देश में ईवी कारों का क्रेज लगातार बढ़ रहा है. मिडिल ईस्ट के टेंशन ने तो इस सेगमेंट में डिमांड को कई गुना बढ़ा दिया. इसी क्रेज को देखते हुए टोयोटा भी ईवी की रेस में शामिल हो गई है. कंपनी ने अपनी मोस्ट अवेटेड इलेक्ट्रिक एसयूवी टोयोटा अर्बन क्रूजर इबेला की डिलीवरी देश में शुरू कर दी है. ऐसे में अगर आप एक दमदार ईवी एसयूवी खरीदना चाहते थे तो ये गाड़ी आपके लिए अच्छा ऑप्शन बन सकती है. इस खबर में आपको बताते हैं इस शानदार गाड़ी के फीचर्स, कीमत के बारे में.
अभी टॉप वेरिएंट की मिल रही डिलीवरी
टोयोटा ने इबेला को तीन वेरिएंट E1, E2 और E3 में लॉन्च किया था. लेकिन अभी फिलहाल इसके सबसे महंगे टॉप वेरिएंट E3 की डिलीवरी देश में शुरू की है. इसके एंट्री लेवल के वेरिएंट इसके बाद में सेल के लिए मौजूद होंगे. कीमत की बात करें तो इसके मोनो टोन वर्जन की शुरुआती एक्स शोरूम कीमत 23.60 लाख रुपये है. दूसरी तरफ इसके डुअल टोन वर्जन की एक्स शोरूम कीमत 23.80 लाख रुपये रखी गई है.
ग्राहकों के बीच में भा रहा डिजाइन
डिजाइन की बात करें तो इसका लुक स्पोर्टी है. टोयोटा के ग्लोबल डिजाइन जैसा इसका फ्रंट लुक है. इसका बोनट काफी उठा हुआ है, जिससे इस गाड़ी को प्रीमियम पहचान मिलती है. गाड़ी में 2700 एमएम का बड़ा व्हीलबेस है. इसकी मदद से कार के अंदर बैठने के लिए लेगरूम ज्यादा मिल जाता है. साथ ही कंपनी ने इसमें अलॉय व्हील्स एयरोडायनामिक डिजाइन वाले दिए हैं, जो लुक को अलग ही लेवल पर पहुंचा देते हैं.
रेंज की टेंशन ही खत्म
ईवी गाड़ी खरीदते समय सबसे बड़ा सवाल रेंज को लेकर ही होता है. टोयोटा ने इस गाड़ी के रुप में इस सवाल को काफी हद तक पीछे छोड़ा है. टॉप वेरिएंट में कंपनी 61 kWh की दमदार बैटरी दे रही है, जिससे कार सिंगल चार्ज में 543 किलोमीटर चल सकती है. ये अभी तक की सबसे बड़ी रेंज है जो किसी कंपनी ने क्लेम की है. पावर के लिए इसमें 171 बीएचपी की पावर और 193 एनएम का टार्क जनरेट करती है. मतलब शहर हो या हाइवे, दोनों ही जगह पिकअप में कोई समस्या नहीं आने वाली.
फीचर्स हैं शानदार
फीचर्स की बात करें तो इसमें भी कंपनी ने कोई कोताही नहीं बरती है. 10.1 इंच के टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, बड़े पैनोरमिक सनरूफ, वेटिलेटेड फ्रंट सीट्स,वायरलेस चार्जिंग पैड, रियल पैसेंजर्स के लिए रिक्लाइनिंग सीटें जैसे धाकड़ फीचर्स कंपनी अपने ग्राहकों को दे रही है.
सेफ्टी में भी किसी से पीछे नहीं
टोयोटा अपनी सेफ्टी के जानी जाती है. इसकी झलक इबेला गाड़ी में भी देखने को मिलती है. सेफ्टी के लिए 7 एयरबैग, डिस्क ब्रेक, 360 डिग्री कैमरा, लेवल 2 का ADAS सिस्टम इसमें मौजूद है. साथ ही ऑटोमैटिक ब्रेक और लेन असिस्ट भी इस गाड़ी में मिल जाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं