विज्ञापन

सरेंडर करो नहीं तो कार्रवाई होगी तेज! वैशाली में हत्याकांड के फरार आरोपियों के घर पर चला बुलडोजर

कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के घरों की कुर्की-जब्ती की गई और अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर उन्हें सरेंडर करने की चेतावनी दी गई.

सरेंडर करो नहीं तो कार्रवाई होगी तेज! वैशाली में हत्याकांड के फरार आरोपियों के घर पर चला बुलडोजर
बिहार में हत्या के आरोपियों के घर बुलडोजर एक्शन हुआ है.

वैशाली जिले के सदर थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव में पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. जमीन विवाद में हुई हत्या के मामले में नामजद चार आरोपियों के घर पुलिस बुलडोजर और भारी सुरक्षा बल के साथ पहुंची. इस दौरान कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई और अवैध निर्माण को भी ध्वस्त किया गया.

पुलिस के मुताबिक 26 जून को जमीन विवाद को लेकर आमोद राम की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी. इस हमले में उनकी चाची भी घायल हो गई थीं. घटना के बाद मृतक के बेटे विकास कुमार के बयान पर पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी.

जांच के दौरान एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है और वह जेल में है. वहीं चार आरोपी अब भी फरार चल रहे हैं. पुलिस लगातार उनकी तलाश में छापेमारी कर रही थी लेकिन आरोपी गिरफ्तारी से बचते रहे.

मामले में न्यायालय ने 11 जुलाई को आरोपियों के खिलाफ वारंट जारी किया था. इसके बाद 29 जुलाई को इश्तिहार भी जारी हुआ. इसके बावजूद आरोपियों ने न तो सरेंडर किया और न ही जांच में सहयोग किया. बाद में कोर्ट से कुर्की वारंट मिलने के बाद पुलिस ने उनके घरों पर कार्रवाई शुरू की.

एसडीपीओ गोपाल मंडल के नेतृत्व में पुलिस टीम मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में आरोपियों के घर पहुंची. कार्रवाई के दौरान घर में मौजूद सामान की कुर्की-जब्ती की गई. साथ ही ड्रिल मशीन और हथौड़े की मदद से खिड़कियां और दरवाजों के हिस्से हटाए गए. पुलिस ने अवैध निर्माण पर बुलडोजर भी चलाया.

मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा ताकि कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से पूरी की जा सके. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि फरार आरोपियों को जल्द से जल्द सरेंडर करना होगा. यदि वे सामने नहीं आते हैं तो गिरफ्तारी तक कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी. इस कार्रवाई के बाद इलाके में पुलिस की सख्ती चर्चा का विषय बनी हुई है.

यह भी पढ़ें- 

गोलीबारी से दहला बिहार का वैशाली, 5 घंटे में 2 घटनाएं, ढाबे पर 35 बदमाशों ने एक साथ की फायरिंग

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Vaishali Bihar, Bihar Bulldozer Action, Bihar Police Action
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com