विज्ञापन

बिहार के 11 जिलों में आज आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट, IMD ने कहा- जल्द सताएगी 44°C वाली गर्मी

Bihar Weather Update: मौसम विभाग ने बिहार के 11 जिलों में आज आंधी और बिजली का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. बदलते मौसम का सबसे ज्यादा असर पश्चिमि बिहार के जिलों में पड़ने वाला है. देखिए, कहीं आपके जिले का नाम तो लिस्ट में नहीं...

बिहार के 11 जिलों में आज आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट, IMD ने कहा- जल्द सताएगी 44°C वाली गर्मी
बिहार मौसम अपडेट: 11 जिलों में आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट. (सांकेतिक तस्वीर)
IANS

Bihar Weather Today: बिहार के मौसम का मिजाज आज (31 मई 2026) काफी मिला-जुला रहने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कुछ हिस्सों में रविवार को तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका है, जबकि आने वाले कुछ ही दिनों में तापमान तेजी से बढ़ने वाला है जिससे लोगों को भयंकर गर्मी का सामना करना पड़ेगा.

कहां है आंधी और बिजली का अलर्ट?

आज बिहार के कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली कड़कने का अनुमान है. इसे देखते हुए मौसम विभाग ने पश्चिमी बिहार के 11 जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है. इन जिलों में पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, अरवल और औरंगाबाद शामिल हैं. 

इसके अलावा, पटना, गया, मुजफ्फरपुर और भागलपुर जैसे मध्य और दक्षिणी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, यानी यहां भी मौसम बिगड़ सकता है और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. वहीं, सुपौल और पूर्णिया जैसे उत्तर-पूर्वी जिलों में मौसम साफ रहेगा और वहां के लिए कोई चेतावनी नहीं है.

गर्मी और तापमान का क्या है हाल?

अगर आपको लग रहा है कि आंधी-पानी से मौसम ठंडा होगा, तो ऐसा नहीं है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन-चार दिनों के भीतर पूरे राज्य में दिन के तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होगी. सबसे ज्यादा झुलसाने वाली गर्मी दक्षिण-पश्चिम बिहार (बक्सर, भोजपुर, रोहतास आदि) में पड़ रही है. आज यहां का तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास है, जो 2 जून तक और बढ़कर 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. बाकी हिस्सों में भी अगले कुछ दिनों में पारा तेजी से ऊपर जाएगा.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

आंधी-तूफान का यह खतरा बहुत लंबे समय तक नहीं रहने वाला है. 2 जून से लेकर 5 जून तक पूरे बिहार में मौसम एकदम साफ हो जाएगा. मौसम विभाग ने इन तारीखों के लिए राज्य में कोई भी चेतावनी जारी नहीं की है. इस दौरान आसमान साफ रहेगा, तेज धूप निकलेगी और मौसम पूरी तरह से सूखा रहेगा, जिससे उमस और गर्मी महसूस होगी.

बचाव के लिए क्या करें?

खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. जब भी तेज हवा चले या बिजली कड़के, तो तुरंत किसी पक्के घर के अंदर चले जाएं. भूलकर भी ऊंचे पेड़ों या बिजली के खंभों के पास खड़े न हों. आंधी के समय कच्चे मकानों या टीन के शेड वाली जगहों से दूर रहें क्योंकि इन्हें नुकसान पहुंच सकता है. साथ ही, घर के इलेक्ट्रॉनिक सामानों के प्लग निकाल दें ताकि बिजली चमकने पर वे सुरक्षित रहें.

ये भी पढ़ें:- 'तुम्हारे अहंकार का नतीजा, लोगों ने अंडे-जूते मारे...' अभिषेक बनर्जी पर हमले को लेकर BJP का पलटवार- 'हम ऐसी राजनीति नहीं करते'

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com