दुनिया भर के प्रोफेशनल्स और कंपनियों के लिए बेहद परेशानी भरा रहा, जब Microsoft की सर्विस अचानक ठप हो गईं. Microsoft 365 में आए इस बड़े आउटेज के कारण लाखों यूजर्स अपने Outlook इनबॉक्स को नहीं खोल पाए, ईमेल सेंड और रिसीव करने में काफी देरी हो रही है. इसके साथ ही Teams व Microsoft के AI असिस्टेंट Copilot के कई फीचर्स पूरी तरह से बंद हो गए हैं.
Downdetector पर Outlook से जुड़ी समस्याओं के करीब 1,38,000 मामले दर्ज किए गए. कुछ यूजर्स के लिए ये संकट पांच घंटे से भी अधिक समय तक बना रहा, और इस दौरान ChatGPT और Claude जैसे फॉपुलर AI टूल्स को भी Microsoft 365 से कनेक्ट होने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
क्या फिर से काम करने लगा है Outlook?
शुक्रवार सुबह तक Microsoft ने भारत में कुछ सर्वर कैपेसिटी को रीस्टोर कर दिया था, लेकिन सुबह 9:30 बजे (IST) की रिपोर्ट के अनुसार पूरी तरह से सर्विस ठीक नहीं हुई है. कंपनी ने बताया कि कुछ सर्वर रीस्टार्ट करने के बाद काम करने लगे थे, लेकिन जैसे ही उन पर यूजर्स के रिक्वेस्ट का लोड बढ़ा, वे फिर से क्रैश हो गए. Microsoft इस समय मशीनों के एक छोटे ग्रुप पर पैच का टेस्ट कर रही है और साथ ही नेटवर्क सेटिंग्स में हाल ही में किए गए बदलावों को वापस रोलबैक कर रही है. इस सुधार के बाद कुछ ग्राहक कनेक्ट होने में सफल रहे हैं, जबकि कई लोग अब भी अपनी ईमेल एक्सेस करने में दिक्कतों का सामना कर रहे हैं.
कितना बड़ा था ये आउटेज?
भारतीय समयानुसार रात 11:30 बजे Outlook की शिकायतों का ग्राफ 1,38,058 तक पहुंच गया था. शुरुआत में Microsoft ने केवल अमेरिका और लैटिन अमेरिकी देशों में इस समस्या की पहचान की थी, लेकिन बाद में कंपनी ने स्वीकार किया कि इसका असर दुनिया के किसी भी हिस्से के यूजर्स पर पड़ सकता है. इसका असर केवल ईमेल तक सीमित नहीं रहा.ऑस्ट्रेलिया में आम जनता और बिजनेसेज के जरूरी काम संभालने वाली सरकारी एजेंसी 'सर्विस एनएसडब्ल्यू' (Service NSW) को अपने ऑफिस में आने वाले लोगों से अपनी विजिट टालने की अपील करनी पड़ी, क्योंकि सर्वर डाउन होने के कारण वे कई तरह के ट्रांजैक्शन्स नहीं कर पा रहे थे.
यह भी पढ़ें | माइक्रोसॉफ्ट 8 घंटे से डाउन, ईमेल ओपन नहीं हो रहा, भारत समेत दुनियाभर के करोड़ों यूजर्स परेशान
Microsoft 365 इस हिस्से में आई खराबी
Microsoft 365 Microsoft की कई ऑफिस ऐप्स और ऑनलाइन सर्विसेज जैसे कि Outlook, Teams और SharePoint का एक प्रीमियम सब्सक्रिप्शन बंडल है. इस बार मुख्य समस्या Exchange Online में आई थी, जो कि कंपनी की वो क्लाउड सर्विस है जो ईमेल को स्टोर करने, भेजने और कैलेंडर को मैनेज करने का काम करती है. Outlook असल में इसी सर्विस तक पहुंचने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक जरिया है. जब बैकएंड की सर्विस ही काम करना बंद कर देती है, तो ऐप तो खुल जाती है लेकिन इनबॉक्स लोड नहीं होता या मैसेज भेजने में बहुत समय लगता है. Microsoft ने गुरुवार रात 9:47 बजे (IST) से मेलबॉक्स की समस्याओं को और रात 11:56 बजे (IST) से इस पूरे बड़े आउटेज को रिकॉर्ड करना शुरू किया था.
साइबर हमले का सबूत नहीं- कंपनी
Microsoft के मुताबिक, प्रभावित सर्वर्स पर सुरक्षित कनेक्शन स्थापित करने वाले सॉफ्टवेयर पर अचानक लोड बहुत ज्यादा बढ़ गया था. जैसे-जैसे कुछ सर्वर्स क्रैश होकर बंद होते गए, वैसे-वैसे बचे हुए सर्वर्स पर काम का दबाव और बढ़ गया. कंपनी इस बात की जांच कर रही है कि क्या आउटेज शुरू होने से ठीक पहले नेटवर्क सेटिंग्स में किया गया कोई बदलाव इस खराबी की मुख्य वजह था. इस बीच, Microsoft के एक प्रवक्ता ने द गार्जियन को दिए बयान में साफ किया है कि इस तकनीकी खराबी के पीछे किसी भी तरह के साइबर हमले के कोई सबूत नहीं मिले हैं.
Teams कॉल्स चालू थीं, पर मीटिंग शेड्यूलिंग हुई फेल
Microsoft ने बताया कि इस बड़े संकट के दौरान भी Teams के मुख्य चैट और ऑनलाइन मीटिंग फीचर्स काफी हद तक काम कर रहे थे. लेकिन जब यूजर्स नई मीटिंग शेड्यूल करने या कैलेंडर खोलने की कोशिश कर रहे थे, तो वे फेल हो रहे थे. इसका कारण ये है कि कैलेंडर और शेड्यूलिंग के फीचर्स पूरी तरह से Exchange Online पर निर्भर करते हैं, जो कि इस आउटेज का सेंटर था.
ChatGPT और Claude भी इसके शिकार
इन दोनों एआई टूल्स के Microsoft 365 कनेक्टर्स, जो यूजर्स की मंजूरी के बाद उनके ऑफिस डेटा को एक्सेस करते हैं, इस आउटेज के कारण पूरी तरह फेल हो गए. OpenAI ने बताया कि इसके चलते नए कनेक्शन बनाने और कुछ जरूरी काम करने में एरर आ रहा था. वहीं Anthropic ने पुष्टि की कि क्लाउड के जरिए मेल, कैलेंडर और सर्च से जुड़े उनके ज्यादातर रिक्वेस्ट काम नहीं कर रहे थे, और आउटलुक के अंदर Claude एआई को इस्तेमाल करने में भी दिक्कतें आ रही थीं. खुद Microsoft का अपना Copilot भी इस खराबी के कारण ऑफिस ईमेल, कैलेंडर या जरूरी फाइल्स को रीड नहीं कर पा रहा था.
यह भी पढ़ें | न स्क्रीनशॉट, न कॉपी, WhatsApp का एंड्रॉयड के लिए तगड़ा फीचर, एक बार मैसेज पढ़ते ही गायब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं