Bihar News: बिहार के दरभंगा जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र के बनरी ढलान के पास बुधवार को सुबह एक भीषण नाव हादसा हुआ था. मूंग तोड़ने जा रहे 10 लोगों से भरी हुई नाव पलट गई. नाव पर सवार कई लोग नदी के तेज बहाव में समा गए थे. इसके बाद बड़े लेवल पर यहां रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया है. जिसमें अभी तक इसमें 7 लोगों को निकाल लिया गया है और अभी भी 3 लोग लापता थे. वहीं अब इसमें कंचन देवी की बॉडी मिल गई है और अमीरा कुमारी पति राजाराम सदा और नेहा कुमारी उम्र 11 वर्ष व अभी भी लापता है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नाव पर क्षमता से कहीं ज्यादा लोग सवार थे. सभी ग्रामीण नदी के दूसरी ओर अपने खेत में मूंग की फसल काटने के लिए जा रहे थे. नदी के बीचों-बीच पहुंचते ही नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पूरी तरह पलट गई. पानी में गिरते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए संघर्ष करने लगे.
ग्रामीण बने फरिश्ते
हादसा होते ही आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाई और अपनी जान जोखिम में डालकर नदी में कूद गए. स्थानीय लोगों की मदद से करीब 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था. हालांकि अभी भी 2 लोगों के लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
इससे पहले मंगलवार को सुपौल जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र में सुबह कोसी नदी में नाव हादसा हुआ. जानकारी के अनुसार, बनेनिया घाट से दर्जनों ग्रामीण नाव पर सवार होकर नदी पार स्थित पलार क्षेत्र में मूंग तोड़ने जा रहे थे. इसी दौरान कोसी नदी में नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग नदी में बह गए. प्रत्यक्षदर्शियों और बचाई गई महिलाओं ने बताया कि नाव पर उसकी क्षमता से अधिक लोग सवार थे. नदी के बीच पहुंचने के बाद अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई.
स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया और नदी में डूब रहे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया. ग्रामीणों की मदद से चार से पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि कई अन्य लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई. नाव पर कुल कितने लोग सवार थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई. (दरभंगा से प्रमोद कुमार गुप्ता और सुपौल से अभिषेक कुमार की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें- दौसा: फर्जी प्लॉटिंग कर करवाए 130 फार्मों पर हस्ताक्षर, पुलिस ने भू-माफियाओं पर कसा शिकंजा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं