- पटना में कांग्रेस की रैली आज
- राहुल गांधी करेंगे रैली को संबोधित
- करीब 30 साल बाद पटना में हो रही है कांग्रेस की रैली
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी रविवार को यहां गांधी मैदान में एक रैली को संबोधित करेंगे. करीब तीन दशक में गांधी मैदान में पार्टी की यह पहली सार्वजनिक सभा होगी. कांग्रेस यह सुनिश्चित करने के लिए जी-तोड़ कोशिश में जुटी है कि रैली बहुत सफल हो. बिहार के पार्टी मामलों के प्रभारी शक्तिसिंह गोहिल ने शनिवार को बताया कि गठबंधन के साझेदारों जैसे तेजस्वी यादव, उपेंद्र कुशवाहा और जीतनराम मांझी को इस कार्यक्रम के लिए निमंत्रण भेजा गया है. कांग्रेस बिहार के महागठबंधन का हिस्सा है. इस महागठबंधन में राजद, रालोसपा, एचएएम भी हैं. मांझी ने इस कार्यक्रम में आने की पुष्टि की है. देखने की बात यह है कि पुलिस कार्रवाई में घायल हुए कुशवाहा कार्यक्रम में जा पायेंगे या नहीं.
पोस्टरों में पीएम मोदी को महिषासुर के रूप में दिखाया गया, कांग्रेस ने बनाई दूरी
हालांकि, राजद नेता तेजस्वी यादव के इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.राहुल गांधी द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष का कार्यभार संभालने के बाद बिहार में उनकी यह पहली जनसभा होगी. कांग्रेस ने इस रैली को 'जन आकांक्षा रैली' का नाम दिया है. इस रैली को को लेकर जहां कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता उत्साहित हैं, वहीं इसमें भाग लेने के लिए लोग एक दिन पहले ही पटना पहुंचने लगे हैं. रैली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और महागठबंधन में शामिल अन्य घटक दलों के नेता हिस्सा लेंगे. कई सफल रैलियों के गवाह रहे गांधी मैदान में अकेले कांग्रेस करीब 30 साल बाद रविवार यानी 3 फरवरी को रैली का आयोजन करने जा रही है.
पटना में कांग्रेस की रैली का क्या मायने हैं...
इस रैली को लेकर पटना की सड़कों, गोलंबरों और चौराहों को पोस्टरों और बैनरों से पाट दिया गया है. कांग्रेस के विधायक से लेकर बिहार के कई विपक्षी सांसद इस रैली को सफल करने में जुटे हैं. इस रैली में भाग लेने के लिए कार्यकर्ता एक दिन पहले पटना पहुंचने लगे हैं. उनके रहने और खाने का प्रबंध पार्टी के विधायकों और विधान पार्षदों के आवास पर किया गया है. ठंड को देखते हुए अलाव का इंतजाम भी किया गया है.
VIDEO: ईवीएम के मुद्दे पर चुनाव आयोग जाएंगे राहुल गांधी
(इनपुट एजेंसी से)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं