- दरभंगा स्नातक सीट की मतगणना लगभग साठ घंटे चली और अंततः आरजेडी के अनिल कुमार झा ने जीत हासिल की.
- दरभंगा स्नातक सीट की मतगणना के दौरान राजनीतिक तनाव और विवाद के कारण पांच लोगों को हिरासत में लिया गया.
- बीजेपी के प्रत्याशी सर्वेश कुमार ने आरजेडी के अनिल झा को जीत की बधाई देते हुए सौहार्दपूर्ण माहौल दिखाया.
पटना के बाद बिहार MLC चुनाव में दरभंगा सबसे चर्चित सीट बनकर उभरी. यहां शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का परिणाम दूसरे दिन ही घोषित हो गया था. लेकिन स्नातक सीट की मतगणना तीन दिनों तक चली. आखिरकार अंतिम दौर में बड़ा उलटफेर करते हुए RJD उम्मीदवार अनिल झा ने जीत दर्ज कर ली. मतगणना केंद्र के बाहर बीजेपी के प्रत्याशी सर्वेश कुमार ने अनिल झा को जीत की बधाई दी. दोनों उम्मीदवारों ने एक-दूसरे से मुलाकात कर सौहार्दपूर्ण माहौल का परिचय दिया. सियासी प्रतिद्वंद्वी RJD और BJP प्रत्याशी गले मिले. इस दौरान सर्वेश कुमार ने कहा, "मुझे खुशी है कि अनिल झा जैसे अनुभवी और जमीनी राजनीतिक कार्यकर्ता को जीत मिली है. वह लंबे समय से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय हैं और लोगों की समस्याओं को समझते हैं.
मतगणना के दौरान हाई-वोल्टेज सियासी ड्रामा
हालांकि, दरभंगा स्नातक सीट की मतगणना के दौरान हाई-वोल्टेज सियासी ड्रामा भी देखने को मिला. काउंटिंग के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा और माहौल कई बार तनावपूर्ण हो गया. स्थिति को देखते हुए करीब पांच लोगों को हिरासत में लिया गया. विवाद बढ़ने पर मतगणना केंद्र पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा. आखिरकार लगभग 60 घंटे तक चली लंबी गिनती के बाद परिणाम RJD के पक्ष में गया.
अनिल कुमार झा ने कहा कि राजद नेता तेजस्वी यादव ने उन पर दो बार भरोसा जताते हुए उन्हें उम्मीदवार बनाया. इसके लिए उन्होंने तेजस्वी यादव के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि स्नातक मतदाताओं ने जाति और धर्म से ऊपर उठकर उन्हें समर्थन दिया है. इसके लिए उन्होंने सभी मतदाताओं का धन्यवाद किया. मतगणना में गड़बड़ी के आरोपों के संबंध में पूछे जाने पर अनिल कुमार झा ने कहा कि मतगणना निष्पक्ष तरीके से कराई जा रही है. अधिकारियों ने बिना किसी भेदभाव के मतगणना की प्रक्रिया पूरी की है. उन्होंने मतगणना में धांधली के आरोपों को खारिज करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया पर भरोसा जताया.
MLC चुनाव में बिहार में किसको कितना सीट मिला?
पटना शिक्षक: डॉ. संजीव कुमार (RJD)
दरभंगा शिक्षक: एसपी राय (जन सुराज)
दरभंगा स्नातक: अनिल कुमार झा (RJD)
तिरहुत शिक्षक: नरेंद्र सिंह (BJP)
सारण शिक्षक: राहुल राज (निर्दलीय)
कोसी स्नातक: एनके यादव (BJP)
पटना स्नातक: नीरज कुमार (JDU)
तिरहुत स्नातक: बंशीधर बृजवासी (निर्दलीय)
ये भी पढ़ें : MLC Election Results: यूपी में BJP सबसे आगे, महाराष्ट्र में NCP दम, बिहार में किसकी बल्ले-बल्ले?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं