Bihar News: बिहार के बगहा में गुरुवार सुबह एक प्राइवेट स्कूल की लापरवाही ने मासूमों की जान जोखिम में डाल दी. रामनगर थाना क्षेत्र के दिउलिया गांव के पास AK पब्लिक स्कूल की एक वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 5 फीट गहरे गड्ढे में पलट गई. इस दर्दनाक हादसे में 10 बच्चे और एक शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
15 से 20 बच्चे थे सवार
चश्मदीदों के मुताबिक, वैन में करीब 15 से 20 बच्चे सवार थे और वाहन की रफ्तार काफी तेज थी. बहुअरी मोड़ के पास ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और वैन सीधे गड्ढे में जा गिरी. हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई. संवेदनहीनता की हद तब पार हो गई जब घायल बच्चों को तड़पता देख ड्राइवर उनकी मदद करने के बजाय मौके से फरार हो गया.
नाजुक हालत में बेतिया रेफर
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों को बाहर निकाला और रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि शिक्षिका और कई बच्चों की हालत बेहद नाजुक है, जिसे देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए GMCH बेतिया रेफर कर दिया गया है.
मैनेजमेंट ने वीडियो बनाने से रोका
हादसे के बाद स्कूल प्रबंधन की घोर लापरवाही भी सामने आई. आरोप है कि मौके पर पहुंचे स्कूल के लोग मामले पर पर्दा डालने की कोशिश करने लगे. वहां मौजूद लोगों और मीडिया कर्मियों को वीडियो बनाने से रोका गया. प्रबंधन ने अब तक इस हादसे पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, जो उनकी जवाबदेही पर बड़े सवाल खड़े करता है.
पुलिस ने शुरू की जांच
रामनगर थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है. पुलिस का कहना है कि फरार ड्राइवर की तलाश की जा रही है और स्कूल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच होगी. फिलहाल पुलिस घायलों के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.
ये भी पढ़ें:- एमपी के देवास में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, दो लोगों की मौत, 15 घायल; धमाके से दहल गया पूरा इलाका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं