बेटों की पढ़ाई के लिए पिता ने अपना सब कुछ दांव पर लगा दिया, जिसके बाद अब बेटे पिता का सिर गर्व से ऊंचा कर रहे हैं. आर्थिक तंगी से जूझते हुए दो भाइयों ने अपने सपने पूरे करने की तरफ कदम बढ़ा दिया है और जल्द ही एक इंजीनियर और दूसरा डॉक्टर कहलाएगा. ये कामयाबी उनकी सालों की मेहनत और लगन का नतीजा है. पिता ने जो त्याग और तपस्या की, उसका फल अब बेटों ने दिया है. बिहार के गया के रहने वाले सोनू और मोनू ने ये कमाल किया है.
नीट-जेईई में दोनों भाइयों की अच्छी रैंक
राजस्थान में कोचिंग करने के बाद दोनों ही भाइयों का सपना पूरा हुआ और इस कोचिंग के लिए गया की अनाज मंडी में पल्लेदारी करने वाले पिता मनोज कुमार ने अपनी जमीन तक बेच दी थी. अब सोनू राज डॉक्टर बनने जा रहा है, वहीं मोनू राज इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के लिए तैयार है. सोनू ने नीट 2026 में 636 अंक हासिल किए, जिसके बाद उनका दाखिला दिल्ली के सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेस इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (CAPFIMS) में हो गया है.
पिता से कहा- अब हमारी बारी
खुद को दिनभर खपाने के बाद बच्चों के सपने पूरे करने वाले पिता से अब बेटों ने कहा है कि आपने काफी कुछ कर लिया, अब हमारी बारी है. उन्होंने कहा कि हम अपने परिवार और समाज के लिए कुछ करना चाहते हैं. इस सपने को पूरा करने में कोटा के कोचिंग सेंटर एलन ने उनकी मदद की.
दूसरे छात्रों को देखकर की तैयारी
मोनू राज ने बताया कि उनके पिता धान मंडी में पल्लेदारी करते हैं और कमीशन पर किसानों की उपज बिकवाने का काम भी करते हैं. परिवार की आर्थिक हालत मजबूत नहीं थी और घर चलाने के लिए उनके पिता ने मनरेगा के तहत दिहाड़ी मजदूरी भी की. उनकी मां रेशमी देवी घर संभालती हैं और परिवार की सबसे बड़ी ताकत रही हैं. उन्होंने बताया कि गया से कई छात्र जेईई और नीट की तैयारी के लिए कोटा जाते थे, इन्हें देखकर प्रेरणा मिली और कोचिंग के बारे में पता लगाया.
कोचिंग के लिए बेचनी पड़ी जमीन
जब मोनू ने आगे की पढ़ाई के लिए कोटा जाने की इच्छा जताई, तो पढ़ाई और कोचिंग के पैसे जुटाना परिवार के लिए सबसे बड़ी चुनौती थी. परिवार के पास सेविंग्स के नाम पर कुछ नहीं था, सिर्फ खेती की दो छोटे टुकड़ों वाली जमीन ही बची थी. इससे भी परिवार का पेट पालने का काम होता था. हालांकि मनोज ने बेटों का सपना पूरा करने के लिए दो में से एक जमीन बेच दी और उन्हें कोटा भेज दिया. अब दोनों बेटों ने दिन-रात मेहनत करने वाले पिता के झुके कंधों को एक बार फिर गर्व से ऊंचा कर दिया है.
यह भी पढ़ें | पायलट पिता को देख बेटी ने भी लगाए पंख, NDA में 11वीं रैंक हासिल कर एयरफोर्स ज्वाइन करेगी लखनऊ की सुमीरा
यह भी पढ़ें | डॉक्टर बनने का सपना नहीं रहेगा अधूरा, 75000 नई मेडिकल सीटों का हुआ ऐलान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं