- बिहार के बेतिया स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज में एक मां अपनी बीमार बेटी को गोद में लेकर भटकती नजर आईं
- सयाना खातून की तबीयत खराब होने पर उसे इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था, लेकिन स्टेचर उपलब्ध नहीं कराया गया
- स्टेचर न मिलने के कारण बच्ची की मां डॉक्टर और इलाज की तलाश में अस्पताल परिसर में इधर-उधर घूमती रहीं
बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) की व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है. अस्पताल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक मां अपनी 11 वर्षीय बीमार बेटी को गोद में उठाकर अस्पताल परिसर में इधर-उधर भटकती दिखाई दे रही है. वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं को लेकर बहस शुरू हो गई है.
तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल पहुंची थी बच्ची
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में दिखाई दे रही बच्ची का नाम सयाना खातून है. वह चनपटिया थाना क्षेत्र के महना गांव की रहने वाली है. बच्ची के पिता का नाम नजीर अंसारी बताया गया है. परिजनों के मुताबिक अचानक तबीयत खराब होने पर बच्ची को इलाज के लिए बेतिया जीएमसीएच लाया गया था. अस्पताल पहुंचने के बाद परिवार को उम्मीद थी कि बच्ची को तुरंत चिकित्सा सहायता मिलेगी. लेकिन आरोप है कि बच्ची को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने के लिए स्ट्रेचर उपलब्ध नहीं कराया गया.
डॉक्टर की तलाश में अस्पताल में घूमती रही मां
परिजनों का कहना है कि स्ट्रेचर नहीं मिलने के कारण बच्ची की मां उसे गोद में उठाकर अस्पताल परिसर में डॉक्टर और इलाज की तलाश करती रही. इस दौरान अस्पताल में मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया. बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो में मां की परेशानी साफ दिखाई दे रही है. इस दृश्य ने आम लोगों को भी भावुक कर दिया है और अस्पताल की व्यवस्थाओं पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
अस्पताल प्रशासन ने मानी कर्मचारियों की कमी
मामला सामने आने के बाद अस्पताल अधीक्षक अनिल कुमार ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि उन्होंने वायरल वीडियो देखा है. उनके अनुसार अस्पताल में कुछ कर्मचारियों की कमी है, जिसकी वजह से ऐसी स्थिति बनी हो सकती है. अधीक्षक ने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों की कमी को दूर करने का प्रयास किया जाएगा. साथ ही पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- भोपाल में ₹1.20 करोड़ का इंस्टाग्राम रील वाला झूठ: ₹100 का लालच दे 17 साल के रेहान के कत्ल का राज खुला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं