भारतीय ऑटोमोबाइल मार्केट में रीबैजिंग यानी एक ही गाड़ी को दो अलग-अलग ब्रांड के नाम से बेचना कोई नई बात नहीं है. लेकिन इस बार टोयोटा ने जो किया है उसने पूरे देश के कार प्रेमियों के बीच एक नई बहस छेड़ दी है. टोयोटा ने अपनी पहली मेनस्ट्रीम इलेक्ट्रिक एसयूवी 'Urban Cruiser Ebella' को भारत में लॉन्च कर दिया है. मजेदार बात यह है कि यह कार Maruti की आने वाली ई-विटारा (eVitara) पर ही बेस्ड है. लेकिन जब कीमत की बात आई, तो टोयोटा ने मारुति के मुकाबले इसकी कीमत करीब 3.5 लाख रुपये ज्यादा रखी है.

कीमत का बड़ा झटका
Toyota Kirloskar Motor ने भारत में अपनी पहली इलेक्ट्रिक SVU Urban Cruiser Ebella को सिर्फ एक सिंगल टॉप-स्पेक E3 वेरिएंट में पेश किया है. इसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹23.60 लाख रखी गई है. यह गाड़ी Maruti eVitara के टॉप वेरिएंट से करीब 3.5 लाख रुपये ज्यादा महंगी है.
इतनी ज्यादा कीमत होने के बावजूद Toyota का दावा है कि वे इस गाड़ी को मार्केट में एक प्रीमियम पोजिशनिंग, जबर्दस्त ब्रांड वैल्यू और कुछ ऐसे बेहतरीन फीचर्स के साथ बेच रहे हैं जो आपको Maruti की गाड़ी में नहीं मिलेंगे.
अर्बन टेक डिजाइन और लुक
Toyota Ebella को कंपनी ने अपनी नई 'अर्बन टेक' डिजाइन फिलॉसफी पर तैयार किया है. हालांकि इसका ढांचा और साइड प्रोफाइल मारुति ई-विटारा जैसा ही दिखता है, लेकिन Toyota ने इसके फ्रंट और बैक लुक में काफी बदलाव किए हैं.
इसके साथ ही कार में दिए गए 18-इंच के बड़े अलॉय व्हील्स और एयरोडायनामिक बॉडी लाइन्स इसे सड़क पर एक बेहद दमदार और फ्यूचरिस्टिक लुक देते हैं.
अंदर से लग्जरी और कंफर्टेबल
केबिन को ब्लैक और टैन के डुअल-टोन थीम से सजाया गया है जिसमें ग्लॉस-ब्लैक इंसर्ट्स देखने को मिलते हैं. आराम के लिए इसमें वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, 12 अलग-अलग रंगों वाली एम्बिएंट लाइटिंग, एक बड़ी पैनोरमिक सनरूफ और स्लाइडिंग व रिक्लाइनिंग रियर सीट्स दी गई हैं.
डैशबोर्ड पर 10.25-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 10.1-इंच का टचस्क्रीन दिया गया है जो वायरलेस एप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो के साथ आता है.

सेफ्टी और मॉडर्न फीचर्स का पूरा पैक
प्रीमियम फीचर्स के मामले में भी यह कार काफी आगे है. इसमें आपको गानों के लिए JBL का प्रीमियम साउंड सिस्टम, वायरलेस चार्जिंग और टोयोटा आई-कनेक्ट ऐप की सुविधा मिलती है जिसके जरिए आप फोन से ही रिमोट चार्जिंग और बैटरी की स्थिति देख सकते हैं.
सुरक्षा की बात करें तो इसमें लेवल-2 ADAS (एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम) दिया गया है. इसके अलावा गाड़ी में स्टैंडर्ड तौर पर 7 एयरबैग, 360-डिग्री कैमरा, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल और हाई-टेंसाइल स्टील से बनी बेहद मजबूत बॉडी दी गई है जो यात्रियों को हर हादसे से सुरक्षित रखेगी.
बैटरी, मोटर और लंबी रेंज की ताकत
Toyota Ebella में 61 kWh की क्षमता वाला एलएफपी (LFP) बैटरी पैक दिया गया है. इसमें लगा इलेक्ट्रिक मोटर 172 hp की अधिकतम पावर और 189 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है जो कार को बहुत तेज रफ्तार देता है.
एआरएआई (ARAI) के मुताबिक यह कार एक बार फुल चार्ज होने पर पूरे 543 किलोमीटर की दूरी तय कर सकती है. चार्जिंग की बात करें तो यह एसी और डीसी दोनों फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है जिससे यह गाड़ी महज 45 मिनट में 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज हो जाती है.
साथ ही कंपनी इस पर 8 साल की लंबी वारंटी भी दे रही है जो ग्राहकों की चिंता खत्म करती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं