- 25 साल तक पुलिस को चकमा देता रहा डकैती का आरोपी, साधु बनकर नेपाल में छिपा था
- नेपाल में बदल ली थी पहचान, गांव आते ही पकड़ में आया आरोपी
- गुप्त सूचना ने खुला फरारी का राज, पुलिस कर रही जांच
बिहार के बेतिया जिले की शिकारपुर पुलिस को लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को पकड़ने में बड़ी सफलता मिली है. डकैती के एक पुराने मामले में वांछित आरोपी पिछले 25 साल से पुलिस को चकमा दे रहा था और नेपाल में साधु का भेष बदलकर रह रहा था. पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग स्थानों पर रहता था और समय-समय पर गुप्त रूप से अपने गांव भी आता था. गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जाल बिछाया और उसे गिरफ्तार कर लिया.
चमुआ चौक से हुई गिरफ्तारी
NDTV से बात करते हुए शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिकारपुर थाना क्षेत्र के लंगड़ा-दिउलिया गांव निवासी सुरेंद्र ठाकुर के रूप में हुई है. वह स्वर्गीय हीरा ठाकुर का पुत्र है. पुलिस के अनुसार, सुरेंद्र ठाकुर के खिलाफ बलथर थाने में डकैती का मामला दर्ज था. अदालत की ओर से उसके खिलाफ स्थायी वारंट भी जारी किया गया था, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा था.

साधू की तरह वेश-भूषा धारण किए हुआ डकैती का आरोपी
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान सूचना मिली कि डकैती मामले का आरोपी साधु के वेश में चमुआ चौक के आसपास देखा गया है. जानकारी मिलते ही एसआई राजेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई. पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर निगरानी शुरू की और सटीक सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
नेपाल भागकर बदल ली थी पहचान
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि डकैती की घटना के बाद वह नेपाल भाग गया था. पुलिस से बचने के लिए उसने अपना हुलिया बदल लिया और साधु का वेश धारण कर विभिन्न स्थानों पर रहने लगा. इसी रणनीति के कारण वह वर्षों तक गिरफ्तारी से बचता रहा.
कई वारदातों में शामिल होने की बात
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी बताया कि वह वर्ष 2001 से डकैतों के संपर्क में था और कई गंभीर आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है. हालांकि पुलिस का कहना है कि इन दावों की स्वतंत्र रूप से जांच की जा रही है और उसके आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है.
न्यायिक हिरासत में भेजा गया
लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फरारी के दौरान वह किन-किन स्थानों पर रहा और क्या उसका संबंध अन्य आपराधिक मामलों से भी रहा है.
यह भी पढ़ें : जमुई छेड़छाड़ केस : नाबालिग पीड़िता की पहचान वायरल करने वालों पर FIR, 120 सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कार्रवाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं