नालंदा जिले के राजगीर में चल रहे मलमास मेले में बड़ा हादसा हो गया. मेले में लगाए गए 'सुनामी झूला' से एक युवक झूलने के दौरान नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद मेले की सुरक्षा व्यवस्था और झूलों के संचालन पर सवाल उठने लगे हैं.
झूले से अचानक नीचे गिरा युवक
युवक तेज गति से चल रहे सुनामी झूला में बैठा हुआ था. इसी दौरान अचानक वह झूले से नीचे गिर पड़ा. हैरानी की बात यह रही कि युवक के गिरने के बाद भी कुछ समय तक झूला चलता रहा. बाद में झूला रोके जाने पर घायल युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.
मलमास मेला घूमने गया था युवक
घायल युवक की पहचान नवादा जिले के बीकू गांव निवासी 25 वर्षीय अमन कुमार के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि अमन अपने परिवार के साथ राजगीर मलमास मेला घूमने आया था. मेले में लगे सुनामी झूला में झूलने के दौरान यह हादसा हो गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए.
झूले के संचालन पर लगी रोक
घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तत्काल प्रभाव से संबंधित झूला के संचालन पर रोक लगा दी है, और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि राजगीर मलमास मेला में कई ऐसे झूले लगाए गए हैं, जो सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं हैं. बावजूद इसके प्रशासनिक अनुमति के साथ इनका संचालन किया जा रहा है. हादसे के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है और मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं. फिलहाल घायल युवक का इलाज जारी है और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है.
राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि घायल युवक को पहले अनुमंडलीय अस्पताल राजगीर ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए विम्स पावापुरी रेफर किया गया. विम्स के चिकित्सकों ने हालत नाजुक होने पर उसे पटना पीएमसीएच भेज दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
यह भी पढ़ें: कार में बैठे कुत्ते ने चलाई शॉटगन और गोली ट्रैफिक में खड़ी महिला को लगी, अमेरिका में यह पहली बार नहीं हुआ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं