Kia India ग्राहकों के लिए खुशखबरी लेकर आया है. कंपनी की पॉपुलर इलेक्ट्रिक कार Kia Carens Clavis EV के लिए बैटरी वारंटी पेश की गई है. इससे ग्राहकों को गाड़ी की हाई-वोल्टेज बैटरी पर लाइफटाइम यानी पूरे 15 साल के लिए अनलिमिटेड किलोमीटर का कवरेज दिया जाएगा. Kia ने इसे लाइफटाइम हाई वोल्टेज बैटरी वारंटी नाम दिया है. ये नया वारंटी कवरेज 1 अगस्त 2026 या उसके बाद बेचे गए सभी वाहनों पर पूरी तरह लागू होगा.
15 साल तक अनलिमिटेड किलोमीटर
एक इलेक्ट्रिक गाड़ी (EV) में उसकी हाई-वोल्टेज बैटरी सबसे महंगे हार्डवेयर में से एक होती है. ऐसे में कई सालों के इस्तेमाल के बाद उसकी कंडीशन कैसी रहेगी, ये EV खरीदारों के लिए सबसे बड़ी चिंताओं में से एक होता है. Kia की ये नई वारंटी पॉलिसी पहले 15 सालों के सफर के दौरान बैटरी पर से किलोमीटर की हर तरह की पाबंदी को पूरी तरह से हटा देती है. हालांकि, इस स्पेशल स्कीम के साथ कुछ बेहद जरूरी शर्तें भी जुड़ी हुई हैं.
ये 15 साल/अनलिमिटेड किलोमीटर की वारंटी का फायदा केवल गाड़ी के पहले प्राइवेट मालिक को ही मिलेगा. गाड़ी के मालिकाना हक में बदलाव होने (यानी कार रीसेल करने) पर ये लाइफटाइम वारंटी ट्रांसफर नहीं होगी. यदि गाड़ी दूसरे मालिक (Second owner) को बेची जाती है, तो बैटरी वारंटी घटकर केवल 8 साल या 1.60 लाख किलोमीटर (जो भी पहले आए) तक ही सीमित हो जाएगी.
टैक्सी, फ्लीट और अन्य कमर्शियल उपयोग में आने वाले वाहनों को इस 15-साल/अनलिमिटेड किलोमीटर प्रोग्राम से पूरी तरह बाहर रखा गया है. उन्हें केवल स्टैंडर्ड 8-साल/1.60 लाख किमी की बैटरी वारंटी ही मिलेगी.
पुराने कार ऑनर 3400 रुपये देकर ले सकते हैं फायदा
Kia ने इस शानदार प्रोग्राम का फायदा उन एलिबिजल ग्राहकों को भी दिया है जिन्होंने अपनी Carens Clavis EV को 1 अगस्त 2026 से पहले खरीदा था. अपनी पुरानी 8-साल/1.60 लाख किमी वाली वारंटी पर बने रहने के बजाय, ये ग्राहक टैक्स सहित केवल 3,400 रुपये की मामूली एडमिनस्ट्रेटिव फी चुकाकर अपनी हाई-वोल्टेज बैटरी वारंटी को 15 साल/अनलिमिटेड किलोमीटर में अपग्रेड करा सकते हैं. ये अपग्रेड पूरी तरह से ऑप्शनल है. इसके लिए Kia की नियम-शर्तों के साथ डीलरशिप पर गाड़ी की इवैल्यूएशन कराना जरूरी होगा.
Carens Clavis EV की कीमत 18.04 लाख से शुरू
Carens Clavis EV बाजार में 42 kWh और 51.4 kWh के दो दमदार बैटरी ऑप्शन के साथ आती है. इसकी एक्स-शोरूम कीमतें 18.04 लाख रुपये से शुरू होती हैं. जबकि HTX ER वेरिेएंट के लिए कीमत 22.54 लाख रुपये तक जाती है.
ये नई वारंटी Kia की अन्य ग्राहक-फ्रेंडली पहलों जैसे 'बैटरी-एज-ए-सर्विस' (BaaS) के अतिरिक्त दी जा रही है. इसके साथ ही, Kia अपने ग्राहकों को 'K-Charge' इकोसिस्टम भी देती है. ये 23 चार्ज-पॉइंट ऑपरेटर्स के सहयोग से देश भर में 20,300 से अधिक चार्जिंग पॉइंट्स तक पहुंच देता है. Kia की 129 से अधिक डीलरशिप्स पर हाई-कैपेसिटी वाले डीसी (DC) फास्ट चार्जर्स लगाए गए हैं, जबकि उनके 275 से अधिक वर्कशॉप्स पूरी तरह से इलेक्ट्रिक वाहनों की मरम्मत के लिए तैयार हैं.
ये भी पढ़ें- कभी सोचा है सड़कों पर पेट्रोल-CNG कारें तो दिखती हैं, पर डीजल-CNG क्यों नहीं? जानें असली कारण
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं