विज्ञापन

बिहार: भतीजे के मर्डर में गवाही देने वाले चाचा की हत्या, ग्रामीणों ने NH-22 किया जाम, SHO सस्पेंड

बिहार के जहानाबाद में मुन्ना कुमार सिंह की हत्या के बाद उसके परिवार वालों ने NH-22 पर जमकर हंगामा किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने लापरवाही के आरोप में भेलावर थाना इंचार्ज को सस्पेंड कर दिया.

बिहार: भतीजे के मर्डर में गवाही देने वाले चाचा की हत्या, ग्रामीणों ने NH-22 किया जाम, SHO सस्पेंड
Jehanabad News
NDTV

Jehanabad News: ​बिहार के जहानाबाद में बीते रविवार को अपराधियों की गोली का शिकार हुए एक व्यक्ति की मौत के बाद स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई.घटना से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने  सोमवार को जमकर बवाल काटा. वहीं  लापरवाही बरतने के आरोप में थानाध्यक्ष  को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया.

क्या है मामला

दरअसल, 7 जून की देर शाम अपराधियों ने निसरपुरा गांव के निवासी मुन्ना कुमार सिंह को घेरकर गोली मार दी थी. गंभीर हालत में उन्हें पटना के पीएमसीएच (PMCH) में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार तड़के इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.

मुन्ना कुमार की मौत की खबर सुनते ही ग्रामीणों के सब्र का बांध टूट गया. नाराज ग्रामीणों ने मुन्ना कुमार के शव को टेहटा थाना क्षेत्र के बाईपास एनएच-22 पर रखकर सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया.

बिजली के पोल और पत्थर रखकर हाईवे किया जाम

 ग्रामीणों ने हाइवे के बीचो-बीच बिजली के पोल, ईंट और पत्थर रखकर आवागमन को पूरी तरह से ठप कर दिया. इसके कारण एनएच-22 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.प्रदर्शन कर रहे लोग पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे और अपराधियों के एनकाउंटर की मांग पर अड़े थे.

 भतीजे का मर्डर केस लड़ने करने पर मिली मौत

​घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि यह पूरा विवाद 24 दिन पहले  मुन्ना कुमार के भतीजे शिवम की हत्या से जुड़ा है. बीते 15 मई को भतीजे शिवम कुमार उर्फ गोलू की गांव के ही कुछ दबंगों ने बेरहमी से हत्या कर दी थी. मुन्ना कुमार भतीजे को न्याय दिलाने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रहे थे. जिसे लेकर आरोपी मृत्तक पर केस वापस लेने के लिए  दबाव बना रहे थे. इसके लिए उसे लगातार धमकियां दी जा रही थीं. रविवार की शाम जब वह भेलावर थाना क्षेत्र के जलालपुर ईंट भट्ठे के पास से गुजरा, तभी घात लगाए अपराधियों ने उसे गोली मार दी. 

परिजनों का गंभीर आरोप

परिवार का आरोप है कि मुन्ना कुमार को मिल रही धमकियों के बारे में उन्होंने कई बार भेलावर थाना पुलिस को लिखित और मौखिक सूचना दी थी. लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया.

अपराधियों की इनकाउंटर करने की मांग

 मुन्ना कुमार की हत्या के बाद अब परिजन अपराधियों का इनकाउंटर करने की मांग कर रहे है.  इसी को लेकर उन्होंने हाइवे जाम किया थी. जिसकी सूचना मिलते ही जहानाबाद एसपी अपराजित लोहान और सदर एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. मामले की गंभीरता को देखते हुए गुस्साए लोगों को समझाने और शांत कराने का प्रयास किया.

थानाध्यक्ष पर गिरी गाज

 ​मामले की गंभीरता और स्थानीय पुलिस की लापरवाही को देखते हुए एसपी ने मौके पर कड़ा अनुशासनात्मक एक्शन लेते हुए कर्तव्यहीनता के आरोप में भेलावर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया.

मामले की जांच में जुटी पुलिस

 एसपी ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि इस मामले में संलिप्त सभी अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा. इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ और उन्होंने एनएच-22 से जाम हटाया. इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की और हाईवे पर यातायात सुचारू कराया. फिलहाल क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है.

यह भी पढ़ें: Bihar: आवासीय स्कूल के हॉस्टल में 6 वर्षीय मासूम का शव पाइप से बंधा मिला, स्कूल संचालक फरार

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com