विज्ञापन

कार में बैठे कुत्ते ने चलाई शॉटगन और गोली ट्रैफिक में खड़ी महिला को लगी, अमेरिका में यह पहली बार नहीं हुआ

अमेरिका में ऐसा मामला सामने आया जिसे यकीन करना मुश्किल हो रहा है. कार में बैठे कुत्ते ने लगती से शॉटगन चला दी है जिससे दूर खड़ी महिला को जाकर गोली लगी है.

कार में बैठे कुत्ते ने चलाई शॉटगन और गोली ट्रैफिक में खड़ी महिला को लगी, अमेरिका में यह पहली बार नहीं हुआ
अमेरिका में गलती से कुत्ते ने चलाई गोली (प्रतिकात्मक फोटो)

अमेरिका में एक बेहद अजीब और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कुत्ते ने गलती से बंदूक चला दी. घटना इतनी हैरान करने वाली थी कि पेट्रोल पंप पर खड़ी गाड़ी से चली गोली दूर ट्रैफिक सिग्नल पर खड़ी एक महिला को जा लगी. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो उन्हें गाड़ी के अंदर कुत्ता और धुआं छोड़ती शॉटगन मिली. यह घटना अब सोशल मीडिया और अमेरिकी मीडिया में चर्चा का बड़ा विषय बन गई है. पुलिस का कहना है कि कुत्ता पीछे की सीट पर खेलते-खेलते बंदूक तक पहुंच गया और उसी दौरान कई गोलियां चल गईं.

क्या है पूरा मामला

न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के नेब्रास्का राज्य के स्कॉट्सब्लफ में वीकेंड के दौरान एक कुत्ते ने गलती से पिकअप ट्रक के अंदर शॉटगन चला दी. स्थानीय पुलिस ने पुष्टि की कि पास के रेड लाइट पर इंतजार कर रही एक महिला घायल हो गई. यह अजीब घटना शनिवार दोपहर से ठीक पहले शॉर्ट स्टॉप नाम की एक बेसबॉल थीम वाले कन्वीनियंस स्टोर पर हुई.

स्कॉट्सब्लफ पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, कुत्ते का मालिक दुकान के अंदर गया था और उसने गाड़ी में कुत्ते और एक दूसरे यात्री को छोड़ दिया था. जब मालिक दुकान में था, तब कुत्ता पीछे की सीट पर इधर-उधर पंजे मारते हुए घूमने लगा और उसे एक शॉटगन मिल गई। पुलिस के मुताबिक, किसी तरह उस जानवर से बंदूक चल गई और यात्री वाली तरफ के दरवाजे से कई गोलियां निकल गईं.

उनमें से एक गोली पेट्रोल पंप की पार्किंग पार करते हुए कुछ दूरी पर ट्रैफिक सिग्नल पर खड़ी एक महिला को जा लगी. बताया गया कि ट्रक से बाहर निकला यात्री हैरानी से देखता रह गया कि आखिर कुत्ते ने बंदूक कैसे चला दी. महिला के हाथ में गोली लगी और उसे अस्पताल ले जाया गया. पुलिस ने कहा कि उसकी चोट जानलेवा नहीं है.

शुरुआत में पुलिस को सूचना मिली थी कि कोई बीबी गन चला रहा है, लेकिन मौके पर पहुंचने पर उन्हें ट्रक के अंदर कुत्ता और धुआं छोड़ती शॉटगन मिली. नेब्रास्का के कानून के मुताबिक किसी भी हाईवे पर वाहन में भरी हुई शॉटगन लेकर यात्रा करना बैन है. इसका उल्लंघन करने पर कम से कम 50 डॉलर के जुर्माने वाला मामूली अपराध माना जाता है.

पुलिस ने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है. यह पहली बार नहीं है जब अमेरिका में किसी कुत्ते से गलती से बंदूक चल गई हो, लेकिन अधिकारियों ने कहा कि स्कॉट्सब्लफ का मामला इसलिए अलग है क्योंकि गोली काफी दूर तक गई और वाहन के बाहर मौजूद व्यक्ति को लगी.

यह भी पढ़ें: ट्रंप की वजह से अफ्रीका के इस देश में बकरे महंगे क्यों हो गए | BAKRID 2026

लेखक के बारे में
img
Ashutosh Kumar Singh
Chief Sub Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Crime News, Dog, Dog Crime
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com