- JDU विधायक अनंत सिंह पर सोमवार को 2 थानों में 3 FIR दर्ज हुई हैं.
- उन पर आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का आरोप दर्ज किया गया है.
- अनंत सिंह ने जनसुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार किया था.
जेडीयू विधायक अनंत सिंह पर आचार संहिता उल्लंघन का आरोप दर्ज हुआ है. उन पर बिहार पुलिस ने बाढ़ थाने में दो और मोकामा थाने में एक एफआईआर दर्ज की है. मोकामा विधायक अनंत सिंह ने जनसुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार किया था. जहां रोड शो में उन पर नियमों की अनदेखी का आरोप लगा है. अनंत सिंह का स्वागत प्रचार के दौरान जेसीबी पर खड़े होकर फूल बरसाकर किया गया था. बाद में स्थानीय प्रशासन को जाम खुलवाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा था. इसी मामले में प्रशासन ने कठोर कदम उठाते हुए मोकामा के विधायक अनंत सिंह और आयोजक के खिलाफ केस दर्ज किया है. अनंत सिंह ने जेडीयू के प्रत्याशी नीरज सिंह का खुलकर विरोध किया है, उन्होंने जनसुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह को समर्थन दिया है.
अनंत सिंह के स्वागत में 11 जेसीबी खड़ी थी
पटना के मोकामा विधायक अनंत सिंह आज जनसुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के लिए प्रचार कर रहे थे. उनके रोड शो में 11 जेसीबी गाड़ियों के शामिल होने की बात सामने आई है. जबकि अनुमति केवल 10 गाड़ियों के लिए थी. उन पर जेसीबी मशीनों से फूलों की बारिश करवाई गई थी. एसडीपीओ रामकृष्ण ने बताया कि कुल तीन मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें दो प्राथमिकी बाढ़ थाना और एक मामला मोकामा थाना में दर्ज किया गया है. पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.
पार्टी लाइन से अलग है अनंत सिंह
जदयू विधायक अनंत सिंह इस बार पार्टी लाइन से अलग हैं. वह एमएलसी चुनाव में पटना स्नातक सीट जदयू कैंडिडेट नीरज कुमार के खिलाफ प्रचार में जुटे हैं, जनसुराज के प्रशांत किशोर ने इस सीट से अनुज सिंह को मैदान में उतारा है, जिसे अनंत सिंह ने समर्थन दिया है. वह उनके प्रचार में भी लगातार भाग ले रहे हैं. जिससे पटना में राजनीतिक माहौल गर्माया हुआ है. अनंत सिंह का कहना है कि इस बार के चुनाव में अनुज सिंह की ही जीत होगी.
ये वीडियो भी देखिए.
अनंत सिंह का कहना है कि उनकी और नीरज सिंह की लड़ाई है. उन्होंने हर विधानसभा चुनाव में मेरा विरोध किया है. वहीं अब अनंत सिंह पर एफआईआर होने के बाद मामला और गर्माता जा रहा है.
इनपुट:गोविंद कुमार
ये भी पढ़ेंः 'बिहार के सबसे अच्छे नेताओं में नीतीश कुमार भी हैं', प्रशांत किशोर ने की पूर्व सीएम की जमकर तारीफ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं