अक्सर ही शराब की तस्करी से जुड़ी खबरें आती रहती हैं. ऐसी ही एक खबर सारण जिले से आई है. वहां के दरियापुर में शराब लेकर जा रहे तस्करों की पिकअप का एक्सीडेंट हो गया. शुरुआती तौर पर यह एक साधारण हादसा समझा गया. लेकिन थोड़ी ही देर में सड़क से जब शराब की गंध आने लगी तो समझ आया कि यह शराब तस्करों का वाहन था जो दुर्घटना की चपेट में आ गया. दरअसल जिस पिक अप वाहन का हादसा हुआ उसमें शराब के टेट्रा पैक भरे हुए थे. वे सारे पैक रास्ते पर बिखर गए. अब इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल  हो रहा है.

सैकड़ों टेट्रा पैक का लग गया ढेर

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सड़क पर शराब के टेट्रा पैक बिखरे हुए दिखाई दे रहे हैं. बताया जा रहा है कि यह वीडियो सारण जिले के दरियापुर थाना क्षेत्र स्थित रेल चक्का फैक्ट्री के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक ट्रैक्टर और शराब से लदी पिकअप की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप में लदे शराब के सैकड़ों टेट्रा पैक सड़क पर बिखर गए. मौके पर शराब की बोतलों और टेट्रा पैक का ढेर लग गया, जिसका वीडियो भी सामने आया है.

रास्ते पर बिखरा शराब और टेट्रापैक
Photo Credit: NDTV

हादसे के बाद भाग गए तस्कर

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद पिकअप में सवार लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए. आशंका जताई जा रही है कि ये सभी शराब तस्कर थे, जो बड़ी खेप लेकर जा रहे थे. हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और घटना की सूचना पुलिस को दी गई.

सूचना मिलते ही दरियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर सड़क पर बिखरे शराब के टेट्रा पैक को अपने कब्जे में लिया और दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को जब्त कर लिया. ट्रैक्टर भी हादसे में क्षतिग्रस्त हुआ है. फिलहाल पुलिस वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार तस्करों की पहचान में जुटी है.

यह भी जांच की जा रही है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसकी सप्लाई किस स्थान पर की जानी थी. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी.

ये भी पढ़ें-: लालू परिवार का बदलेगा पता? 10 सर्कुलर रोड खाली करने की मोहलत आज हो रही खत्म, 'नया आशियाना' देखने पहुंचीं राबड़ी देवी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar News, Sharabbandi, Sharabbandi In Bihar, Saran News In Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com