- बिहार के सीएम अपराध और क्राइम वाले बयान पर सियासी घमासान
- जन सुराज नेता प्रशांत किशोर ने कल साधा था सीएम पर तंज
- आज बीजेपी ने पलटवार करते हुए प्रशांत को बताई अपराध और क्राइम की परिभाषा
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 'क्राइम और अपराध' संबंधी हालिया बयान पर तंज कसा था. अब बीजेपी ने जन सुराज नेता पर पलटवार किया है. बीजेपी प्रवक्ता नीरज कुमार ने प्रशांत को अपराध और क्राइम की परिभाषा बताई है. उन्होंने विपक्ष से इस पर राजनीति नहीं करने की अपील की. गौरतलब है कि प्रशांत ने कल कहा था कि जब सातवीं कक्षा में अनुत्तीर्ण व्यक्ति को नेता बना दिया जाता है तो इस तरह के बयान की उम्मीद की जा सकती है. बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशोर ने बेगूसराय में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हर पांच से दस दिन में अपने बयानों पर लोगों को हंसने का मौका देते हैं.
बीजेपी का पलटवार
बीजेपी के प्रवक्ता नीरज कुमार कहते हैं कि कानून को जानने वाले जानते हैं कि "All offences are crime but all crime are not offence". उन्होंने कहा कि ये बात तो कानून के किताब में भी लिखा है. अपराध या ऑफेंस उसे कहते हैं जो दंडनीय अपराध हो. क्राइम तो सोसायटी के खिलाफ भी हो सकता है. उन्होंने कहा कि बहुत सी चीजें सोसायटी की नजर में क्राइम हैं लेकिन कानून की नजर में ऑफेंस नहीं होता, अपराध नहीं होता. अपराध होता था जंगलराज के दौरान, जब अपराधियों में कानून का भय नहीं था. आज तो सभी अपराधों में कमी आई है. उन्होंने सीएम सम्राटर के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने ठीक कहा है. विरोधियों को इस पर राजनीति करने की बजाय बिहार को आगे बढ़ाने में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए.
प्रशांत का तंज
किशोर ने कहा कि जब सातवीं कक्षा में अनुत्तीर्ण व्यक्ति को नेता बना दिया जाता है तो इस तरह के बयान की उम्मीद की जा सकती है. मुख्यमंत्री हर पांच से दस दिन में लोगों को हंसने का मौका देते हैं. गौरतलब है कि चौधरी ने हाल ही में नयी दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में दावा किया था कि बिहार में 'क्राइम' हो सकता है, लेकिन 'अपराध' नहीं है.
सम्राट के बयान पर सियासी घमासान
मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद राज्य के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था. मुख्यमंत्री ने कहा था, ''हमारे यहां कोई अपराध नहीं है. अपराध का कॉन्सेप्ट ही खत्म हो चुका है. क्राइम हो सकते हैं, लेकिन अपराध नहीं, कोई अपराधी नहीं है.
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए दो निर्दलीय विधान परिषद सदस्यों के संबंध में पूछे जाने पर किशोर ने कहा कि असंवैधानिक गतिविधियों में कथित रूप से शामिल होने के कारण दोनों की विधान परिषद सदस्यता रद्द की जा सकती है. उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार भी उन्हें बचा नहीं पाएगी. मधुबनी की घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए किशोर ने कहा कि जन सुराज पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है. मधुबनी में बिहार पुलिस के एक सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से गोली चलाकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी. इस घटना में तीन अन्य लोग घायल हो गए थे.
उन्होंने बताया कि जन सुराज के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात की है. उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल से मिली जानकारी और घटना के तथ्यों के आधार पर पार्टी विस्तृत कार्रवाई करेगी.
यह भी पढ़ें | अपराध और क्राइम में फर्क नहीं जानते, चरवाहा विद्यालय में पढ़े हैं क्या?... CM सम्राट चौधरी पर तेज प्रताप यादव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं