विज्ञापन

कौन है भरत तिवारी का भाई जो पुलिसकर्मी होकर पुलिस को दे रहा चेतावनी? फर्जी निकला रिश्ते का दावा

बिलौटी गांव में आयोजित महापंचायत के दौरान खुद को भरत भूषण तिवारी का चचेरा भाई बताने वाला आशीष तिवारी अपनी मांग और दावों को लेकर चर्चा में है.

कौन है भरत तिवारी का भाई जो पुलिसकर्मी होकर पुलिस को दे रहा चेतावनी? फर्जी निकला रिश्ते का दावा
भरत तिवारी एनकाउंटर केस में आशीष तिवारी के रिश्ते पर खुलासा (Photo- NDTV))

भरत भूषण तिवारी के एनकाउंटर के विरोध में बुधवार को बिलौटी गांव में महापंचायत के दौरान हजारों लोगों की भीड़ जुटी. मंच से प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए गए, लेकिन इन सबके बीच एक युवक ऐसा भी था जिसने अपने कुछ बयानों के कारण पूरे कार्यक्रम में लोगों का ध्यान खींच लिया. इस युवक का नाम आशीष तिवारी है, जिसने मंच पर पहुंचते ही स्वयं को भरत तिवारी का चचेरा भाई बताया और बेहद भावुक अंदाज में सरकार और प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की. उसका भाषण कुछ ही मिनटों का था, लेकिन उसके द्वारा किए गए दावे और घोषणाएं सभा समाप्त होने के बाद भी चर्चा का विषय बनी रहीं।

आइए जानते है क्या सच में आशीष, भरत का सगा चचेरा भाई है और पुलिस की नौकरी छोड़ने के उसके दावे में कितनी सच्चाई है?

आशीष तिवारी ने कहा कि यदि सात दिनों के भीतर भरत तिवारी को न्याय नहीं मिला तो वह आंदोलन को और तेज करेगा. उसने यहां तक कहा कि जरूरत पड़ने पर वह खुद 'दूसरा भरत तिवारी' बनने को तैयार है, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उसके उस दावे की हुई जिसमें उसने कहा कि वह बिहार पुलिस में कार्यरत है और आज से अपनी नौकरी छोड़ रहा है.

महापंचायत में आशीष तिवारी लगातार भावुक दिखाई दे रहा था और भरत तिवारी के लिए न्याय की मांग को लेकर आक्रामक तेवर में बोल रहा था. उसके शब्दों में गुस्सा भी था और संवेदना भी. यही कारण रहा कि उसके भाषण ने उपस्थित लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा. हालांकि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद लोगों के बीच उसके बारे में जिज्ञासा बढ़ने लगी. कई लोग यह जानना चाहते थे कि आखिर यह युवक कौन है और उसका भरत तिवारी के परिवार से क्या संबंध है?

आशीष से रिश्ते पर भरत के बड़े भाई ने किया खुलासा 

महापंचायत में आशीष तिवारी ने खुद को भरत तिवारी का चचेरा भाई बताया था, लेकिन बाद में जब भरत तिवारी के परिजनों से उसके बारे में जानकारी लेने की कोशिश की गई तो एक अलग तस्वीर सामने आई. भरत के बड़े भाई और परिवार ने इन दावों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है. उन्होंने कहा कि उनका उससे कोई निकट पारिवारिक संबंध नहीं है. इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें इस बात की भी जानकारी नहीं है कि आशीष तिवारी वास्तव में पुलिस विभाग में नौकरी करता है या नहीं.

परिवार के सदस्यों के बयानों पर भरोसा करने की अपील

बड़े भाई ने कहा कि कुछ लोग आशीष तिवारी को परिवार का करीबी सदस्य बताकर उसकी बातों को परिवार का आधिकारिक पक्ष बताने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि ऐसा नहीं है. उन्होंने लोगों से अपील की कि परिवार के संबंध में किसी भी जानकारी के लिए केवल परिवार के सदस्यों के बयानों पर ही भरोसा किया जाए.

क्या बोले भरत के छोटो भाई चंदन तिवारी

वहीं भरत भूषण तिवारी के छोटे भाई चंदन तिवारी ने भी आशिष तिवारी के दावों का खंडन किया है. चंदन तिवारी ने कहा कि वह इस व्यक्ति को जानते तक नहीं हैं. उन्होंने बताया कि उन्होंने आशीष तिवारी को पहली बार देखा है और उसका परिवार से क्या संबंध है, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है. परिवार के अन्य सदस्यों से बातचीत के बाद भी यह स्पष्ट हो गया कि आशीष तिवारी को परिवार का चचेरा भाई बताए जाने के दावे को परिवार स्वीकार नहीं करता. परिजनों का कहना है कि वह गांव का निवासी हो सकता है, लेकिन उसका परिवार से ऐसा कोई निकट रिश्ता नहीं है, जैसा कुछ लोगों द्वारा प्रचारित किया जा रहा है.

इस पूरे घटनाक्रम के बीच भरत भूषण तिवारी का परिवार एक बार फिर अपनी मूल मांग पर कायम है. परिजनों का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी विवाद को जन्म देना नहीं, बल्कि भरत भूषण तिवारी को न्याय दिलाना है. परिवार का कहना है कि इस संवेदनशील मामले में भ्रामक सूचनाओं और अपुष्ट दावों से बचना चाहिए, ताकि जांच प्रभावित न हो.

बिहार पुलिस में नौकरी का दावा बना चर्चा का विषय

आशीष तिवारी के भाषण का सबसे चर्चित हिस्सा उसका यह दावा था कि वह बिहार पुलिस में कार्यरत है. उसने कहा कि भरत तिवारी को न्याय दिलाने की लड़ाई में वह अपनी नौकरी तक छोड़ने को तैयार है. सभा में मौजूद लोगों ने उसके इस बयान को काफी गंभीरता से लिया. कई लोगों ने इसे त्याग और संघर्ष की भावना से जोड़कर देखा, लेकिन कार्यक्रम के बाद यह सवाल भी उठने लगा कि क्या वह वास्तव में बिहार पुलिस में कार्यरत है?

फिलहाल, इस संबंध में कोई आधिकारिक दस्तावेज सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं है. न तो पुलिस विभाग की ओर से कोई पुष्टि सामने आई है और न ही आशीष तिवारी की नियुक्ति संबंधी कोई जानकारी सार्वजनिक हुई है. पत्रकारिता के मानकों के अनुसार किसी व्यक्ति के स्वयं के दावे को तब तक प्रमाणित तथ्य नहीं माना जा सकता जब तक उसकी स्वतंत्र पुष्टि न हो जाए.

नौकरी छोड़ने की क्या होती है औपचारिक प्रक्रिया?

आशीष तिवारी ने मंच से यह भी कहा कि वह अपनी नौकरी छोड़ रहा है, लेकिन सरकारी नौकरी छोड़ने की एक निर्धारित प्रक्रिया होती है. इसके लिए संबंधित विभाग को लिखित आवेदन देना होता है और विभागीय स्तर पर स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी होती है. अब तक ऐसी कोई जानकारी सामने नहीं आई है कि आशीष तिवारी ने बिहार पुलिस या संबंधित विभाग को औपचारिक रूप से इस्तीफा सौंपा है. इसलिए उसकी घोषणा को फिलहाल एक सार्वजनिक बयान के रूप में ही देखा जा सकता है.

महापंचायत के बाद आशीष तिवारी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जाने लगा. महापंचायत का आयोजन ऐसे समय में हुआ जब भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर क्षेत्र में भावनाएं काफी तीव्र हैं। परिजनों, ग्रामीणों और समर्थकों में न्याय की मांग को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है. ऐसे माहौल में कई बार लोग भावनाओं में बहकर तीखे या बड़े बयान दे देते हैं. 

अभी भी कई सवालों के जवाब बाकी

आशीष तिवारी के भाषण के बाद कई ऐसे सवाल हैं जिनके जवाब अभी सामने आने बाकी हैं.

  • क्या आशीष तिवारी वास्तव में बिहार पुलिस में कार्यरत हैं?
  • यदि हां, तो वह किस पद और किस इकाई में तैनात हैं?
  • क्या उन्होंने वास्तव में नौकरी छोड़ने के लिए कोई औपचारिक प्रक्रिया शुरू की है?
  • उनके दावों पर पुलिस प्रशासन या संबंधित विभाग का क्या पक्ष है?

इन सवालों के जवाब आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी. आने वाले दिनों में यदि उसके दावों की आधिकारिक पुष्टि होती है तो यह कहानी एक नया मोड़ ले सकती है. वहीं यदि तथ्यों में कोई भिन्नता सामने आती है तो वह भी सार्वजनिक विमर्श का विषय बनेगी.

ये भी पढ़ें- भरत तिवारी एनकाउंटर पर महापंचायत में पहुंचे प्रशांत किशोर, बोले- सम्राट चौधरी के विभाग की जांच हो

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar, Bihar News, Bharat Tiwari Case, Patna News, Bihar Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com