बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नीति आयोग की बैठक में हिस्सा लेंगे. नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस बैठक का बहिष्कार करने के अपने निर्णय के बाद कई मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखा है और उन्हें भी ये पत्र मिला है. नीतीश कुमार ने कहा कि बहिष्कार और उसके कारणों के बारे में जो भी ममता बनर्जी ने लिखा है वह उनका अपना विचार है. नीतीश ने कहा कि नीति आयोग की बैठक में कम से कम अपने राज्य की तरफ से बात रखने का मौका मिलता है. पश्चिम बंगाल चुनाव में भाग लेने के बारे में पूछे जाने पर नीतीश ने कहा कि ये वहां की इकाई का फ़ैसला होगा कि वो क्या करेगी. झारखंड के आगामी विधानसभा के बारे में नीतीश का कहना था कि इसके बारे में रविवार को पार्टी को बैठक में फ़ैसला होगा.
यह भी पढ़ें: क्या प्रशांत किशोर ममता बनर्जी के लिए बनाएंगे चुनावी रणनीति? नीतीश कुमार ने दिया यह जवाब...
बता दें कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 15 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में नीति आयोग की होने वाली बैठक में शिरकत करने से इनकार करते हुए इसे 'निरर्थक' बताया है, क्योंकि एक संस्था के तौर पर राज्य की योजनाओं में मदद के लिए इसके पास कोई वित्तीय शक्तियां नहीं हैं. वह प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में भी नहीं आई थीं. पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा में भाजपा के 54 कार्यकर्ताओं की हत्या के दावे को 'गलत' ठहराते हुए उन्होंने 30 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में आने से मना कर दिया था. उन्होंने प्रधानमंत्री को एक पत्र लिखकर नीति आयोग की बैठक में शामिल होने के निर्णय की जानकारी दी थी.
यह भी पढ़ें: BJP-JDU की आपसी खींचतान को लेकर नीतीश कुमार ने तोड़ी चुप्पी, कहा- हम तो हमेशा से ही साथ...
प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में बनर्जी ने कहा है, 'यह तथ्य है कि नीति आयोग के पास न तो कोई वित्तीय शक्तियां हैं और न ही राज्य की योजनाओं में मदद के लिए उसके पास शक्ति है. ऐसे में किसी भी प्रकार की वित्तीय शक्तियों से वंचित ऐसी संस्था की बैठक में शामिल होना मेरे लिए निरर्थक है.' ममता बनर्जी ने इस बैठक का बहिष्कार करने के लिए पत्र लिखकर अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्रियों से भी अपील की थी.
VIDEO: नीति आयोग की बैठक में शामिल होंगे नीतीश कुमार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं