- मुजफ्फरपुर के पियर थाना क्षेत्र के बड़गांव में पुलिस ने एक सरपंच की पिटाई की, जिससे ग्रामीण आक्रोशित हो गए
- गुस्साए ग्रामीणों ने थानेदार रजनीकांत को कई घंटों तक बंधक बनाकर सड़क जाम कर दिया, जिससे इलाके में तनाव बढ़ा
- पुलिस ने बताया कि वाहन जांच के दौरान सरपंच ने विरोध किया, जिससे विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया
मुजफ्फरपुर के पियर थाना क्षेत्र के बड़गांव में पुलिस ने शुक्रवार को एक सरपंच की पिटाई कर दी. इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने थानेदार को बंधक बना लिया. घटना के बाद इलाके में भारी बवाल हुआ. पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है.
सरपंच की पिटाई के बाद मौके पर पुलिस और ग्रामीणों में जमकर विवाद हुआ. गुस्साए ग्रामीणों ने थानेदार को कई घंटों तक बंधक बनाकर रोड जाम कर दिया. घटना के बाद कई थानों की पुलिस के साथ डीएसपी ईस्ट वन अलय वत्स और एडीपीओ ईस्ट टू मनोज कुमार सिंह के साथ जिले की अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंची.

इस दौरान आरोप है कि पुलिस ने सरपंच की पिटाई कर दी, इसके बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए. स्थिति बिगड़ता देख पुलिस द्वारा हवाई फायरिंग की भी बात सामने आ रही है. कई लोगों ने खोखा होने की बात भी कही है.

वहीं इस दौरान पियर थानेदार रजनीकांत को पकड़कर बंधक बना लिया और रोड जाम कर दिया. जिसके बाद कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत के बाद जाम को खाली कराया गया.
फिलहाल पुलिस थानेदार को बंधक से छुड़ाने की कोशिश में जुटी है. मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है. वहीं स्थानीय लोग भी उग्र हैं और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं