विज्ञापन

'चार बहन है, शादी कैसे करेंगे? सुसाइड कर लेंगे सर' डिप्टी सीएम के आगे फूट-फूटकर रो पड़ा फौजी, बोला- भूमाफिया कर रहे परेशान - Video

बिहार में सेना का एक जवान उपमुख्यमंत्री के सामने अपनी समस्या बताते हुए रो पड़ा जिसका वीडियो वायरल हो रहा है. रंजीत विजय की रिपोर्ट.

सिपाही सहदेव कुमार और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा
NDTV

बिहार में भूमाफिया से परेशान सेना के एक जवान का वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें सेना का एक जवान बिहार के उपमुख्यमंत्री के सामने फरियाद करते हुए भावुक हो पड़ा और फूट-फूटकर रोने लगा. सहदेव कुमार नाम के इस जवान ने एक जनसंवाद कार्यक्रम में डिप्टी सीएम को बताया कि उसका परिवार भूमाफिया से त्रस्त है और जमीन विवाद के कारण उसके पिता का निधन हो गया और उसके चाचा को ब्रेन हैमरेज हो गया. उसने कहा कि वह माफिया से लड़ पाने में सक्षम नहीं है और इतना मजबूर हो गया है कि उसके जी में सुसाइड करने का खयाल आने लगा है. सेना के एक जवान के इस तरह से सार्वजनिक मंच पर भावुक होने का वीडियो वायरल हो गया है. 

डिप्टी सीएम के कार्यक्रम में मंच पर हुआ भावुक

यह घटना मंगलवार, 2 अप्रैल की है जब बिहार के छपरा शहर के भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह में भूमि सुधार जनकल्याण संवाद में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा लोगों की शिकायतें सुन रहे थे. वहीं, सहदेव कुमार भी अपनी समस्या सुनाने आए जो छपरा के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के निवास हैं. सहदेव सुपौल में सेना में सिपाही के पद पर तैनात हैं. वहीं अपनी समस्या बताते समय वह इतने भावुक हो गए कि मंच पर ही फूट-फूटकर रो पड़े. उन्होंने कहा, “ इंसाफ नहीं मिला तो सुसाइड कर लेंगे सर. मेरी चार बहनें हैं, शादी कैसे करेंगे. हम कोर्ट में जाने में सक्षम नहीं हैं. हम काम करेंगे कि कोर्ट में जाएंगे सर."

जवान को भावुक होता देख उपमुख्यमंत्री ने उसे शांत कराया और कहा कि सुसाइड करना कायरता है. विजय सिन्हा ने कहा,"तुम चले जाओगे तो परिवार को कौन देखेगा? तुम दूसरे की सुरक्षा करते हो, तुम्हें न्याय मिलेगा. मैं सबसे यह कहता हूं कि अगर हम अपराधी से डर गए तो अपराधी हम पर चढ़ जाएगा."

देखें Video-:

डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने इसके बाद जिला प्रशासन को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि इस मामले को देखा जाए और भूमाफियाओं के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की जाए. 

डिप्टी सीएम ने स्पष्ट कहा कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई तेज की जाए और जमीन को मुक्त कराया जाए.

ये भी पढ़ें-: 'बिहार में कभी ऐसा नहीं हुआ', संसद में गूंजा भीड़ के सामने रेप की कोशिश का मुद्दा; पप्पू यादव बोले- फांसी दो

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar, Viral Video, Land Mafia, Bihar News, Vijay Kumar Sinha
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com