विज्ञापन

बेटी की शादी से पहले नदावां पहुंचे अनंत सिंह, तैयारियों का खुद लिया जायजा; विधानसभा नोटिस पर मांगी मोहलत

पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में बिहार विधानसभा द्वारा जारी किए गए कारण बताओ नोटिस पर अनंत सिंह ने जवाब दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय की मांग की है.

बेटी की शादी से पहले नदावां पहुंचे अनंत सिंह, तैयारियों का खुद लिया जायजा; विधानसभा नोटिस पर मांगी मोहलत
नदावां पहुंचे अनंत सिंह
NDTV

बिहार के मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह बुधवार शाम नदावां गांव स्थित अपने पैतृक घर पहुंचे. यहां पहुंचते ही सबसे पहले उन्होंने 25 नवंबर को होने वाली अपनी बेटी शिवांगी सिंह की शादी की तैयारियों का जायजा लिया. अनंत सिंह ने सुबह अपने समर्थकों के साथ जयमाला स्टेज और ग्राउंड का निरीक्षण किया. वहीं, वह सुबह से ही घुड़दौड़ का अभ्यास कर रहे अपने घोड़ों की तैयारियों को भी परखते नजर आए. वह शादी के दिन आयोजित होने वाली घुड़दौड़ के ग्राउंड पर भी गए और खुद लैंड क्रूजर गाड़ी में बैठकर घोड़ों को कई राउंड दौड़ाया. इसके बाद ग्राउंड का बारीकी से निरीक्षण कर वह अपने आवास के लिए रवाना हो गए. इस दौरान उनके साथ सैकड़ों की संख्या में समर्थक मौजूद रहे.

उनके घर के रंग-रोगन का काम पूरा हो गया है और अब घर के समीप बन रहे टेंट के डेकोरेशन को अंतिम रूप दिया जा रहा है. आवास के पास मेहमानों और मिलने-जुलने वालों के लिए कुर्सियां और सोफे लगाए गए हैं. वहीं, मोकामा और बाढ़ से उनके परिचित उनसे मुलाकात करने नदावां पहुंच रहे हैं.
 हेलीपैड बनाने की तैयारी

घुड़दौड़ के लिए राजस्थान से 15 बेहतरीन घोड़े नदावां पहुंच चुके हैं. सभी घुड़सवारों के रहने और खाने-पीने का पुख्ता प्रबंध किया गया है. इसके अलावा, सभी घोड़ों के लिए चारे का भी पर्याप्त इंतजाम है. घुड़दौड़ के आयोजनकर्ता ने बताया कि ग्राउंड के ठीक बीचों-बीच पुरस्कार में दी जाने वाली थार कार, बाइक और स्कूटी खड़ी की जाएगी. वहीं, एक ओर मुख्य मंच तैयार किया जा रहा है, जहां से विजेताओं को पुरस्कार दिया जाएगा. इसके साथ ही, जानकारी के अनुसार घुड़दौड़ वाले ग्राउंड से कुछ ही दूरी पर वीआईपी मेहमानों के लिए हेलीपैड बनाने की तैयारी भी चल रही है.

10 बीघा में बारातियों के भोजन के लिए विशाल ग्राउंड तैयार

शादी के इस भव्य कार्यक्रम की तैयारी लगभग 50 बीघा क्षेत्र में की जा रही है. उनके आवास के ठीक सामने लगभग 10 बीघा में बारातियों के भोजन के लिए विशाल ग्राउंड तैयार किया जा रहा है. वहीं, जयमाला के लिए एक भव्य स्टेज भी बनाया जा रहा है, जिसकी लंबाई 30 फीट और चौड़ाई 100 फीट है. स्टेज को 5 फीट ऊंचा रखा जा रहा है ताकि दूर खड़े लोग भी आसानी से जयमाला की रस्म को देख सकें. पैतृक घर के पास स्थित तालाब की साफ-सफाई कराई जा रही है और इसके अलावा, नदावां गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली सड़क की मरम्मत का कार्य भी तेजी से चल रहा है.

Latest and Breaking News on NDTV

विधानसभा के नोटिस पर क्या बोले अनंत सिंह?

वहीं दूसरी ओर, पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में बिहार विधानसभा द्वारा जारी किए गए कारण बताओ नोटिस पर उन्होंने जवाब दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय की मांग की है. विधानसभा ने उन्हें सात दिनों के भीतर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया था, जिस पर अनंत सिंह ने अपनी बेटी की शादी की व्यस्तताओं का हवाला देते हुए मोहलत मांगी है. दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में 4 दिसंबर को सरेंडर करने जा रहे अनंत सिंह ने अपनी भविष्य की रणनीति साझा करते हुए कहा कि वह कानूनी प्रक्रिया के तहत न्यायालय में आत्मसमर्पण कर जेल जाएंगे. उन्होंने आगे कहा कि जेल से रिहा होने के बाद वह पूरे बिहार का भ्रमण करेंगे और उसके बाद ही आगे की राजनीतिक दिशा तय करेंगे. उन्होंने यह भी साफ कर दिया है कि अब वह विधानसभा के बजाय आगामी लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे.

गोविंद कुमार की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें : डर फैलाने के लिए कही 1.27 करोड़ हिंदू वोट कटने की बात, सीएम योगी साजिश रच रहे: अखिलेश यादव

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Anant Singh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com