विज्ञापन
This Article is From Mar 18, 2026

गया एयरपोर्ट पर तीन दिन तक लावारिस पड़े थे दो बैग, खोला तो निकला 10 करोड़ का गांजा, कोई लेने भी नहीं आया

कस्टम विभाग पूरे मामले की गहन जांच कर रहा है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इन बैग को एयरपोर्ट तक कौन लाया और इन्हें लेने कोई क्यों नहीं पहुंचा.

गया एयरपोर्ट पर तीन दिन तक लावारिस पड़े थे दो बैग, खोला तो निकला 10 करोड़ का गांजा, कोई लेने भी नहीं आया
bihar gaya airport ganja seized news
  • गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बैंकॉक से आए संदिग्ध बैग से दस करोड़ रुपये मूल्य का हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद
  • बैग तीन दिनों तक हवाई अड्डे पर लावारिस पड़ा रहा, लेकिन कोई भी यात्री उसे लेने नहीं पहुंचा था
  • कस्टम विभाग ने बैग की तलाशी के दौरान करीब दस किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाला हाइड्रोपोनिक गांजा पाया
गया:

बिहार के गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकॉक से आए संदिग्ध बैग से 10 करोड़ रुपये मूल्य का हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया. हैरत की बात तो यह रही कि गांजे से भरा बैग तीन दिनों तक 
लावारिस पड़ा रहा पर कोई उसे लेने नहीं आया.  

जानकारी के अनुसार, 14 मार्च को थाई एयरवेज की बैंकॉक से आई एक शेड्यूल फ्लाइट से पहुंचे दो संदिग्ध बैग को कस्टम अधिकारियों ने जांच के दौरान अलग कर लिया था. बैग की स्थिति और उसमें मौजूद सामान को लेकर अधिकारियों को संदेह हुआ, जिसके बाद उन्हें निगरानी में रखा गया. चौंकाने वाली बात यह रही कि ये दोनों बैग एयरपोर्ट पर लगातार तीन दिनों तक लावारिस पड़े रहे, लेकिन कोई भी यात्री उन्हें लेने नहीं पहुंचा.इससे कस्टम विभाग का शक और गहरा गया, जिसके बाद अधिकारियों ने नियमों के तहत बैग की तलाशी लेने का फैसला किया.

 यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर:पॉक्सो के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस पर गांववालों का हमला, आधी रात ताबड़तोड़ फायरिंग, एक की मौत

क्या कोई गिरोह सक्रिय?

तलाशी के दौरान बैग के अंदर से करीब 10 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद किया गया. यह गांजा पारंपरिक तरीके से नहीं, बल्कि उन्नत तकनीक यानी हाइड्रोपोनिक विधि से तैयार किया जाता है, जिसकी गुणवत्ता और कीमत दोनों काफी अधिक होती हैं. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये आंकी गई है. इस बरामदगी के बाद एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड में आ गईं.कस्टम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह मामला अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी से जुड़ा हो सकता है और इसके पीछे संगठित गिरोह की भूमिका से इंकार नहीं किया जा सकता.

बैग लेकर एयरपोर्ट लेकर कौन पहुंचा?

फिलहाल कस्टम विभाग पूरे मामले की गहन जांच कर रहा है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इन बैग को एयरपोर्ट तक कौन लाया और इन्हें लेने कोई क्यों नहीं पहुंचा. साथ ही अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय कर तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की दिशा में कार्रवाई जारी है.

 यह भी पढ़ें-  गया में ईंट भट्ठे पर बंधुआ मजदूरी का खुलासा, 62 का रेस्क्यू, आरोपी हुआ फरार


गया से रंजन सिन्हा की रिपोर्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar News, Bihar Gaya Airport, Gaya Airport News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com