भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बेलौटी गांव में रात 11 बजे एसपी फोर्स के साथ पहुंचे. एसपी राज ने भरत भूषण तिवारी की मां आशा देवी, पिता और अन्य परिजनों से करीब 45 मिनट तक बातचीत की. इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों की शिकायतों और आरोपों को विस्तार से सुना और उन्हें निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया. दोषियों पर कार्रवाई की बात कही.
एसपी के सामने रोने लगीं भरत की मां
भरत की मां आशा देवी ने एसपी के सामने अपनी पीड़ा बताते हुए रोने लगी. उन्होंने कहा कि उन्हें मुआवजा या अन्य लाभ की अपेक्षा नहीं है. उनका केवल एक ही उद्देश्य है कि उनके बेटे को न्याय मिले, और जो भी दोषी हैं, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई हो.
मां ने निष्पक्ष जांच की मांग की
उन्होंने कहा कि एक मां के लिए उसका बेटा सबसे बड़ी पूंजी होता है. बेटे को खोने के बाद कोई भी आर्थिक सहायता उस दर्द की भरपाई नहीं कर सकती, इसलिए उनकी मांग सिर्फ इतनी है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और सच्चाई सामने आए. यदि किसी स्तर पर गलती हुई है, तो उस गलती के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे भविष्य में किसी अन्य परिवार को इस तरह का दुख न झेलना पड़े.
एसपी राज ने उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुना. उन्होंने कहा कि वह स्वयं मामले से जुड़े प्रत्येक आरोप और प्रत्येक तथ्य की जांच कराएंगे.
पिता बोले- बंधक बनाकर रखा था
भरत भूषण तिवारी के पिता ने भी एसपी के सामने अपनी बात रखी. उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के दिन उन्हें पूरे दिन बंधक जैसी स्थिति में रखा गया था. उन्होंने एसपी से कहा कि वह खुद समझ नहीं पा रहे थे कि उनके साथ ऐसा व्यवहार क्यों किया जा रहा है. उनका कोई दोष नहीं था, तो फिर उन्हें इस प्रकार की परिस्थितियों का सामना क्यों करना पड़ा.
परिवार ने जताया अविश्वास
परिवार के सदस्यों ने कहा कि एक बार उन्हें धोखा मिल चुका है, और अब वे दोबारा किसी प्रकार का धोखा नहीं चाहते. उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि जांच सिर्फ औपचारिकता बनकर ना रह जाए, बल्कि निष्पक्ष और प्रभावी तरीके से पूरी की जाए. परिजनों की बात सुनकर एसपी ने उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा, और जांच प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाएगी.
आशा देवी को न्याय की उम्मीद
एसपी से मुलाकात के बाद भरत भूषण तिवारी की मां आशा देवी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पुलिस अधीक्षक ने उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया है. उन्होंने उम्मीद जताई कि जांच के माध्यम से सच्चाई सामने आएगी और उनके बेटे को न्याय मिलेगा.
यह भी पढ़ें: कौन है भरत तिवारी का भाई जो पुलिसकर्मी होकर पुलिस को दे रहा चेतावनी? फर्जी निकला रिश्ते का दावा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं