विज्ञापन

310 किमी का रेंज और बहुत कुछ, Suzuki की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार, जानें कीमत और फीचर्स

Suzuki ने जापान में अपनी पहली इलेक्ट्रिक केई कार 'e SKY' को लगभग 13 लाख की शुरुआती कीमत में लॉन्च की है. आइए आपको इसके फीचर्स और भारतीय लॉन्च के बारे में बताते हैं.

310 किमी का रेंज और बहुत कुछ, Suzuki की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार, जानें कीमत और फीचर्स
Suzuki e SKY 

Suzuki ने आखिरकार अपने घरेलू बाजार जापान में अपनी सबसे पहली पैसेंजर 'केई' इलेक्ट्रिक कार (Kei EV) Suzuki e SKY को लॉन्च कर दिया है. इसके साथ कंपनी ने इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में एंट्री कर ली है. Suzuki की इस नई कार की कीमत को चीनी ऑटोमेकर BYD की Racco से भी कम रखी गई है. आपको बता दें कि Racco को BYD ने इस साल की शुरुआत में जापान के लिए अपनी पहली केई कार के रूप में उतारा था.

इसको कंपनी ने जापानी मार्केट में उतारा है. Suzuki e SKY की शुरुआती कीमत 2.12 मिलियन जापानी येन (लगभग 13 लाख रुपये) रखी गई है. ये BYD Racco की तुलना में लगभग 25 हजार जापानी येन (करीब 15 हजार रुपये) सस्ती है. इसके साथ ही यह Suzuki की अब तक की सबसे बजट-फ्रेंडली इलेक्ट्रिक कार बन गई है. आइए, आपको इसकी कीमत और बाकी के डिटेल्स बताते हैं. 

जापान की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार

कंपनी ने बताया कि Suzuki की ये नई कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक कार 16 नवंबर 2026 से जापान में आधिकारिक तौर पर बिक्री के लिए उपलब्ध होगी. कंपनी ने इसे तीन बेहतरीन वेरिएंट्स में पेश किया है.

e SKY 'A' (बेस वेरिएंट): इसकी कीमत 2.12 मिलियन जापानी येन (लगभग 13 लाख रुपये) है. ये एक बिल्ट-टू-ऑर्डर (ऑर्डर पर बनने वाला) मॉडल है, जिसे कीमत को कम से कम रखने के मकसद से बेहद सरल तरीके से डिजाइन किया गया है.

e SKY 'G' (मिड वेरिएंट): इसकी कीमत 2.39 मिलियन जापानी येन (लगभग 14.6 लाख रुपये) तय की गई है.

e SKY 'X' (टॉप वेरिएंट): ये सबसे प्रीमियम मॉडल 2.79 मिलियन जापानी येन (लगभग 17 लाख रुपये) की कीमत पर उपलब्ध होगा. कंपनी ने इस पूरी रेंज के लिए हर महीने लगभग 1,000 यूनिट्स बेचने का शुरुआती लक्ष्य रखा है.

BYD की ही बैटरी का उपयोग

बैटरी के लिए BYD और मारुति ने आपस में शेयरिंग भी की है. जहां एक तरफ जापान के केई-EV बाजार में सुजुकी और BYD एक-दूसरे के धुर विरोधी हैं, वहीं दूसरी तरफ ये दोनों मिलकर काम भी कर रहे हैं. सुजुकी e SKY के भीतर जिस लिथियम आयरन फॉस्फेट (LFP) बैटरी सेल का यूज किया गया है, उसकी सप्लाई खुद BYD की बैटरी विनिर्माण इकाई की ओर से की जाती है. .

मात्र 26 kWh की छोटी बैटरी से मिलेगी 310 किमी की रिकॉर्ड रेंज

Suzuki ने इस कार को अपने बिल्कुल नए डेडिकेटेड ईवी प्लेटफॉर्म HEARTECT-e पर तैयार किया है. इसमें सुजुकी के ही पेटेंट 'e-Axle' ड्राइव सिस्टम का उपयोग किया गया है. कंपनी ने कार के वजन को कम करने और एफिशियंसी को बढ़ाने पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया है. कंपनी ने कहा है कि इस कार में लगी 26 kWh की छोटी LFP बैटरी WLTC टेस्ट साइकिल के तहत पूरे 310 किलोमीटर की प्रमाणित रेंज देती है. सुजुकी के अनुसार, इसका एनर्जी कंजम्पशन केवल 97 Wh/km है, जो जापान के केई-ईवी सेगमेंट में अब तक का सबसे बेहतरीन आंकड़ा है. फ्रंट-व्हील-ड्राइव लेआउट पर बनी इस कार का कुल वजन मात्र 1,030 किलोग्राम है, जिससे यह छोटी बैटरी के बावजूद लंबी दूरी तय करने में पूरी तरह सक्षम है.

आपको बता दें कि BYD Racco के शुरुआती मॉडल में 22.4 kWh की बैटरी मिलती है जो केवल 210 किमी की रेंज देती है. हालांकि इसके महंगे वेरिएंट्स (Racco 300 Plus और Premium) में बड़ी 35.84 kWh की बैटरी दी गई है जो 320 किमी तक की रेंज देती है. लेकिन सुजुकी ने अपने हल्के वजन और डिजाइन के दम पर बेहद छोटी बैटरी से ही Racco के बड़े बैटरी वेरिएंट के बराबर रेंज हासिल कर ली है.

साइज और वजन में भी है बड़ा अंतर

Suzuki e SKY की कुल लंबाई 3,395 मिमी, चौड़ाई 1,475 मिमी, ऊंचाई 1,625 मिमी और व्हीलबेस 2,460 मिमी है. BYD Racco की लंबाई और चौड़ाई बिल्कुल इसके समान है, लेकिन वह ऊंचाई (1,800 मिमी) और व्हीलबेस (2,520 मिमी) के मामले में थोड़ी बड़ी है. सुजुकी का कुल वजन मात्र 1,030 किलोग्राम है, जबकि BYD Racco का वजन इसकी छोटी बैटरी के साथ भी 1,160 किलोग्राम और बड़ी बैटरी के साथ 1,220 किलोग्राम से अधिक हो जाता है. सुजुकी का हल्का होना ही उसे कम बिजली खर्च कर ज्यादा किलोमीटर चलने का पावर देता है.

Suzuki e SKY की एंट्री भारतीय बाजार में होगी या नहीं, ये अभी साफ नहीं है. हालांकि, कई एक्सपर्ट्स का मानना है कंपनी भारतीय में बढ़ती इलेक्ट्रिक कार की डिमांड को देखते हुए इसको आने वाले सालों में भारतीय बाजार में पेश कर सकती है. 

यह भी पढ़ें | अगले हफ्ते Mahindra काटेगी गदर! CNG SUV होगी लॉन्च, जानें संभावित फीचर्स

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Suzuki, Maruti Suzuki, E-Sky, Car
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com