- भारत में अब तक पांच परिसीमन आयोग बन चुके हैं, जिन्होंने विभिन्न जनगणनाओं के आधार पर सीटें निर्धारित कीं
- परिसीमन आयोग की रिपोर्ट को किसी भी अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकती, इसका निर्णय अंतिम होता है
- आयोग के अध्यक्ष SC के रिटायर्ड जज होंगे, साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त और संबंधित राज्य के आयुक्त शामिल होंगे
परिसीमन बिल को चल रही तमाम राजनीतिक सरगर्मियों के बीच कुछ मौलिक सवाल भी हैं. क्या दो साल के अंदर नया परिसीमन आयोग अपनी रिपोर्ट दे पाएगा या नहीं. या फिर सरकार ने पहले से ही सब कुछ तय कर रखा है, जैसा कि लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कह रहे हैं. इतिहास क्या कहता है और और परिसीमन आयोग कैसे काम करेगा. वैसे अभी तक पांच परिसीमन आयोग बन चुके हैं. 1952 में पहला परिसीमन आयोग बना था, जिसने 1951 की जनगणना को आधार बनाया और लोकसभा की 498 सीटें निर्धारित की थीं. विधानसभाओं की 3280 तय हुई थीं.
फिर दूसरा परिसीमन आयोग बना 1963 में, जिसने लोकसभा की सीटें 498 से बढ़ाकर 522 कर दीं. विधानसभाओं की 3771 सीटें तय हुई थीं. फिर तीसरे परिसीमन आयोग का गठन 1973 में किया गया, जिसने 1971 की जनगणना को आधार बनाया और लोकसभा की सीटों को 522 से बढ़ाकर 543 कर दिया और विधानसभाओं की सीट हो गई 3997 हुईं. चौथा परिसीमन आयोग जस्टिस कुलदीप सिंह की अध्यक्षता में 2002 में बना था, जिसने 2001 की जनगणना को आधार बनाया मगर लोकसभा की सीटों में कोई बढ़ोतरी नहीं की. लोकसभा की सीटों की संख्या 543 ही रही मगर विधानसभाओं की सीटें 3997 से बढ़कर 4123 हो गई.
कुलदीप सिंह आयोग ने 2007 के दिसंबर में अपनी रिपोर्ट दी यानि 5 साल बाद जिसे 2008 में राष्ट्रपति से मंजूरी मिली और उसे 2008 के कर्नाटक विधानसभा चुनाव में लागू किया गया था. फिर 2022 में जम्मू कश्मीर में परिसीमन किया गया और 2023 में असम में हालांकि विपक्ष इन दो राज्यों में हुए परिसीमन पर सवाल उठाता रहा है. सबसे बड़ी बात है कि परिसीमन आयोग की रिपोर्ट को किसी भी अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकती है. आयोग का निर्णय अंतिम होगा. विपक्ष खासकर कांग्रेस पार्टी इसी सवाल को बार-बार उठा रही है कि परिसीमन आयोग पर सरकार का पूरा नियंत्रण रहेगा और राहुल गांधी यहां तक कह रहे हैं कि सरकार पहले से ही परिसीमन करके लोकसभा क्षेत्रों की सीमा निर्धारित कर चुकी है, जिसे आयोग के जरिए लागू करवाया जाएगा.
परिसीमन आयोग का अध्यक्ष किसे बनाया जाएगा?
परिसीमन आयोग में कौन लोग होंगे, यह जानना जरूरी है. आयोग के अध्यक्ष सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज होंगे, फिर मुख्य चुनाव आयुक्त हो सकते हैं या उनके द्वारा नामित कोई चुनाव आयुक्त और जिस राज्य में परिसीमन होगा, वहां के चुनाव आयुक्त भी इसमें शामिल रहेंगे. इसका मतलब हुआ कि ये नाम राज्य दर राज्य बदलता रहेगा. इसके अलावा हर राज्य में 10 सहयोगी सदस्य भी होंगे, जिसमें 5 सांसदों की नियुक्ति लोकसभा अध्यक्ष करेंगे और 5 विधायकों की नियुक्ति उस राज्य के विधानसभा अध्यक्ष करेंगे.
कौन होंगे हर राज्य में 5 सांसद और 5 विधायक, कौन करेगा नाम तय
मतलब ये 10 सदस्य भी राज्य के अनुसार बदलते रहेंगे. हालांकि इन 10 सदस्यों को ना तो रिपोर्ट पर मतदान करने का अधिकार होगा और ना ही वो परिसीमन रिपोर्ट पर हस्ताक्षर कर पाएंगे. इनकी भूमिका सलाहकार की तरह होगी. इसलिए कांग्रेस ये आरोप लगा रही है कि परिसीमन आयोग पर सरकार का पूरा नियंत्रण रहेगा. अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि क्या नया परिसीमन आयोग इतनी जल्दी रिपोर्ट दे पाएगा कि उसे 2029 में लागू किया जा सके. सरकार की मंशा से लगता है कि उसने पूरी तैयारी कर रखी है और इसे 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू किया जाएगा. दूसरा सबसे बड़ा सवाल ये है कि क्या सरकार इसी विशेष सत्र में एक देश एक चुनाव पर बनाई गई संयुक्त संसदीय समिति की रिपोर्ट भी पेश करेगी और उसे भी 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू कर दिया जाएगा? सूत्रों की मानें तो परिसीमन बिल पास कराने के बाद एक देश एक चुनाव का मुद्दा ही सरकार के एजेंडा में सबसे ऊपर है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं