विज्ञापन

Bihar: विकास की ये कैसी उड़ान, न सड़क, न शिक्षक, न बच्चे; खेत के बीच बना दिया स्कूल

बिहार के बेगूसराय में विकास की अजीब तस्वीर सामने आई है जहां खेत के बीच बना स्कूल पांच साल से बंद पड़ा है. न सड़क है न शिक्षक न बच्चे, करोड़ों नहीं तो लाखों का खर्च भी बेकार साबित हो रहा है.

Bihar: विकास की ये कैसी उड़ान, न सड़क, न शिक्षक, न बच्चे; खेत के बीच बना दिया स्कूल

Rajasthan News: बिहार में बेगूसराय जिले के तेघड़ा प्रखंड में विकास की एक हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई है. यहां खेत के बीच एक स्कूल की इमारत तो बना दी गई लेकिन वहां तक पहुंचने के लिए सड़क ही नहीं बनाई गई. नतीजा यह है कि न शिक्षक पहुंच पा रहे हैं और न ही बच्चे पढ़ने जा रहे हैं.

15 लाख खर्च फिर भी ताला बंद

करीब 15 लाख रुपये की लागत से पांच साल पहले इस स्कूल का निर्माण किया गया था. उद्घाटन भी हुआ लेकिन आज तक स्कूल का ताला नहीं खुला. यह इमारत अब खेत के बीच सिर्फ शोभा की वस्तु बनकर रह गई है.

जमीन दान में मिली थी

गांव के ही निवासी स्वर्गीय राम नारायण झा के पुत्र अनिल कुमार झा ने वर्ष 2018 में बच्चों की पढ़ाई के लिए 6 कट्ठा जमीन दान दी थी. स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से चारदीवारी और भवन तैयार कर दिया गया. लेकिन सड़क बनाने की ओर ध्यान नहीं दिया गया.

Latest and Breaking News on NDTV

बच्चों को 2 किलोमीटर दूर जाना मजबूरी

इस स्कूल के नहीं खुलने से गांव के बच्चों को करीब 2 किलोमीटर दूर दूसरे स्कूल जाना पड़ता है. कई बच्चे दूरी और सुविधाओं की कमी के कारण पढ़ाई से दूर हो रहे हैं.

पहले सामुदायिक भवन में चलती थी पढ़ाई

इससे पहले जयमंगल टोला के सामुदायिक भवन में आंगनवाड़ी केंद्र और प्राथमिक स्कूल संचालित होता था. वहां भी सीमित संसाधनों के बीच कक्षा 1 से 5 तक की पढ़ाई होती थी.

Latest and Breaking News on NDTV

शिक्षा विभाग की सफाई

जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि स्कूल भवन तैयार है लेकिन वहां पहुंचने के लिए रास्ता नहीं है. इसी कारण विद्यालय को अन्य जगह संचालित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि रिपोर्ट मिलने के बाद आगे निर्णय लिया जाएगा.

सिस्टम पर उठ रहे सवाल

यह पूरा मामला सरकारी योजनाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है. भवन बन गया लेकिन मूलभूत जरूरत सड़क नहीं बनी. अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द इस समस्या का समाधान होगा और बच्चों को उनका स्कूल मिल पाएगा.

यह भी पढ़ें- 500 साल पुराना शिला माता मंदिर... बंगाल से मानसिंह प्रथम लाए थे मूर्ति, नवरात्र पर लगी हजारों श्रद्धालुओं की भीड़

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Begusarai, Bihar News, School Dispute, Education System, Government Negligence
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com