विज्ञापन

9वीं में अच्छे नंबर लाने का इनाम, पिता ने बेटे को गिफ्ट की 1.8 करोड़ की BMW, देखें वीडियो

BMW M4 Competition Father Gift Son Class 9: पश्चिम बंगाल में एक पिता ने परीक्षा में अच्छे नंबर लाने पर अपने 15 साल के बेटे को ₹1.5 करोड़ की स्पोर्ट्स कार BMW M4 Competition गिफ्ट की है.

9वीं में अच्छे नंबर लाने का इनाम, पिता ने बेटे को गिफ्ट की 1.8 करोड़ की BMW, देखें वीडियो
9वीं क्लास के बच्चे को गिफ्ट में मिली BMW कार
Instagram

पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले से एक बेहद हैरान करने वाला और अनोखा मामला सामने आया है. एक पिता ने अपने 15 साल के बेटे को परीक्षा में अच्छे नंबर लाने पर कोई छोटा-मोटा गिफ्ट नहीं, बल्कि सीधे करोड़ों रुपये की लग्जरी स्पोर्ट्स कार दे दी. रिपोर्ट के अनुसार, तोहफे में BMW M4 Competition दी गई. नौवीं क्लास में पढ़ने वाले इस छात्र को हाफ-इयरली एग्जाम में बेहतरीन परफॉर्मेंस का ये इनाम मिला है. मुंबई के शोरूम से खरीदी गई ये चमचमाती कार इस समय गल्सी इलाके के पाराज गांव में हर तरफ चर्चा का विषय बनी हुई है.

रिपोर्ट में बताया गया है कि इस छात्र का नाम मोहम्मद तल्हा है, जो काफी समय से अपने लिए एक BMW M4 Competition कार चाहता था. उसके पिता शमशुद्दीन मिद्या ने बेटे से वादा किया था कि अगर वो परीक्षा में अच्छे नंबरों से पास होगा, तो वो उसकी ये ख्वाहिश जरूर पूरी करेंगे. परीक्षा के रिजल्ट घोषित हुए और बेटे ने शानदार परफॉर्म किया, फिर पिता सीधे मुंबई पहुंचे और अंधेरी के एक शोरूम से इस चमचमाती कार को खरीद लिया.

कंटेनर के अंदर रख कर लाई गई कार

इस सुपरस्पोर्ट कार को मुंबई से पश्चिम बंगाल के पाराज गांव तक एक खास सुरक्षित बंद कंटेनर के अंदर रखकर लाया गया. जब 6 नवंबर को ये कार गांव पहुंची, तो इस बेहद खूबसूरत स्पोर्ट्स कार को देखने के लिए स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. सोशल मीडिया पर भी ये खबर तेजी से वायरल हो रही है, जहां कुछ लोग बेटे की मेहनत को इस तरह सराहने के लिए पिता की तारीफ कर रहे हैं, तो वहीं कुछ लोग इतनी कम उम्र में बच्चे को इतना महंगा गिफ्ट देने पर सवाल भी उठा रहे हैं.

देखें पोस्ट

आपको बता दें कि जर्मनी की लग्जरी कार निर्माता कंपनी की ये स्पोर्ट्स कूपे भारत में बिकने वाली सबसे तेज और पावरफुल कारों में से एक है. इसके हुड के नीचे एक बेहद शक्तिशाली 3.0-litre का ट्विन-टर्बोचार्ज्ड इनलाइन सिक्स-सिलेंडर पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 530 bhp की बेजोड़ पावर और 650 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है. इस दमदार इंजन को 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स और ऑल-व्हील-ड्राइव (AWD) सिस्टम के साथ जोड़ा गया है.

रफ्तार के मामले में ये कार एक रॉकेट की तरह है, जो महज 3.5 सेकंड में 0 से 100 kmph की रफ्तार पकड़ सकती है. इसकी टॉप स्पीड को सुरक्षा के लिहाज से इलेक्ट्रॉनिक रूप से 250 kmph पर सीमित किया गया है. दिखने में ये कार सड़क पर चलने वाली किसी आम गाड़ी से बिल्कुल अलग और बेहद आक्रामक लगती है. इसमें पीले रंग के आइकॉन वाली अनोखी हेडलाइट्स, बोनट पर कार्बन फाइबर का इस्तेमाल, फ्रंट स्प्लिटर, ओआरवीएम पर कार्बन कैप्स, बड़ा किडनी ग्रिल और स्पोर्टी रियर डिफ्यूजर दिया गया है. कार के केबिन को भी रेसिंग कार जैसा फील देने के लिए खास तौर पर M कार्बन बकेट सीट और शानदार स्पोर्टी डिजाइन एलिमेंट्स के साथ तैयार किया गया है.

मोहम्मद तल्हा के पिता शमशुद्दीन मिद्या को गाड़ियों का बेहद शौक है, और उनके गैरेज में पहले से ही कई बेहद कीमती और लग्जरी गाड़ियों का कलेक्शन मौजूद है. इस नई बीएमडब्ल्यू के आने के बाद अब उनके गैरेज में नई जेनरेशन की Range Rover Autobiography, Volvo XC90, Mercedes-Benz C-Class, Mahindra Thar Roxx और Hyundai Alcazar जैसी धाकड़ गाड़ियां शामिल हैं.

यह भी पढ़ें | सस्ती 3 सीटर कार, कीमत 3.25 लाख से शुरू, सोलर से भी होती है चार्ज, बाइक के खर्च में घूमें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Car, BMW, SUV, Supercar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com