भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज 76वां जन्मदिन है. इसको पूरे देश में बीजेपी काफी धूमधाम से मना रही है. साल 2014 में, नरेंद्र मोदी तब पूरी दुनिया की सुर्खियों में आ गए थे जब वे राष्ट्रपति भवन में अपने शपथ ग्रहण समारोह के लिए अपनी पसंदीदा आर्मर्ड Mahindra Scorpio से पहुंचे थे. हालांकि, बाद में वे आर्मर्ड BMW 7 Series से सफ करने लगे. BMW 7 Series आधिकारिक तौर पर साल 2002 में भारत के प्रधानमंत्री की सवारी बनी थी.
साल 2001 में संसद हमले के बाद SPG ने सुरक्षा कारणों से पुरानी हिंदुस्तान एंबेसडर (Ambassador) को हटाकर नई गाड़ी पर अपग्रेड किया था. अब प्रधानमंत्री मोदी आर्मर्ड गाड़ियों से लैस काफिले के साथ चलते हैं. इससे उनके आसपास की सुरक्षा अभेद्य किले की तरह बन जाती है.
BMW 760Li की हाई सिक्योरिटी एडिशन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली आधिकारिक सरकारी कार BMW 7 Series थी. इस कार का शेल इतना भारी और आर्मर्ड है कि यह AK-47 जैसे हाई-कैलिबर असॉल्ट राइफल के सीधे हमलों को आसानी से झेल सकता है. इसके निचले हिस्से में लगे विशेष कवच के कारण ये ग्रेनेड हमलों और ऊपर से होने वाले बम विस्फोटों से भी यात्रियों को पूरी तरह सुरक्षित रखती है.
बेजोड़ सुरक्षा के अलावा, ये गाड़ी शानदार कम्फर्ट और बेहतरीन ड्राइविंग डायनेमिक्स देती है. विशेष रूप से तैयार किए गए टायर्स के कारण, पंचर या पूरी तरह खराब होने के बाद भी इस कार को 80 किमी/घंटे की रफ्तार से लगातार चलाया जा सकता है. इसमें 760Li में 6-लीटर का दमदार V12 इंजन दिया गया है, जो करीब 544bhp की पावर और 750Nm का टॉर्क जनरेट करता है. ये कार मात्र 6.2 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है और इसकी टॉप स्पीड 210 किमी/घंटे है.
Range Rover की Sentinel
नरेंद्र मोदी को हमेशा से बड़ी SUVs पसंद रही हैं. उन्होंने सेडान कारों की पुरानी लीक को तोड़ते हुए अपनी आधिकारिक सवारी के रूप में Range Rover Sentinel को शामिल किया. पीएम के काफिले में शामिल इन दो खास कस्टमाइज्ड रेंज रोवर सेंटिनल को V8 बैलिस्टिक सुरक्षा मिली हुई है. इस SUV ने पहली बार भारत के 71वें स्वतंत्रता दिवस पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी.

Tata Motors के स्वामित्व वाले 'लैंड रोवर' ने ये SUV बनाई है. ये अपने यात्रियों को ग्रेनेड, लैंडमाइन्स और सड़क किनारे होने वाले खौफनाक IED धमाकों से सुरक्षित रखने में पूरी तरह सक्षम है. BMW की तरह, रेंज रोवर सेंटिनल भी टायर फटने के बाद भी 80 किमी/घंटे की रफ्तार से लगभग 50 किलोमीटर की दूरी आसानी से तय कर सकती है. इसमें 5-लीटर का सुपरचार्ज्ड V8 इंजन मिलता है. जो लगभग 375 bhp की पावर देता है. ये गाड़ी 10.4 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटे की रफ्तार पकड़ती है और इसकी टॉप स्पीड 193 किमी/घंटे है. इस खास SUV की अनुमानित कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये है.
Toyota Land Cruiser
एक आलीशान जर्मन सेडान और रेंज रोवर के अलावा, प्रधानमंत्री के काफिले में दुनिया की सबसे दमदार और सक्षम ऑफ-रोड एसयूवी Toyota Land Cruiser भी शामिल है. ये बड़ी आर्मर्ड ऑफ-रोडर पहली बार तब सुर्खियों में आई थी जब प्रधानमंत्री मोदी साल 2019 में स्वतंत्रता दिवस का भाषण देने के लिए लाल किले पहुंचे थे. इससे पहले मोदी को अहमदाबाद में अपनी निजी यात्राओं के दौरान लैंड क्रूजर में देखा गया था. ये गाड़ी टोयोटा की सबसे टॉप वेरिएंट है. इसमें 4.5-लीटर का दमदार V8 इंजन दिया गया है जो लगभग 260 bhp की पावर और 650 Nm का टॉर्क जनरेट करता है.
Mercedes Maybach S650 Guard
इस आलीशान आर्मर्ड कार Mercedes Maybach S650 Guard ने पीएम के काफिले में साल 2021 में एंट्री ली थी. प्रधानमंत्री मोदी तब नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की अगवानी करने पहुंचे थे. इस आर्मर्ड मेबैक S650 गार्ड को दुनिया का सबसे हाई सिक्योरिटी बैलेस्टिक स्टैंडर्ड VR10 मिला हुआ है.
अपने अभेद्य आर्मर शेल और खास मोटे कांच के कारण, ये सेडान गाड़ी लोहे को चीर देने वाली बुलेटप्रूफ गोलियों, 15 किलोग्राम तक के TNT बम धमाकों के असर को आसानी से झेल सकती है. इसमें एक खासतौर से सील होने वाला फ्यूल टैंक दिया गया है ताकि आग लगने की कोई गुंजाइश न रहे. गाड़ी के भीतर सैटेलाइट फोन, जैमर्स और आपातकालीन ऑक्सीजन सिलेंडर जैसे अति-आधुनिक हार्डवेयर दिए गए हैं. यह आर्मड कार 6-लीटर के ट्विन-टर्बो V12 इंजन पर चलती है जो लगभग 630 bhp की बेजोड़ पावर देता है. इस लग्जरी मेबैक S650 गार्ड की अनुमानित कीमत लगभग 12.5 करोड़ रुपये है.
ये भी पढ़ें- कार मालिकों की लाइफटाइम मौज! इस EV पर अनलिमिटेड किमी बैटरी वारंटी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं