विज्ञापन

बिहार बिजनेस कनेक्ट 2027 फरवरी में होगा आयोजित, 2 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों पर सरकार की नजर

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार बिजनेस कनेक्ट 2027 पोर्टल लॉन्च करते हुए बताया कि राज्य को करीब 2 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं.

बिहार बिजनेस कनेक्ट 2027 फरवरी में होगा आयोजित, 2 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों पर सरकार की नजर
दुनिया भर के प्रवासी बिहारियों को सम्राट चौधरी का न्योता.
  • मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार फाउंडेशन की नई वेबसाइट और बिहार बिजनेस कनेक्ट 2027 पोर्टल का शुभारंभ किया है
  • बिहार फाउंडेशन का उद्देश्य दुनिया भर में बसे बिहारियों को उनकी मातृभूमि से जोड़कर विकास में योगदान देना है
  • अमेरिका, जापान, जर्मनी समेत कई देशों के प्रवासी बिहारियों ने राज्य में हो रहे विकास और निवेश को समर्थन दिया है

बिहार में निवेश और औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने के लिए सरकार ने बड़ी पहल की है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद सभागार में बिहार फाउंडेशन की नई वेबसाइट और बिहार बिजनेस कनेक्ट 2027 पोर्टल का शुभारंभ किया. इस दौरान 'बिहार है तैयार' अभियान की भी शुरुआत की गई. कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देश और विदेश में मौजूद बिहार फाउंडेशन के 55 चैप्टरों के प्रतिनिधि शामिल हुए.

प्रवासी बिहारियों से जुड़कर विकास को मिलेगी गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार फाउंडेशन का उद्देश्य दुनिया भर में रह रहे बिहार मूल के लोगों को अपनी मातृभूमि से जोड़ना है. उन्होंने कहा कि प्रवासी बिहारियों के ज्ञान, अनुभव, कौशल और संसाधनों का उपयोग राज्य के विकास में किया जाएगा. उन्होंने लोगों से अपील की कि चाहे उनकी कर्मभूमि कहीं भी हो लेकिन जन्मभूमि के विकास में योगदान देना भी उनकी जिम्मेदारी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के गौरव और पहचान को फिर से नई ऊंचाई पर पहुंचाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है.

2 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में उद्योगों को लेकर निवेशकों की रुचि तेजी से बढ़ रही है. राज्य को लगभग 2 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं और कई परियोजनाओं के लिए एमओयू भी किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि उद्योगों की स्थापना के लिए अगले कुछ महीनों में 20 हजार एकड़ जमीन उपलब्ध कराने की तैयारी चल रही है. सरकार का लक्ष्य निवेशकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर बड़े उद्योगों को बिहार की ओर आकर्षित करना है.

आधारभूत संरचना पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विकास हो रहा है. बिहटा में ड्राई पोर्ट शुरू हो चुका है. पटना, दरभंगा और गया से अधिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं. नदियों में गाद की समस्या के समाधान के लिए गाद नीति भी बनाई गई है. उन्होंने कहा कि सरकार टाउनशिप विकास, इको टूरिज्म और पीपीपी मॉडल की परियोजनाओं पर भी तेजी से काम कर रही है.

दुनिया भर के चैप्टरों ने सराहा बिहार का बदलाव

अमेरिका, जापान, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, रूस, थाईलैंड, घाना और युगांडा समेत कई देशों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से संवाद किया. सभी ने बिहार में हो रहे बदलावों की सराहना की और राज्य में निवेश तथा औद्योगिक विकास में सहयोग देने का भरोसा जताया. मुख्यमंत्री ने प्रवासी बिहारियों से बिहार बिजनेस कनेक्ट 2027 से जुड़ने और विदेशी निवेशकों को भी बिहार में निवेश के लिए प्रेरित करने की अपील की. उन्होंने कहा कि यह मंच राज्य में निवेश, रोजगार और उद्योग के नए अवसर पैदा करने में अहम भूमिका निभाएगा.

यह भी पढ़ें | शराबबंदी पर बिहार सरकार में टकराव! मंत्री मदन सहनी ने CM से की शिकायत, क्या सम्राट सरकार करेगी समीक्षा?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar Business Connect, Samrat Choudhary, Bihar Foundation
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com