Bihar News: बिहार के छपरा स्थित जय प्रकाश विश्वविद्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कुलपति प्रो. पी.के. बाजपेई पर हमला करने का प्रयास किया गया. एक नकाबपोश युवक ने पैर छूने के बहाने पास आकर उन पर मोबिल फेंक दिया. सुरक्षाकर्मियों ने हमलावर का 500 मीटर तक पीछा किया लेकिन वह भाग गया. घटना मंगलवार की है जब कुलपति प्रो. बाजपेई विश्वविद्यालय परिसर में स्थित जेपी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही कुलपति प्रतिमा के पास पहुंचे एक युवक उनके पैर छूने के बहाने करीब आ गया. कुलपति को युवक की मंशा पर संदेह हुआ और स्थिति को भांपते हुए उनके अंगरक्षक ने तुरंत इशारा कर दिया. इसी दौरान युवक ने अपनी जेब से मोबिल निकाला और कुलपति की ओर फेंक दिया. हालांकि कुलपति बाल-बाल बच गए और मोबिल उन्हें गंभीर रूप से नहीं लगा.
नारेबाजी और भागने की कोशिश
हमले के दौरान परिसर में मौजूद कुछ छात्रों ने नारेबाजी भी की. छात्र ‘भ्रष्टाचारी कुलपति मुर्दाबाद' और ‘अंकपत्र की हार्ड कॉपी दो' जैसे नारे लगा रहे थे. मोबाइल फेंकने के बाद आरोपी तुरंत वहां से फरार होने लगा. विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ने के लिए करीब 500 मीटर तक उसका पीछा किया लेकिन वह प्रशासनिक भवन के पीछे स्थित मलांव गांव की ओर अपनी बाइक पर बैठकर फरार हो गया.
पुलिस की कार्रवाई हुई शुरू
कुलपति प्रो. पी.के. बाजपेई ने घटना के बारे में बताया कि एक युवक पहले से ही बाइक लेकर वहां इंतजार कर रहा था. कुलपति ने दावा किया कि उन्होंने कुछ हमलावरों की पहचान कर ली है और इनमें छात्र नेताओं के साथ-साथ आरएसए (RSA) से जुड़े लोगों के शामिल होने की आशंका है.
इस घटना के बाद से विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है. मुफस्सिल थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. थानाध्यक्ष के अनुसार विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से अभी कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है लेकिन पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. वहीं अब इस मामले में FIR दर्ज हो गई है.
लंबे समय से चल रहा है विवाद
जय प्रकाश विश्वविद्यालय में अंकपत्र और परीक्षा परिणाम को लेकर छात्र संगठनों में लंबे समय से असंतोष व्याप्त है. छात्रों का आरोप है कि विद्यार्थियों को समय पर अंकपत्र की हार्ड कॉपी नहीं मिल पा रही है जिससे उनका भविष्य अधर में है. फिलहाल परिसर में स्थिति सामान्य बताई जा रही है.
यह भी पढ़ें- बिहार में 1 हफ्ते में जमीन के पेंडिंग मामले करने होंगे पूरे, सीओ और राजस्व अधिकारियों की तय की गई जिम्मेदारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं