बिहार में सफाई कर्मियों की हड़ताल आखिरकार खत्म हो गई. सरकार और सफाई कर्मियों के प्रतिनिधियों के बीच हुई बातचीत के बाद कई महत्वपूर्ण मांगों पर सहमति बनी, जिसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर हड़ताल समाप्त होने का ऐलान किया. इस समझौते के बाद सफाई कर्मियों को पेंशन, ग्रेच्युटी, बोनस और अन्य सुविधाएं देने का भरोसा मिला है. सरकार का कहना है कि सफाई कर्मियों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक फैसले लिए जाएंगे, जबकि कुछ अन्य मांगों पर विचार के लिए समिति गठित की जाएगी.
मंत्री से मुलाकात के बाद बनी सहमति
सफाईकर्मी संघर्ष समिति के प्रतिनिधि अपनी मांगों को लेकर मंत्री नीतीश मिश्रा से मिलने पहुंचे थे. इस बैठक में नगर आयुक्त यशपाल मीणा भी मौजूद रहे. दोनों पक्षों के बीच हुई चर्चा के बाद कई मुद्दों पर सहमति बनी, जिसके बाद लंबे समय से जारी गतिरोध समाप्त हो गया.
सरकार ने कर्मचारियों के कल्याण का दिया भरोसा
पटना नगर निगम कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश ने कहा कि बिहार के सभी नगर निकायों में कार्यरत सफाई कर्मियों के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है. उन्होंने बताया कि सरकार ने कर्मचारियों की सुविधाओं और अधिकारों को लेकर सकारात्मक रुख अपनाया है.
बैठक में यह सहमति बनी कि दैनिक कर्मियों को छुट्टियों की सुविधा के साथ ग्रेच्युटी का लाभ भी दिया जाएगा. इसके अलावा सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें पेंशन देने की व्यवस्था की जाएगी. बताया गया कि इन कर्मचारियों को भी स्थायी कर्मियों की तरह कई महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा.
आउटसोर्स कर्मचारियों को भी राहत
आउटसोर्स कर्मियों के लिए भी बैठक में अहम निर्णय लिए. अब उनका वेतन सीधे उनके बैंक खातों में भेजा जाएगा. इसके साथ ही उन्हें बोनस का लाभ भी मिलेगा. अब तक आउटसोर्स कर्मचारियों को बोनस नहीं दिया जाता था, लेकिन नई सहमति के बाद यह सुविधा भी उन्हें उपलब्ध होगी.
कई मांगों पर बनी सहमति, कुछ पर बनेगी समिति
मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि सफाई कर्मियों के कल्याण के लिए जो भी जरूरी निर्णय होंगे, सरकार उन्हें लेने के लिए तैयार है. उन्होंने बताया कि कई मांगों पर सहमति बन चुकी है, जबकि कुछ मुद्दों पर विस्तृत चर्चा और अध्ययन के लिए समिति गठित की जाएगी. समिति की रिपोर्ट के आधार पर आगे निर्णय लिया जाएगा.
हड़ताल खत्म होने से मिली राहत
हड़ताल समाप्त होने के बाद नगर निकायों के कामकाज पर पड़ रहा असर भी खत्म हो गया है. सफाई कर्मियों के काम पर लौटने से सफाई व्यवस्था सामान्य होने की उम्मीद बढ़ गई है. वहीं, कर्मचारियों का कहना है कि सरकार के आश्वासन के बाद उन्होंने भरोसा जताते हुए आंदोलन समाप्त करने का फैसला लिया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं