विज्ञापन

किशनगंज रेलवे स्टेशन पर सहकर्मी ने जड़ा ऐसा थप्पड़ कि फट गया अधिकारी के कान का पर्दा

किशनगंज रेलवे स्टेशन पर सफाई को लेकर दो अधिकारियों के बीच हुई कहासुनी देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई. इस मारपीट में एक अधिकारी के कान का पर्दा फट गया.

किशनगंज रेलवे स्टेशन पर सहकर्मी ने जड़ा ऐसा थप्पड़ कि फट गया अधिकारी के कान का पर्दा
किशनगंज रेलवे स्टेशन पर सफाई विवाद में चले थप्पड़, एक अधिकारी के कान का पर्दा फटा
NDTV Reporter

Bihar News: बिहार के किशनगंज रेलवे स्टेशन से शुक्रवार को एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां स्टेशन परिसर की साफ-सफाई को लेकर दो स्वास्थ्य निरीक्षकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई. आरोप है कि एक अधिकारी ने अपने ही साथी को इतनी जोर से थप्पड़ मारा कि पीड़ित के कान का पर्दा फट गया. इस घटना के बाद से रेलवे महकमे में हड़कंप मचा हुआ है.

कहासुनी हाथापाई में बदली

पूरी घटना किशनगंज रेलवे स्टेशन परिसर की है. जानकारी के मुताबिक, ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्य निरीक्षक बासुकीनाथ गुप्ता और उनके सहकर्मी लोकेश कुमार सिंह के बीच स्टेशन की सफाई की व्यवस्था को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी. देखते ही देखते बहस उग्र हो गई और लोकेश कुमार सिंह ने बासुकीनाथ गुप्ता के कान पर कई जोरदार तमाचे जड़ दिए. थप्पड़ का वेग इतना तेज था कि बासुकीनाथ के एक कान से खून निकलने लगा.

GRP थाने में दी शिकायत

पीड़ित रेलवे अधिकारी बासुकीनाथ गुप्ता ने इस हिंसक व्यवहार के खिलाफ तुरंत जीआरपी (GRP) थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. हालांकि, पीड़ित का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक मामले में औपचारिक प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं की गई है. फिलहाल पीड़ित अधिकारी न्याय के लिए आला अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं और अपनी मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

जांच के लिए पहुंची मेडिकल टीम

हालांकि रेलवे स्टेशन पर अधिकारी के साथ हुई इस बदसलूकी की खबर मिलते ही नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया है. डिविजनल मेडिकल ऑफिसर डॉ. देवाशीष पाल अपनी विशेष टीम के साथ किशनगंज पहुंचे. मेडिकल टीम ने पीड़ित के कान की स्थिति की जांच की और पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार कर रही है. रेलवे प्रशासन और जीआरपी दोनों ही अपने-अपने स्तर पर इस मामले की तहकीकात में जुटे हैं.

आरोपी की चुप्पी और बंद कमरे में पूछताछ

इस पूरे विवाद के केंद्र में रहे आरोपी लोकेश कुमार सिंह फिलहाल मीडिया के कैमरों से बचते नजर आ रहे हैं. उन्होंने घटना को लेकर अपनी तरफ से कोई भी सफाई देने से इनकार कर दिया है. इधर, जांच टीम ने दोनों पक्षों को आरोपी के ही कार्यालय में बुलाकर पूछताछ की है. हालांकि, आरोपी के ऑफिस में ही जांच करने को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं, जिस पर जांच अधिकारियों ने चुप्पी साध रखी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.

ये भी पढ़ें:- 'चार बहन है, शादी कैसे करेंगे? सुसाइड कर लेंगे सर' डिप्टी सीएम के आगे फूट-फूटकर रो पड़ा फौजी, बोला- भूमाफिया कर रहे परेशान - Video

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kishanganj Railway Station, Railway Health Inspector Dispute, Bihar Railway News, Slap Incident Kishanganj, Bihar News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com