विज्ञापन

जिस घर से उठी थी बेटी की डोली, वहां से एक साथ निकलीं 4 अर्थियां; सोनपुर में दहला देने वाली घटना

हादसे में नवविवाहिता की मां समेत चार लोगों की जान चली गई. जिस घर से चार दिन पहले बेटी की डोली उठी थी, अब उसी घर में एक साथ चार अर्थियां उठने की तैयारी है.

जिस घर से उठी थी बेटी की डोली, वहां से एक साथ निकलीं 4 अर्थियां; सोनपुर में दहला देने वाली घटना
  • सोनपुर थाना क्षेत्र के बैजलपुर घाट पर चौठारी की रस्म के दौरान गंगा स्नान करते समय चार लोग डूब गए.
  • हादसे में नवविवाहिता की मां सहित दो महिलाओं की मौत हो गई और दो बच्चों की गंडक नदी में तलाश जारी है.
  • मृतकों में बबीता देवी और रवि कुमार की पत्नी गुड़िया देवी शामिल हैं, दोनों महिलाएं नदी से बाहर निकाली गईं.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
सोनपुर:

बिहार के सोनपुर से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है. जानकारी के अनुसार बेटी की शादी के बाद गंगा स्नान करना पुण्य का कार्य होता है, लेकिन किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि यही धार्मिक परंपरा एक परिवार के लिए जीवनभर का गम बन जाएगी.

यह दर्दनाक घटना सारण जिले के सोनपुर थाना क्षेत्र के बैजलपुर घाट की है. घर में बेटी की शादी की शहनाइयां अभी थमी भी नहीं थीं. शादी को महज चार दिन हुए थे और परिवार के सदस्य चौठारी की रस्म निभाने गंगा स्नान के लिए घाट पर पहुंचे थे. आस्था के अनुसार मां और अन्य परिजन गंगा में स्नान कर रहे थे, तभी अचानक बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. देखते ही देखते अफरा‑तफरी मच गई और चार लोग गंगा की तेज धार में समा गए.

चीख‑पुकार सुनकर स्थानीय लोग और गोताखोर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. इस हादसे में नवविवाहिता की मां समेत चार लोगों की जान चली गई. जिस घर से चार दिन पहले बेटी की डोली उठी थी, अब उसी घर में एक साथ चार अर्थियां उठने की तैयारी है.

मृतकों की पहचान बैजलपुर निवासी जनार्दन सिंह की 42 वर्षीय पत्नी बबीता देवी और पटना जिले के बख्तियारपुर निवासी रवि कुमार की 40 वर्षीय पत्नी गुड़िया देवी के रूप में हुई है. वहीं, डूबे हुए दो बच्चों की तलाश गंडक नदी में की जा रही है. इनमें एक 16 साल की लड़की और 15 साल का लड़का शामिल है. जनार्दन सिंह की पुत्री की शादी बीते सोमवार को हुई थी और चौठारी की रस्म के तहत सभी परिजन नदी स्नान के लिए आए थे. स्थानीय लोगों की मदद से दो महिलाओं को नदी से बाहर निकाला गया, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

सोनपुर थाना के SHO दिलीप कुमार ने NDTV से बातचीत में बताया कि पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचकर गंडक नदी में तलाशी अभियान चला रही है. उन्होंने बताया कि सभी मृतक एक ही परिवार से जुड़े हैं, दो महिलाओं के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि दो बच्चों की खोजबीन अभी जारी है. घटना के बाद पीड़ित परिवारों का रो‑रोकर बुरा हाल है.

ये भी पढ़ें :  हरिहरनाथ मंदिर कॉरिडोर, महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी... सम्राट कैबिनेट की पहली बैठक में 22 एजेंडों पर मुहर

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com