बिहार और केंद्र में भाजपा की सरकार होने के बावजूद ख़ासकर भाजपा के सांसदों को ये भरोसा नहीं कि सरकार अपने पैसे से हर ब्लॉक हॉस्पिटल में आईसीयू बनवा सकती है. इसलिए भाजपा के बिहार से सांसद एमपीलैड से 25-25 लाख का अनुदान दे रहे हैं. ये निर्णय बिहार भाजपा के अध्यक्ष और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने तीन दिन पहले दिल्ली में लिया था. और अब सांसद इस सम्बंध में अपने संसदीय क्षेत्र में जिलाधिकारी को पत्र लिखकर उन ब्लॉक के अस्पतालों का ब्योरा दे रहे हैं जहां पर उनके फंड से ICU का निर्माण होना है. इस संबंध में सबसे पहले पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने मोतिहारी के जिलाधिकारी को पत्र लिख कर अरेराज और चकिया के रेफ़रल अस्पताल में 30 लाख की राशि आवंटित की है.
क्या बिहार सरकार के पास 100 बेड का ICU बनाने के लिए भी पैसा नहीं है?
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहले मुजफ्फरपुर के श्रीकृष्ण मेमोरियल अस्पताल में 100 बेड के आईसीयू और रिसर्च सेंटर के निर्माण के लिए पहले ही निर्देश जारी कर चुके हैं, जबकि उसी काम के लिए बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री से फंड की मांग कर चुके हैं. मुजफ्फरपुर में 100 बेड के आईसीयू और रिसर्च सेंटर के लिए सुशील मोदी ने केंद्रीय वित्त मंत्री से 100 करोड़ रुपये की मांग की है.
VIDEO: प्राइम टाइम : मुजफ्फरपुर में 100 से ज़्यादा बच्चों की मौत का ज़िम्मेदार कौन?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं